Smugglers arrested for fleeing after firing at police, 252 kg of drugs seized from car एमपी में पुलिस पर फायरिंग कर भाग रहे थे तस्कर, मुठभेड़ में गिरफ्तार, कार से 252 Kg मादक पदार्थ जब्त, Madhya-pradesh Hindi News - Hindustan
More

एमपी में पुलिस पर फायरिंग कर भाग रहे थे तस्कर, मुठभेड़ में गिरफ्तार, कार से 252 Kg मादक पदार्थ जब्त

वाहन चेकिंग के दौरान तस्करों ने पुलिस पर फायरिंग कर फरार होने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया गया। पुलिस ने आरोपियों की क्रेटा कार से 252 किलो अवैध डोडाचूरा, हथियार और अन्य संदिग्ध सामान बरामद किया है।

Wed, 27 May 2026 05:39 PMRatan Gupta लाइव हिन्दुस्तान, मंदसौर
share
एमपी में पुलिस पर फायरिंग कर भाग रहे थे तस्कर, मुठभेड़ में गिरफ्तार, कार से 252 Kg मादक पदार्थ जब्त

मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। वाहन चेकिंग के दौरान तस्करों ने पुलिस पर फायरिंग कर फरार होने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया गया। पुलिस ने आरोपियों की क्रेटा कार से 252 किलो अवैध डोडाचूरा, हथियार और अन्य संदिग्ध सामान बरामद किया है।

घटना मंदसौर जिले के नारायणगढ़ थाना की है। एसपी विनोद कुमार मीना के निर्देशन में पुलिस टीम द्वारा बरखेड़ा वीरपुरिया फंटा स्थित सगस बावजी मंदिर के पास नारायणगढ़-पिपलिया मंडी रोड पर वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान पिपलिया मंडी की ओर से आ रही एक लक्जरी हुण्डई क्रेटा कार को रोकने का प्रयास किया गया। चालक ने वाहन नहीं रोका और तेज गति व लापरवाही से कार चलाते हुए भागने का प्रयास किया।

इसी दौरान कार यात्री प्रतीक्षालय की दीवार से टकराकर असंतुलित हो गई और आगे जाकर एक पेड़ से भिड़ गई। दुर्घटना के बाद कार में सवार दोनों आरोपी वाहन छोड़कर भागने लगे। भागते समय एक आरोपी ने पुलिस बल पर जान से मारने की नीयत से चार राउंड फायर किए। हालांकि, पुलिस टीम ने सूझबूझ और सतर्कता दिखाते हुए दोनों आरोपियों का पीछा किया और घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजस्थान निवासी राजूराम पिता प्रभुराम विश्नोई (31) निवासी ग्राम बड़ा बाडवी, थाना बागोडा, जिला जालोर तथा सुरज पिता मंगलाराम विश्नोई (19) निवासी ग्राम सेवड़ा, थाना चितलवाना, जिला सांचौर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों की हुण्डई क्रेटा कार क्रमांक MP 04 KR 1543 की तलाशी ली, जिसमें 12 प्लास्टिक कट्टों में भरा कुल 252 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा बरामद किया गया। जब्त डोडाचूरा की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख 10 हजार रुपए बताई गई है। वहीं आरोपी सुरज के कब्जे से एक देशी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और एक खाली कारतूस भी बरामद किया गया।

थाना प्रभारी राजेन्द्र पवार ने बताया कि इस मामले में थाना नारायणगढ़ पर अपराध क्रमांक 149/26 के तहत धारा 8/15, 29 एनडीपीएस एक्ट, 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट तथा 281, 109 (1) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। आरोपियों से देशी पिस्टल, जिंदा कारतूस, मोबाइल और कई नंबर प्लेटें बरामद की गई है, पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लक्जरी हुण्डई क्रेटा कार में रखा 252 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया है, कार्रवाई के दौरान आरोपियों द्वारा पुलिस पर फायरिंग किए जाने की बात भी सामने आई है आरोपियों की रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि अवैध डोडाचूरा कहां से लाया गया था और इसे किसे सप्लाई किया जाना था। साथ ही पूरे नेटवर्क की जांच भी की जा रही है।

लेटेस्ट Hindi News, Bhopal News, Indore News, Jabalpur News, Gwalior News, Ujjain News के साथ-साथ MP Board Result 2026 Live और MP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।