Lawyers beat up a rape accused in Bhopal court, VIDEO भोपाल में वकीलों ने रेप के आरोपी को अदालत में पीटा, पुलिस भी कुछ नहीं कर पाई; VIDEO, Madhya-pradesh Hindi News - Hindustan
More

भोपाल में वकीलों ने रेप के आरोपी को अदालत में पीटा, पुलिस भी कुछ नहीं कर पाई; VIDEO

सोशल मीडिया पर शेयर हो रहे वीडियो में दिखाई देता है कि वकीलों ने पुलिस की गिरफ्त से आरोपी को खींचा और उसे बुरी तरह पीट दिया। इस बीच पुलिस वालों ने उसे बचाने की भरपूर कोशिश की, लेकिन तब तक आरोपी की धुनाई हो चुकी थी।

Tue, 3 Feb 2026 06:59 PMRatan Gupta लाइव हिन्दुस्तान, भोपाल
share
भोपाल में वकीलों ने रेप के आरोपी को अदालत में पीटा, पुलिस भी कुछ नहीं कर पाई; VIDEO

भोपाल के कोर्ट में पेशी के लिए लाए गए रेप के आरोपी को मारने-पीटने का मामला सामने आया है। कोर्ट परिसर में आरोपी के साथ ये मारपीट वकीलों ने की। सोशल मीडिया पर शेयर हो रहे वीडियो में दिखाई देता है कि वकीलों ने पुलिस की गिरफ्त से आरोपी को खींचा और उसे बुरी तरह पीट दिया। इस बीच पुलिस वालों ने उसे बचाने की भरपूर कोशिश की, लेकिन तब तक आरोपी की धुनाई हो चुकी थी। आरोपी के ऊपर 11 वीं की छात्रा से रेप करने, जबरन कलमा पढ़वाने और ब्लैकमेलिंग का आरोप है।

सोमवार को कोहेफिजा पुलिस आरोपी ओसाफ अली खान को कोर्ट में पेश करने के लिए ले गई थी। इस बीच वहां मौजूद वकीलों की भीड़ ने उसे घेर लिया। देखते ही देखते मामला पुलिस के हाथों से निकल गया और वकीलों ने उसे अपनी तरफ खींच लिया। इस बीच उसके साथ मार-पीट भी हो गई। कोर्ट परिसर में हुए शोर-शराबे और धक्का-मुक्की के चलते कानूनी काम-काज में भी व्यवधान पैदा हुआ। फिर जैसे-तैसे पुलिस ने आरोपी को वहां से सुरक्षित बाहर निकाला।

वीडियो में दिखाई देता है कि एक साथ कई लोग एक-दूसरे के ऊपर गिरते-पड़ते दिख रहे हैं। बीच में एक शख्स धक्का-मुक्की का शिकार होता दिखाई देता है। इस मामले में 11वीं की छात्रा की तरफ से आरोप लगाया गया है कि ओसाफ अली ने सहेली के जरिए लड़की से दोस्ती की फिर उसका रेप किया। सहेली के जरिए लड़की से दोस्ती हुई, फिर उसे भोपाल घूमने के लिए बुलाया। लेकिन फिर खानूगांव के सूनसान इलाके में कार के अंदर आरोपी लड़के ने छात्रा के साथ रेप किया। लड़की ने विरोध किया, तो उसने शादी का झांसा देकर उसका मुंह बंद करा दिया। आरोपी ने रेप के दौरान का अश्लील वीडियो भी बना लिया, जिसका इस्तेमाल करके वो उसे ब्लैकमेल करने लगा था।

लेटेस्ट Hindi News, Bhopal News, Indore News, Jabalpur News, Gwalior News, Ujjain News के साथ-साथ MP Board Result 2026 Live और MP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।