MP के मंदसौर में पशुपतिनाथ लोक का लोकार्पण, 25 करोड़ की लागत से तैयार हुआ फर्स्ट फेज
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को मंदसौर में भगवान श्री पशुपतिनाथ लोक का लोकार्पण किया। लोक का विकास पहले चरण में लगभग 25 करोड़ रुपये की लागत से पूरा किया गया है।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को मंदसौर में भगवान श्री पशुपतिनाथ लोक का लोकार्पण किया। लोक का विकास पहले चरण में लगभग 25 करोड़ रुपये की लागत से पूरा किया गया है।
लोकार्पण के अवसर पर मुख्यमंत्री ने सबसे पहले पशुपतिनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की और मंदिर परिसर में पूर्व एवं वर्तमान स्थिति को दर्शाती चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने पालकी में विराजित रजत प्रतिमा के रूप में भगवान पशुपतिनाथ की विधिपूर्वक पूजा-अर्चना की और ई-कार्ट में बैठकर पूरे लोक का भ्रमण किया। इस दौरान 22 फीट ऊंचे त्रिनेत्र रुद्राकनी का अनावरण किया गया, जो भगवान शिव के त्रिनेत्र स्वरूप का दिव्य आभास कराता है। एमफी थियेटर परिसर स्थित यज्ञशाला में मुख्यमंत्री ने मंत्रोच्चार के साथ यज्ञ में पूर्णाहुति दी।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चार प्रवेश द्वार बनाए गए
मंदसौर के एक प्रमुख धार्मिक केंद्र पशुपतिनाथ लोक को शिवना नदी की बहती जलधारा के पास और अधिक भव्य एवं आकर्षक बनाया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चार प्रवेश द्वार बनाए गए हैं।
श्रद्धालुओं के लिए क्या-क्या सुविधाएं
सांस्कृतिक और नाट्य प्रदर्शनों के लिए एक ओपन-एयर थिएटर विकसित किया गया है। बड़ी भीड़ के दौरान असुविधा से बचने के लिए एक वेटिंग हॉल की व्यवस्था की गई है, साथ ही आपात स्थिति के लिए एक फर्स्ट-एड रूम भी बनाया गया है। शिव लीलाओं को दर्शाने वाली आकर्षक भित्ति चित्र दीवारें और पशुपतिनाथ महादेव मूर्ति के इतिहास को दर्शाने वाली पेंटिंग भक्तों को एक गहरा आध्यात्मिक अनुभव प्रदान करती हैं। इसके अतिरिक्त लोक में सत्संग भवन, उद्यान, शिव स्तंभ, म्यूरल वॉल, सेल्फी पॉइंट और सुव्यवस्थित पाथवे का निर्माण किया गया है, जिससे पूरा परिसर तीर्थनगरी के स्वरूप में विकसित हुआ है।
लोकार्पण में कौन-कौन रहा शामिल
लोकार्पण समारोह में उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, क्षेत्रीय सांसद सुधीर गुप्ता, राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दुर्गा विजय पाटीदार, मंदसौर विधायक विपिन जैन, सुवासरा विधायक हरदीप सिंह डंग, गरोठ विधायक चंदर सिंह सिसोदिया, जिला योजना समिति सदस्य राजेश दीक्षित, पूर्व विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया, पर्यटन सचिव दिलीप कुमार यादव, कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।




साइन इन