Indore Resident Kothi Kitchen Unhygenic Cockroach इंदौर में लापरवाही, रेसीडेंसी कोठी की रसोई में कॉकरोच-कीड़े मिले, राज्यपाल ने छोड़ा खाना, Madhya-pradesh Hindi News - Hindustan
More

इंदौर में लापरवाही, रेसीडेंसी कोठी की रसोई में कॉकरोच-कीड़े मिले, राज्यपाल ने छोड़ा खाना

इंदौर में राज्यपाल मंगूभाई पटेल की मेहमानवाजी की ऐसी तस्वीर सामने आई, जिसने प्रशासन की तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। राज्यपाल इंदौर की जिस रेसीडेंसी कोठी में ठहरे हुए थे, वहां की रसोई में गंदगी, कॉकरोच और सड़ी सामग्री मिली है।

Thu, 19 Feb 2026 01:22 PMAditi Sharma लाइव हिन्दुस्तान
share
इंदौर में लापरवाही, रेसीडेंसी कोठी की रसोई में कॉकरोच-कीड़े मिले, राज्यपाल ने छोड़ा खाना

इंदौर में राज्यपाल मंगूभाई पटेल की मेहमानवाजी की ऐसी तस्वीर सामने आई, जिसने प्रशासन की तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। राज्यपाल इंदौर की जिस रेसीडेंसी कोठी में ठहरे हुए थे, वहां की रसोई में गंदगी, कॉकरोच और सड़ी सामग्री मिली है। इस पर राज्यपाल ने नाराजगी जताते हुए दोपहर का भोजन करने से इनकार कर दिया। मामले में कलेक्टर शिवम वर्मा और एडीएम रोशन राय को तलब कर लिया गया।

दीक्षांत समारोह में शामिल होने इंदौर आए थे

राज्यपाल मंगलवार को देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (डीएवीवी) के दीक्षांत समारोह में शामिल होने इंदौर आए थे। रेसीडेंसी कोठी के रूम नंबर एक और दो में ठहरे। सुबह निरीक्षण के दौरान एडीसी नरेंद्र रावत (आइपीएस) और उनके साथ आए अधिकारी विपुल शाह जब किचन पहुंचे, तो वहां गंदगी का अंबार देखकर हैरान रह गए। रसोई में कॉकरोच और कीड़े घूम रहे थे, बर्तन गंदे थे, सड़े आलू और छिलके पड़े थे। अधिकारियों ने राज्यपाल को स्थिति से अवगत कराया तो उन्होंने वहां भोजन नहीं करने का फैसला लिया। अधिकारियों से कहा कि वे एयरपोर्ट पर भोजन करेंगे।

दाग और धब्बों वाली बेडशीट दी गई

बताया जाता है कि राज्यपाल की सुरक्षा में तैनात अधिकारियों को दाग और धब्बों वाली बेडशीट दी गई थी। उन्होंने साफ बेडशीट मांगी तो कर्मचारी संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। इसी के बाद अफसर किचन और पैंट्री का निरीक्षण करने पहुंचे। पैंट्री और फ्रिज में भी गंदगी और सड़ी सामग्री रखी मिली।अधिकारियों ने किचन इंचार्ज राकेश सिंह और अमित शर्मा को फटकार लगाई। साथ ही स्थिति सुधारने के लिए आवश्यक सामग्री और बर्तनों की सूची मांगी। दोपहर में नए कुकर और क्राकरी की व्यवस्था कराई। बता दें कि हाउसकीपिंग की जिम्मेदारी रतन एंपोरियम सिक्योरिटी कंपनी के पास है, जिसके संचालक अमनवीर अरोरा बताए गए। कर्मचारियों का कहना है कि जुलाई 2023 से उनका भुगतान लंबित है। हाल ही में केवल चार लाख रुपये दिए गए हैं।

किचन इंचार्ज (रतन एंपोरियम) राकेश प्रताप ने कहा, बेडशीट पर दाग लगा हुआ था। इस कारण साहब नाराज हो गए। किचन में आए तो उन्हें बर्तन खराब मिले और कुछ छिलके बिखरे हुए थे। एजेंसी को बदल दिया।

रिपोर्ट --हेमंत

लेटेस्ट Hindi News, Bhopal News, Indore News, Jabalpur News, Gwalior News, Ujjain News के साथ-साथ MP Board Result 2026 Live और MP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।