Ravindra Jadeja did ball and Shivraj hit a powerful shot, exciting match take place in MP जडेजा की गेंद पर शिवराज बने धाकड़ बल्लेबाज, दमदार शॉट मार बाउंड्री पार पहुंचा दी बॉल; खूब बजी तालियां, Madhya-pradesh Hindi News - Hindustan
More

जडेजा की गेंद पर शिवराज बने धाकड़ बल्लेबाज, दमदार शॉट मार बाउंड्री पार पहुंचा दी बॉल; खूब बजी तालियां

रविंद्र जडेजा के आने पर रायसेन में एक रोड शो निकाला गया, जिसमें गाड़ी में उनके साथ केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, मध्य प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर और भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के अलावा भारतीय जनता पार्टी के कई प्रमुख नेता मौजूद रहे।

Mon, 2 Feb 2026 09:19 PMSourabh Jain लाइव हिन्दुस्तान, भोपाल, मध्य प्रदेश
share
जडेजा की गेंद पर शिवराज बने धाकड़ बल्लेबाज, दमदार शॉट मार बाउंड्री पार पहुंचा दी बॉल; खूब बजी तालियां

मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में सोमवार को उस वक्त एक मजेदार वाकिया नजर आया, जब भारतीय क्रिकेटर रविंद्र जडेजा की गेंद पर केंद्रीय कृषि मंत्री और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जोरदार शॉट मारकर चौका लगा दिया। जिसके बाद वहां मौजूद हजारों लोगों के साथ ही भारतीय ऑलराउंडर ने भी ताली बजाकर उनकी हौंसलाअफजाई की। दरअसल दोनों के बीच गेंदबाजी व बल्लेबाजी का यह मुकाबला किसी असली मैच का ना होकर, रायसेन में आयोजित सांसद खेल महोत्सव कार्यक्रम के समापन समारोह का है, जहां पर दर्शकों के मनोरंजन के दौरान दोनों के बीच यह मजेदार वाकिया दिखाई दिया।

इस आयोजन में शामिल होने के लिए ही रविंद्र जडेजा भी रायसेन पहुंचे थे। यहां पहुंचकर वो एक रोड-शो में शामिल हुए और फिर उन्होंने मैदान में पहुंचकर इस खेल महोत्सव में हिस्सा लेने वाले प्रतिभागियों की हौसला अफजाई की, साथ ही हजारों की संख्या में आने के लिए लोगों को धन्यवाद भी कहा। इस दौरान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रविंद्र जडेजा ने कहा, ‘मुझे सच में ऐसा लग रहा है कि जैसे मैं किसी अंतर्राष्ट्रीय मैच को देखने आया हूं। इतनी भीड़ और इतने लोगों के प्यार, इसके लिए मैं दिल से खूब-खूब धन्यवाद देना चाहता हूं।’ इस मौके पर मध्य प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल समेत पार्टी के कई प्रमुख नेता और हजारों दर्शक मौजूद रहे।

शिवराज ने सर जडेजा के साथ पौधा भी लगाया

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भारतीय क्रिकेटर के साथ बिताए क्रिकेट के मजेदार क्षणों का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया और उसके साथ लिखा, 'क्रिकेट की पिच पर सर जडेजा के साथ'। साथ ही उन्होंने बताया कि रायसेन में 'सांसद खेल महोत्सव' के समापन समारोह के अवसर पर पधारे भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज खिलाड़ी रविंद्र जडेजा के साथ आज पौधा भी लगाया। बता दें कि मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम शिवराज चाहे कहीं भी हों, वह रोजाना एक पौधारोपण करते हैं।

शिवराज ने बताया- जडेजा होना मतलब क्या होता है

अपने संसदीय क्षेत्र में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पधारे भारतीय ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा का स्वागत करते हुए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उनकी तारीफों की झड़ी लगा दी। इस दौरान उन्होंने कहा, 'जडेजा यानी जज्बा, जडेजा यानी जूनुन, जडेजा यानी जीत की पारी का जश्न, जो वनडे, टी20 और टेस्ट हर फॉर्मेट में फिट हो जाए वह जडेजा है। जो अपनी स्पिन बॉल से बैट्समैन को क्लीन बोल्ड कर दे, वो जडेजा है। जो लास्ट ओवर में भी जीत की उम्मीद जगा दे वो जडेजा है। जो बॉलिंग करे तो विकेटों का अंबार लगा दे, जो बैटिंग करे तो रनों की झड़ी लगा दे और जो फील्डिंग करे तो बाउंड्री पर जाती गेंद को हथेली में समेट ले और एक-एक रन को तरसा दे, वो जडेजा है। ऐसे जडेजा जी का हृदय से स्वागत है।'

रायसेन पहुंचे रविंद्र जडेजा के स्वागत और उन्हें लोगों से मिलवाने के लिए एक रोड शो भी निकाला गया।

जडेजा बोले- बस आप मेहनत करते रहिए

जडेजा ने कहा, ‘खेल एक ऐसी चीज है जो हमेशा आप लोगों में ऊर्जा जगाती रहती है, चाहे आप कोई भी खेल खेलो, कहीं भी खेलो, गांव में, शहर में। यहां आए लोगों का ये उत्साह देखकर बहुत अच्छा लग रहा है। अपने भारत में टैलेंट की कमी नहीं है। इतने लोग क्रिकेट और अन्य खेल जैसे कबड्डी, खो-खो, फुटबॉल खेलते हैं और अपना हुनर दिखाते हैं। मैं इन सभी लोगों से बस यही कहना चाहता हूं कि मेहनत कीजिए, मेहनत आपको कहीं ना कहीं पहुंचाएगी। इतना प्यार देने के लिए रायसेन की जनता को दिल से धन्यवाद, जो आपने मुझे इतना प्यार दिया।’

बता दें कि विदिशा-रायसेन संसदीय क्षेत्र में चल रहे जिस 'सांसद खेल महोत्सव 2025' के भव्य समापन समारोह में रविंद्र जडेजा शामिल होने पहुंचे थे, वह पिछले 100 दिनों से विकसित भारत के संकल्प के साथ चल रहा था। इस कार्यक्रम के दौरान 900 से अधिक पंचायतों में खेल प्रतियोगिताएं हुईं और जिनमें अलग-अलग श्रेणी में आयोजित प्रतियोगिताओं में हजारों बच्चों व युवाओं ने प्रतिभागी बनकर हिस्सा लिया।

लेटेस्ट Hindi News, Bhopal News, Indore News, Jabalpur News, Gwalior News, Ujjain News के साथ-साथ MP Board Result 2026 Live और MP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।