लव मैरिज के 5 महीने बाद नोएडा की युवती ने भोपाल में लगाई फांसी, रिटायर्ड जज सास व पति के खिलाफ मामला दर्ज
मामले की जानकारी देते हुए एसीपी रजनीश कश्यप कौल ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ हत्या, दहेज प्रताड़ना सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस की दो टीमें आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में हाल ही में एक विवाहिता की आत्महत्या का मामला सामने आया था, इस मामले में पुलिस ने उसकी सास व सेवानिवृत्त न्यायाधीश गिरीबाला सिंह और मृतक के पति समर्थ सिंह के खिलाफ दहेज प्रताड़ना एवं हत्या सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। मृतका की पहचान 31 वर्षीय ट्विशा शर्मा के रूप में हुई थी, जो कि उत्तर प्रदेश के नोएडा शहर की रहने वाली थीं और उनकी शादी करीब पांच महीने पहले भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में रहने वाले समर्थ सिंह के साथ हुई थी। मृतका का भाई हर्षित शर्मा भारतीय सेना में मेजर पद पर पदस्थ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्विशा ने 12 मई की रात अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस ने बताया कि ट्विशा अपने ससुराल में फंदे से लटकी मिली थी। उसके पति और सास उसे अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया।
महिला के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर लगाया हत्या का आरोप
पुलिस को रात करीब 11 बजे अस्पताल से इस बारे में सूचना मिली थी। जिसके बाद भोपाल आए महिला के परिजनों ने उसके ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और इसी वजह से बेटी की जान लेने का आरोप लगाया था। मायके पक्ष ने दावा किया कि मंगलवार रात 10 बजे जब उनकी ट्विशा से फोन पर बात हुई थी, तो वह परेशान लग रही थी और उसने भोपाल छोड़कर नोएडा लौटने की बात कही थी।
परिजनों ने कहा- ट्विशा के शव पर थे मारपीट के निशान
ट्विशा की मौत की सूचना मिलने पर जब परिजन भोपाल पहुंचे तो उन्होंने दावा करते हुए बताया कि जब उन्होंने ट्विशा का शव देखा तो उसके हाथ और कान पर चोट के निशान मिले थे। उन्होंने कहा कि इसका मतलब है कि उसके साथ मारपीट भी की गई थी।
डेटिंग एप पर मुलाकात के बाद समर्थ के साथ की थी लव मैरिज
परिजनों ने बताया कि ट्विशा ने समर्थ सिंह के साथ लव मैरिज की थी। उन दोनों की मुलाकात साल 2024 में एक डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी। इसके करीब डेढ़ साल बाद दोनों ने दिसंबर 2025 में शादी कर ली थी।
फिलहाल फरार हैं आरोपी सास और पति
उधर मामले की जानकारी देते हुए एसीपी रजनीश कश्यप कौल ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ हत्या, दहेज प्रताड़ना सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस की दो टीमें आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। हालांकि घटनास्थल से पुलिस ने कोई सुसाइड नोट नहीं बरामद किया था।
पुलिस पर लगाया था दबाव में काम करने का आरोप
आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज होने से पहले ट्विशा के परिजनों ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा था कि पुलिस ने शुरू में उनकी शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई नहीं की थी और इस बात को लेकर उन्होंने विरोध प्रदर्शन भी किया था। भारतीय सेना में मेजर मृतका के भाई ने आरोप लगाया कि समर्थ सिंह पेशे से वकील है और उसकी मां सेवानिवृत्त जिला न्यायाधीश हैं, जिसके कारण पुलिस कार्रवाई में देरी हुई। इसके बाद परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज होने तक बेटी का अंतिम संस्कार नहीं करने की बात कही थी। तब जाकर पुलिस पर दबाव पड़ा और उसने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया।




साइन इन