passenger aircraft emergency landing at jabalpur railway station AI video causes scare जबलपुर रेलवे स्टेशन पर यात्री विमान की ‘इमरजेंसी लैंडिंग’ का AI वीडियो वायरल, मची अफरा-तफरी, Madhya-pradesh Hindi News - Hindustan
More

जबलपुर रेलवे स्टेशन पर यात्री विमान की ‘इमरजेंसी लैंडिंग’ का AI वीडियो वायरल, मची अफरा-तफरी

मध्य प्रदेश के जबलपुर रेलवे स्टेशन पर एक यात्री विमान की कथित इमरजेंसी लैंडिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, अधिकारियों ने इसे एआई निर्मित फर्जी वीडियो बताते हुए ऐसी किसी भी तरह की घटना से इनकार किया।

Sat, 17 Jan 2026 08:08 AMPraveen Sharma जबलपुर, भाषा
share
जबलपुर रेलवे स्टेशन पर यात्री विमान की ‘इमरजेंसी लैंडिंग’ का AI वीडियो वायरल, मची अफरा-तफरी

मध्य प्रदेश के जबलपुर रेलवे स्टेशन पर एक यात्री विमान की कथित ‘इमरजेंसी लैंडिंग’ का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, अधिकारियों ने शुक्रवार को इसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) निर्मित फर्जी वीडियो बताते हुए ऐसी किसी भी तरह की घटना से इनकार किया।

वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद एहतियातन शहर के डुमना एयरपोर्ट के अधिकारियों ने सुरक्षा बैठक बुलाई। एयरपोर्ट का संचालन करने वाली भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) ने वीडियो को भ्रामक और एआई से निर्मित बताया।

सुरक्षा से संबंधित बैठक बुलाई गई

जबलपुर एयरपोर्ट के डायरेक्टर आर.आर. पांडे ने बताया कि वायरल वीडियो को गंभीरता से लेते हुए तत्काल सुरक्षा से संबंधित बैठक बुलाई गई, जिसमें एयरपोर्ट प्रबंधन, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवान और पुलिस अधिकारी मौजूद थे।

पांडे ने किसी भी तरह की घटना से इनकार करते हुए कहा कि वीडियो पूरी तरह फर्जी है और इसे एआई की मदद से तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि इस तरह के वीडियो समाज में भय और भ्रम फैलाते हैं।

वीडियो बनाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी

उन्होंने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को भी वीडियो के बारे में अवगत कराया गया है और इसे बनाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

खमरिया थाना प्रभारी राज कुमार खटिक ने बताया कि अब तक कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है, लेकिन औपचारिक शिकायत मिलने पर पुलिस कानून के अनुसार कार्रवाई करेगी। खटिक ने बताया कि वीडियो को संभवतः सोशल मीडिया पर ‘लाइक’ और ‘व्यूज’ हासिल करने के उद्देश्य से वायरल किया गया होगा।

करीब 14 सेकेंड के इस वीडियो में एक यात्री विमान को प्लैटफॉर्म के नजदीक रेलवे ट्रैक के पास खड़ा दिखाया गया है, जिसमें एक युवक दावा करता नजर आता है कि जबलपुर रेलवे स्टेशन पर विमान की ‘इमरजेंसी लैंडिंग’ हुई है।

लेटेस्ट Hindi News, Bhopal News, Indore News, Jabalpur News, Gwalior News, Ujjain News के साथ-साथ MP Board Result 2026 Live और MP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।