राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा ने उतारे उम्मीदवार, मध्य प्रदेश में किसे मिला टिकट?
भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने अलग-अलग प्रदेशों में होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर दी है। इस लिस्ट में मध्य प्रदेश के उम्मीदवारों का नाम भी शामिल है। जानिए इस बार किसे मौका मिला है।

भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने अलग-अलग प्रदेशों में होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर दी है। इन प्रदेशों में अरुणाचल प्रदेश, गुजरात, मध्य प्रदेश और मणिपुर का नाम शामिल है। अब सबसे बड़ा सवाल, आपके राज्य मध्य प्रदेश में भाजपा ने किन उम्मीदवारों को चुनावी मैदान में उतारा है। आपको बता दें केंद्रीय मंत्री जॉर्ज कुरियन और सुमेर सिंह सोलंकी का जून में राज्यसभा कार्यकाल खत्म हो रहा है। इस बार भाजपा ने केंद्रीय मंत्री को दोबारा एमपी से रिपीट नहीं किया है। बल्कि तरुण चुग और रजनीश अग्रवाल को टिकट दिया है।
MBA करने वाले चुग का RSS से BJP तक का सफर
तरुण चुग भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव हैं। इन्हें पार्टी के प्रमुख संगठनात्मक नेताओं में गिना जाता है। इनका संबंध पंजाब के अमृतसर जिले से है। इन्होंने मानव संसाधन (HR) में MBA की पढ़ाई की है और लंबे समय से संगठनात्मक राजनीति में सक्रिय हैं। तरुण चुघ ने अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत RSS से की। संघ में रहते हुए उन्होंने राष्ट्रवाद, सामाजिक सेवा, अनुशासन और संगठन निर्माण के मूल्यों को अपनाया।
तरुण चुग का राजनीतिक सफर
वर्तमान में वे अंडमान-निकोबार के प्रभारी और दिल्ली भाजपा के सह-प्रभारी हैं। 1993 में वे अमृतसर जिले के भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के अध्यक्ष बने, जिसके बाद 1997 में पंजाब भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष बने। उन्होंने भाजपा पंजाब के महासचिव, मीडिया प्रभारी, प्रशिक्षण प्रकोष्ठ प्रभारी और युवा मोर्चा प्रभारी जैसी जिम्मेदारियां निभाईं। 2009 में उन्हें पंजाब युवा विकास बोर्ड का उपाध्यक्ष बनाया गया था। उनकी पहचान मजबूत संगठन क्षमता और नेतृत्व कौशल वाले नेता के रूप में है।
कौन हैं रजनीश अग्रवाल, जानिए हर जरूरी बात
रजनीश अग्रवाल मध्य प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ संगठनात्मक नेताओं में गिने जाते हैं और वर्तमान में पार्टी के प्रदेश सचिव के पद पर कार्यरत हैं। उन्हें भाजपा के भीतर बूथ प्रबंधन, संगठन विस्तार और चुनावी रणनीति के विशेषज्ञ के रूप में जाना जाता है। पार्टी के जमीनी ढांचे को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के नेटवर्क को सक्रिय रखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनके सोशल मीडिया प्रोफाइल में भी बूथ प्रबंधन प्रभारी की जिम्मेदारी का उल्लेख मिलता है, जो संगठनात्मक कार्यों में उनकी विशेषज्ञता को दर्शाता है।
लंबे समय से भाजपा से जुड़े अग्रवाल प्रदेश स्तर पर कई अहम दायित्व निभा चुके हैं और चुनावों के दौरान संगठनात्मक समन्वय में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। उनकी पहचान ऐसे नेता के रूप में है जो सार्वजनिक मंचों की बजाय पर्दे के पीछे रहकर संगठन को मजबूत करने पर अधिक ध्यान देते हैं। भाजपा के चुनावी तंत्र, बूथ स्तर की रणनीति और कार्यकर्ता प्रबंधन में उनकी पकड़ को पार्टी की महत्वपूर्ण ताकत माना जाता है।
18 जून को वोटिंग के बाद आ जाएंगे नतीजे
चुनाव आयोग (ECI) ने राज्यसभा की 27 सीटों के चुनावों का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। सोमवार को जारी किए गए कार्यक्रम के अनुसार, ये चुनाव 18 जून को होंगे। आयोग के अनुसार, सभी चुनावों के लिए मतदान 18 जून को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। वोटों की गिनती उसी दिन शाम 5 बजे से शुरू होगी। राज्यसभा की 24 सीटों के लिए 10 राज्यों में चुनाव होंगे।




साइन इन