mohan yadav government madhya pradesh budget big announcement for ladli bahan scheme teacher recruitment announced मोहन सरकार ने 'लाडली बहनों' के लिए खोला खजाना, शिक्षकों की भर्ती का भी ऐलान, Madhya-pradesh Hindi News - Hindustan
More

मोहन सरकार ने 'लाडली बहनों' के लिए खोला खजाना, शिक्षकों की भर्ती का भी ऐलान

मध्यप्रदेश के वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए राज्य का 4,38,317 करोड़ रुपये का महिला केंद्रित बजट बुधवार को पेश किया। साथ ही कोई नया कर नहीं लगाए जाने की घोषणा की। आइए जानते हैं बजट में किसको क्या मिला है।

Thu, 19 Feb 2026 08:32 AMMohammad Azam लाइव हिन्दुस्तान, भोपाल
share
मोहन सरकार ने 'लाडली बहनों' के लिए खोला खजाना, शिक्षकों की भर्ती का भी ऐलान

मध्यप्रदेश के वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए राज्य का 4,38,317 करोड़ रुपये का महिला केंद्रित बजट बुधवार को पेश किया। साथ ही कोई नया कर नहीं लगाए जाने की घोषणा की। इस दौरान 15000 शिक्षकों की भर्ती का भी ऐलान किया। देवड़ा ने राज्य विधानसभा में विपक्ष की टोका-टोकी और व्यवधानों के बीच यह बजट पेश किया। इस दौरान कांग्रेस के सदस्यों ने राज्य के लोगों पर बढ़ते कर्ज के बोझ पर चिंता जताई, हंगामा किया और जमकर नारेबाजी भी की। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बाद में कहा कि यह विकास के प्रति उनकी सरकार की प्रतिबद्धता को पूरा करने वाला यह बजट है।

अपने करीब 90 मिनट के भाषण में वित्त मंत्री ने कहा कि बजट गरीब कल्याण, युवा शक्ति, अन्नदाता किसान, नारी शक्ति (महिला सशक्तिकरण), बुनियादी ढांचा और उद्योग मॉडल पर आधारित है। अगले वित्त वर्ष में धन को आगे बढ़ाने के लिए पहली बार पेश किए गए 'रोलिंग बजट' के प्रावधान का जिक्र करते हुए देवड़ा ने कहा कि पारंपरिक बजट के विपरीत, यह दृष्टिकोण एक वित्त वर्ष से परे योजना का विस्तार करता है। उन्होंने कहा कि यह दीर्घकालिक विकास प्राथमिकताओं के अनुरूप पूर्वानुमानित, अनुकूली और विकास-उन्मुख बजट की ओर बढ़ने का संकेत देता है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:मध्य प्रदेश में मौसम बदलेगा, बारिश के आसार; किन जिलों में पड़ेंगी बौछारें?
ये भी पढ़ें:कोर्ट जा रहे वकील को गोली मारी, मध्य प्रदेश में दिनदहाड़े मर्डर से सनसनी

लाडली बहनों के लिए खोला खजाना

बजट में लाडली बहना योजना के लिए 23,883 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है जिसके तहत 1.25 करोड़ से अधिक महिलाओं को 1,500 रुपये की मासिक सहायता मिलती है। सरकार ने 2023 में शुरू किए गए कार्यक्रम के तहत अब तक 52,304 करोड़ रुपये वितरित किए हैं। वित्त मंत्री ने 2028 में उज्जैन में होने वाले धार्मिक आयोजन 'सिंहस्थ कुंभ' के लिए 3,600 करोड़ रुपये के विशेष प्रावधान की घोषणा की। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के लिए 40,062 करोड़ रुपये का आवंटन प्रस्तावित किया गया है।

रूपरेखा के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि बदलती आर्थिक स्थितियों, नीतिगत परिणामों और राजकोषीय वास्तविकताओं को दर्शाने के लिए बजट को समय-समय पर संशोधित किया जाता है। बजट विश्लेषण की जिन विधियों को हाल के वर्षों में लोकप्रियता मिली है, 'रोलिंग बजट' उनमें से एक है। एक स्थिर बजट के विपरीत, जो एक निश्चित समय सीमा जैसे कि एक वर्ष या एक तिमाही के लिए तय होता है, 'रोलिंग बजट' वास्तविक प्रदर्शन और बदलती परिस्थितियों के आधार पर समायोजन और संशोधन की अनुमति देता है। 'रोलिंग बजट' का उपयोग विभिन्न उद्देश्यों के लिए किया जा सकता है जैसे कि योजना बनाना, नियंत्रण करना, मूल्यांकन करना और पूर्वानुमान लगाना।

शिक्षक भर्ती का भी ऐलान

देवड़ा ने स्वयं सहायता समूहों और उज्ज्वला योजना सहित विभिन्न महिला कल्याण योजनाओं के लिए 1,27,555 करोड़ रुपये के प्रावधान की घोषणा की। उन्होंने कहा कि कामकाजी महिलाओं के लिए 5,700 छात्रावासों का निर्माण किया जाएगा। देवड़ा ने घोषणा की कि 15,000 शिक्षकों की भर्ती की जाएगी जबकि सरकारी स्कूलों में आठवीं कक्षा तक के बच्चों को 'टेट्रा पैक' दूध मुफ्त में उपलब्ध दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि राज्य में कोई नया कर नहीं लगाया जाएगा।

वीबी-जी राम जी के लिए 10,428 करोड़

वित्त मंत्री ने विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण), (वीबी-जी राम जी) के लिए 10,428 करोड़ रुपये और पीएम जनमन योजना के लिए 900 करोड़ रुपये के आवंटन की घोषणा की जो विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों को समर्पित है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि एक लाख किसानों को सौर पंप प्रदान किए जाएंगे। देवड़ा, जो कि राज्य के उपमुख्यमंत्री भी हैं, ने कहा कि श्रम विभाग के लिए 1,335 करोड़ रुपये, सड़कों की मरम्मत के लिए 12,690 करोड़ रुपये और जल जीवन मिशन के लिए 4,454 करोड़ रुपये का प्रावधान प्रस्तावित किया गया है। देवड़ा ने कहा कि बजट का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'विकसित भारत' के सपने को साकार करना है। हर महिला के लिए न्याय सुनिश्चित करना सरकार का उद्देश्य है और युवाओं को रोजगार प्रदान करना इसका संकल्प है।

विपक्ष ने किया हंगामा

बजट भाषण के दौरान कांग्रेस विधायकों ने विधायक निधि में वृद्धि नहीं होने पर हंगामा किया और आसंदी के निकट आकर नारेबाजी की। विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने उनसे व्यवस्था बनाए रखने और अपनी सीट पर लौटने का आग्रह किया लेकिन उनका हंगामा जारी रहा। मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि बजट में किसान कल्याण वर्ष में कृषि से संबंधित विकास कार्यों के लिए एक लाख करोड़ रुपये से अधिक का आवंटन किया गया है। उन्होंने कहा कि बुनियादी ढांचे के काम के लिए भी एक लाख करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य बनने के बाद पहली बार इतनी बड़ी राशि दी गई है। सभी क्षेत्रों में पर्याप्त धन आवंटित किया गया है, जो विकास और जन कल्याण के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। यह मिशन 2047 के दृष्टिकोण के अनुरूप भी है।

क्या बोली कांग्रेस

कांग्रेस ने कहा कि राज्य का कर्ज लगातार बढ़ रहा है और सरकार का कहना है कि सब कुछ ठीक है। विपक्ष के नेता उमंग सिंघार ने दावा किया कि बजट सत्र से पहले ही सरकार द्वारा 5,600 करोड़ रुपये का उधार लिया जाना इस बात का संकेत है कि राज्य कर्ज के बोझ तले दबा जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता के कर के पैसे से कर्ज लेकर घी पी रही है और विकास के नाम पर केवल भ्रम फैला रही है। विधानसभा परिसर में पत्रकारों से बात करते हुए सिंघार ने कहा कि यह झूठे आंकड़ों और खोखले वादों का बजट है। उन्होंने कहा कि यह बजट राज्य के लोगों के साथ धोखा है और जमीनी हकीकत से पूरी तरह से कटा हुआ है। उन्होंने कहा कि यह भ्रम का दस्तावेज है। यह झूठे आंकड़े पेश करके जनता को गुमराह करने का प्रयास करता है। राज्य के लोग इसे समझ रहे हैं और उचित समय पर जवाब देंगे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:मध्य प्रदेश में मौसम बदलेगा, बारिश के आसार; किन जिलों में पड़ेंगी बौछारें?
ये भी पढ़ें:कोर्ट जा रहे वकील को गोली मारी, मध्य प्रदेश में दिनदहाड़े मर्डर से सनसनी
लेटेस्ट Hindi News, Bhopal News, Indore News, Jabalpur News, Gwalior News, Ujjain News के साथ-साथ MP Board Result 2026 Live और MP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।