MP experiencing severe cold wave, with temperatures dropping to 3 degrees in 2 cities MP में कड़ाके की सर्दी, दो शहरों में तापमान 3 डिग्री तक पहुंचा; विभाग ने 13 जिलों के लिए जारी किया अलर्ट, Madhya-pradesh Hindi News - Hindustan
More

MP में कड़ाके की सर्दी, दो शहरों में तापमान 3 डिग्री तक पहुंचा; विभाग ने 13 जिलों के लिए जारी किया अलर्ट

मौसम विभाग ने प्रदेश के छतरपुर, ग्वालियर, दतिया, निवाड़ी, भिंड, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, पन्ना, टीकमगढ़ और मैहर जिलों में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

Tue, 30 Dec 2025 07:05 PMSourabh Jain लाइव हिन्दुस्तान, भोपाल, मध्य प्रदेश
share
MP में कड़ाके की सर्दी, दो शहरों में तापमान 3 डिग्री तक पहुंचा; विभाग ने 13 जिलों के लिए जारी किया अलर्ट

देश के उत्तरी हिस्से से आ रही ठंडी हवाओं के असर से मध्य प्रदेश में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। राज्य में पड़ रही सर्दी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि प्रदेश के 10 जिलों में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस या इससे कम दर्ज किया गया। इस दौरान सबसे ज्यादा ठंड छतरपुर के नौगांव में पड़ी जहां का तापमान 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा उमरिया में भी न्यूनतम तापमान 3.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीते दिन शहडोल जिले के कल्याणपुर तीव्र शीत लहर का असर देखा गया, जबकि भोपाल, उमरिया और छतरपुर के नौगांव जिलों में शीतलहर का असर देखा गया। उधर दतिया और ग्वालियर में तीव्र शीतल दिन तो खजुराहो और पृथ्वीपुर (निवाड़ी) में शीतल दिन दर्ज किया गया। इसके अलावा प्रदेश के सभी संभागों के जिलों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहा।

सोमवार को प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस नर्मदापुरम में दर्ज किया गया तथा सबसे कम न्यूनतम तापमान 1.7 डिग्री सेल्सियस कल्याणपुर (शहडोल) में दर्ज किया गया। इस दौरान प्रदेश के ग्वालियर और दतिया जिलों में अति घना कोहरा, तो सतना, खजुराहो और रीवा जिले में घना कोहरा, छतरपुर के नौगांव और सीधी जिलों में मध्यम कोहरा तो भोपाल जिले में हल्का कोहरा देखा गया। प्रदेश के दतिया में 50 मीटर से कम, खजुराहो में 50 से 200 मीटर और सतना में 200 से 500 मीटर विजिबिलिटी दर्ज की गई।

दो दिन इन जिलों के लिए जारी हुआ अलर्ट

मौसम विभाग ने मंगलवार (30 दिसंबर) के लिए प्रदेश के भोपाल, सीहोर, शहडोल और उमरिया जिलों में कहीं-कहीं शीत लहर चलने की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा ग्वालियर, दतिया और निवाड़ी जिलों में कहीं-कहीं शीत दिन होने की चेतावनी जारी की है। जबकि छतरपुर जिले में शीत लहर चलने के साथ ही शीत दिन होने की आशंका जताई है। इसके अलावा विभाग ने प्रदेश के छतरपुर, ग्वालियर, दतिया, निवाड़ी, भिंड, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, पन्ना, टीकमगढ़ और मैहर जिलों में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

विभाग ने साल के आखिरी दिन यानी बुधवार (31 दिसंबर) को प्रदेश के छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली जिलों में कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है।

प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान वाले 5 शहर

नौगांव- 3 डिग्री

उमरिया- 3.1 डिग्री

राजगढ़- 4.6 डिग्री

पचमढ़ी- 4.8 डिग्री

रीवा और मंडला- 5-5 डिग्री

सतना- 5.2 डिग्री

दतिया- 5.7 डिग्री

मलाजखंड- 5.8 डिग्री

प्रदेश के प्रमुख शहरों का न्यूनतम तापमान

भोपाल- 5.6 डिग्री

इंदौर- 6.6 डिग्री

ग्वालियर- 6.6 डिग्री

जबलपुर- 7 डिग्री

उज्जैन- 9.2 डिग्री

रतलाम- 9.2 डिग्री

मौसम की सिनोप्टिक परिस्थितियां

पश्चिमी विक्षोभ, मध्य क्षोभमंडलीय पश्चिमी हवाओं में एक टूफ के रूप में माध्य समुद्र तल से 5.8 किमी ऊंचाई पर, लगभग 54 डिग्री पूर्व देशांतर से 30 डिग्री उत्तर अक्षांश के उत्तर में अवस्थित है। दिल्ली क्षेत्र के ऊपर माध्य समुद्र तल से 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर 259 किमी प्रति घंटे की गति से उपोष्ण पश्चिमी जेट स्ट्रीम हवाएं बह रही है।

लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़ , CBSE Board Result, MP Board 10th result, MP Board 12th result अपडेट हिंदी में हिंदुस्तान पर|