mp news pragya singh thakur says she not speak to media remarks on ticket denial आज के बाद मैं मीडिया से नहीं करूंगी बात, पत्रकारों पर क्यों भड़कीं साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर?, Madhya-pradesh Hindi News - Hindustan
More

आज के बाद मैं मीडिया से नहीं करूंगी बात, पत्रकारों पर क्यों भड़कीं साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर?

सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर (Bhopal MP Sadhvi Pragya Singh Thakur) का कहना है कि वह अब मीडिया से कोई बात नहीं करेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि अपने 'खुद के मीडिया' का इस्तेमाल करेंगी।

Tue, 5 March 2024 12:03 AMKrishna Bihari Singh भाषा, भोपाल
share
आज के बाद मैं मीडिया से नहीं करूंगी बात, पत्रकारों पर क्यों भड़कीं साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर?

सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने सोमवार को आरोप लगाया कि साल 2024 के लोकसभा चुनाव में टिकट कटने के बाद की गई उनकी टिप्पणी को मीडिया ने तोड़ मरोड़कर पेश किया। उन्होंने इस मसले पर पत्रकारों के किसी भी सवाल का जवाब देने से इनकार कर दिया। सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने संवाददाताओं से कहा कि हम जो भी बोलते हैं, आप लोग उसे तोड़-मरोड़कर दिखाते हैं। 

साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने कहा कि मुझे ऐसी बातें पसंद नहीं हैं, न पहले और न आज। आज के बाद मैं मीडिया से बात नहीं करूंगी क्योंकि आप लोग अपना 'टेलीविजन रेटिंग प्वाइंट' (टीआरपी) बढ़ाने के लिए मुझे पिछले पांच वर्षों (सांसद बनने के बाद) से बदनाम कर रहे हैं।

हिंदुत्व की समर्थक कार्यकर्ता उन मीडियाकर्मियों से बात कर रही थीं जो मीडिया के एक वर्ग में आई उन खबरों पर प्रतिक्रिया लेने के लिए उनके आवास पर गए थे कि उन्हें भोपाल से भाजपा का टिकट नहीं दिया गया क्योंकि हो सकता है कि उनकी ओर से अतीत में की गई कुछ विवादास्पद टिप्पणियों की वजह से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नाराज हों।

साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने संवाददाताओं को स्पष्टीकरण देने से इनकार कर दिया और मीडिया से भाजपा द्वारा दो मार्च को मध्य प्रदेश की भोपाल सीट से दोबारा टिकट नहीं किए जाने के बाद फेसबुक पर पोस्ट किए गए उनके वीडियो का संदर्भ लेने को कहा। मैंने मूल वीडियो फेसबुक पर पोस्ट किया है। वह मूल वीडियो है। मुझे बदनाम करके आप कुछ हासिल नहीं कर पाएंगे।

साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने कहा कि वह अब पत्रकारों से बात नहीं करेंगी और जो कुछ भी बताना चाहती हैं, उसके लिए अपने 'खुद के मीडिया' का इस्तेमाल करेंगी। वीडियो में टिकट नहीं मिलने की बात पर साध्वी प्रज्ञा ठाकुर यह कहते हुए सुनाई दे रही हैं कि पार्टी सर्वोच्च है। 

पिछले लोकसभा चुनाव में प्रज्ञा ठाकुर ने अपने पहले संसदीय चुनाव में कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह को 3.64 लाख से अधिक वोटों के अंतर से हराया था। भाजपा ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए 195 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की है, जिसमें पार्टी ने शहर के पूर्व महापौर आलोक शर्मा को भोपाल सीट से टिकट दिया है।

लेटेस्ट Hindi News, Bhopal News, Indore News, Jabalpur News, Gwalior News, Ujjain News के साथ-साथ MP Board Result 2026 Live और MP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।