मोनालिसा की शादी की जांच के लिए केरल पहुंची MP पुलिस, कर रही एक शख्स की तलाश
मोनालिसा के नाबालिग साबित होने के बाद महेश्वर पुलिस ने फरमान के खिलाफ मोनालिसा के अपहरण का मामला दर्ज कर लिया था। हालांकि केरल हाईकोर्ट ने फरमान को अंतरिम राहत देते हुए 20 मई तक उसकी गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है।

प्रयागराज कुंभ मेले में वायरल हुई लड़की मोनालिसा की शादी की जांच के लिए मध्य प्रदेश की महेश्वर पुलिस की एक टीम केरल के कोच्चि शहर में पहुंच गई है। इस टीम में एक महिला अधिकारी सहित कुल पांच सदस्य हैं, जो कि गुरुवार सुबह त्रिक्काकारा पुलिस स्टेशन पहुंचे और स्टेशन हाउस ऑफिसर से मुलाकात की। वे यहां पर मोनालिसा और मोहम्मद फरमान की शादी की जांच करने पहुंचे हैं। जिनके बारे में बताया जा रहा है कि वे फिलहाल कोच्चि में ही रह रहे हैं। उधर MP पुलिस के यहां पहुंचने के बाद मोनालिसा ने स्थानीय पुलिस के पास पहुंचकर सुरक्षा की मांग की है।
उधर त्रिक्काकारा पुलिस स्टेशन के अधिकारियों ने बताया कि मध्य प्रदेश पुलिस ने उनसे संपर्क कर, उनके स्टेशन क्षेत्र में रहने वाले फरमान के एक दोस्त के बारे में जानकारी मांगी है। हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने उस व्यक्ति के बारे में किसी भी तरह की जानकारी होने से इनकार कर दिया। साथ ही बताया कि उस व्यक्ति का पता नहीं लगाया जा सका है। अधिकारियों ने आगे बताया कि मध्य प्रदेश पुलिस को जानकारी मिली है कि लड़की और फरमान कलामसेरी में रह रहे हैं।
मध्य प्रदेश की रहने वाली मोनालिसा भोसले ने पिछले महीने तिरुवनंतपुरम के एक मंदिर में यूपी के रहने वाले फरमान खान से शादी कर ली थी। इस मामले ने उस वक्त तूल पकड़ लिया था, जब राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (NCST) की जांच में मोनालिसा को नाबालिग पाया गया था। उधर लड़की के माता-पिता ने भी दावा किया था कि उनकी बेटी की उम्र अभी सिर्फ 16 साल है, जिसके बाद फरमान के खिलाफ महेश्वर पुलिस ने मोनालिसा के अपहरण का मामला दर्ज कर लिया था। हालांकि केरल हाईकोर्ट ने फरमान को अंतरिम राहत देते हुए 20 मई तक उसकी गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है।
जांच में शामिल मध्य प्रदेश पुलिस के एक अधिकारी ने त्रिक्काकारा पुलिस स्टेशन पर मीडिया को बताया कि उन दस्तावेजों के आधार पर एक मामला दर्ज किया गया है, जिनसे पता चलता है कि लड़की की उम्र सिर्फ 16 साल है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि तिरुवनंतपुरम में शादी का पंजीकरण कराने के लिए फरमान ने मोनालिसा का जो आधार कार्ड दिया था, उसका सत्यापन किया जाना भी जरूरी है। एक अधिकारी ने कहा, 'हम जांच के सिलसिले में यहां आए हैं। शादी का वीडियो तिरुवनंतपुरम का है, लेकिन वह महिला फिलहाल यहीं रह रही है।'
इसी बीच मोनालिसा ने राज्य पुलिस प्रमुख और कोच्चि शहर के पुलिस कमिश्नर को एक आवेदन सौंपकर सुरक्षा की मांग की है। उस आवेदन में मोनालिसा ने दावा किया है कि उसकी उम्र 18 साल है और आरोप लगाया है कि उसे जबरन मध्य प्रदेश ले जाने की कोशिशें की जा सकती हैं। ऐसे में उसने ऐसी किसी भी कोशिश को रोकने के लिए अपने और फरमान के लिए पुलिस सुरक्षा की मांग की है।
मोनालिसा और फरमान की शादी के मामले में CPI के राज्य सचिव बिनॉय विश्वम समेत अन्य वामपंथी नेताओं ने एक राजनीतिक साजिश होने का आरोप लगाया था। इन दोनों की शादी पिछले महीने तिरुवनंतपुरम के एक मंदिर में हुई थी और इसमें CPI(M) के राज्य सचिव एम.वी. गोविंदन, मंत्री वी. शिवनकुट्टी और राज्यसभा सांसद ए.ए. रहीम शामिल हुए थे।




साइन इन