मां के साथ मिलकर प्रेमी ने प्रेमिका का गला दबाकर किया मर्डर, 1 साल पहले ही पति को छोड़ा था
आरोपी बेटे का नाम सनी जाटव है और उसकी मां का नाम कमलाबाई है। वहीं मृतका की पहचान मीनाबाई वाल्मीकि (35) के रूप में हुई है।

मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले में युवक ने अपनी मां के साथ मिलकर अपनी प्रेमिका की हत्या कर दी। आरोपियों ने पहले उसे डंडों से जमकर पीटा, इसके बाद गला दबा दिया। पुलिस ने आरोपी मां-बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी बेटे का नाम सनी जाटव है और उसकी मां का नाम कमलाबाई है। वहीं मृतका की पहचान मीनाबाई वाल्मीकि (35) के रूप में हुई है।
हत्या का ये मामला श्योपुर जिले के ढोढर थाना क्षेत्र का है। ढोढर थाना प्रभारी श्यामवीर सिंह तोमर ने बताया कि ढोढर निवासी रामदयाल जाटव ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।इसमें बताया कि सनी यादव मंडी वाला सहराना स्थित घर में प्रेमिका मीनाबाई और अपनी मां कमलाबाई के साथ रहता है। मां-बेटे आए दिन मीनाबाई से घरेलू काम को लेकर विवाद करते थे। उनके बीच झगड़ा हुआ। इसी के चलते मां बेटे ने मीनाबाई पर डंडे बरसाए और फिर उसका गला दबा दिया।
पुलिस ने बताया कि मीनाबाई मूल रूप से राजस्थान के भरतपुर की रहने वाली थीं। वह जयपुर में रहकर मजदूरी करती थीं। सनी भी वहीं मजदूरी करता था। इसी दौरान उनकी पहचान हुई थी। दोनों एक दूसरे से प्रेम करने लगे। करीब एक साल पहले मीनाबाई पति छोटेलाल को छोड़कर ढोढर आ गई, तभी से उनके साथ रहने लगी। पति को छोड़कर अपने प्रेमी के पास आई मीनाबाई की आखिर में प्रेमी और उसकी मां ने मिलकर कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आगे की जांच जारी है।
रिपोर्ट- अमित कुमार




साइन इन