Indore Couple Case Sonam Father Alleges Meghalaya Police Conspiracy Demands CBI Probe CBI जांच हुई तो पूरा थाना जेल में बैठेगा.... बेटी की गिरफ्तारी पर भड़के सोनम के पिता, Madhya-pradesh Hindi News - Hindustan
More

CBI जांच हुई तो पूरा थाना जेल में बैठेगा.... बेटी की गिरफ्तारी पर भड़के सोनम के पिता

इंदौर कपल केस में सोनम रघुवंशी के पिता ने मेघालय पुलिस पर हत्या में साजिश का आरोप लगाया। उन्होंने CBI जांच की मांग करते हुए दावा किया कि सोनम बेगुनाह है और पुलिस झूठ बोल रही है।

Mon, 9 June 2025 09:57 AMAnubhav Shakya लाइव हिन्दुस्तान, इंदौर
share
CBI जांच हुई तो पूरा थाना जेल में बैठेगा.... बेटी की गिरफ्तारी पर भड़के सोनम के पिता

इंदौर के बहुचर्चित कपल केस ने एक नया मोड़ ले लिया है। सोनम रघुवंशी की गिरफ्तारी के बाद उनके पिता देवी सिंह ने मेघालय पुलिस और यहां तक कि मेघालय के मुख्यमंत्री पर सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। गुस्से और दुख से भरे देवी सिंह ने कहा, 'मेरी बेटी 100% बेगुनाह है। अगर अगर जांच हुई तो पूरा थाना सलाखों के पीछे होगा।'

मेघालय पुलिस पर गंभीर सवाल

देवी सिंह ने मेघालय पुलिस पर इस मामले में झूठ बोलने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पुलिस ने कोई ठोस जांच नहीं की और सोनम को जानबूझकर फंसाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा, 'मुझे 100% यकीन है कि राजा रघुवंशी की हत्या में मेघालय पुलिस का हाथ है।' देवी सिंह ने मांग की है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस मामले में तुरंत सीबीआई जांच के आदेश दें।

'मेघालय के CM भी झूठ बोल रहे'

देवी सिंह ने मेघालय के मुख्यमंत्री पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, 'सीएम इस मामले में झूठ बोल रहे हैं। उनकी भूमिका की भी सीबीआई जांच होनी चाहिए।' यह बयान इस मामले को और भी जटिल बना रहा है, क्योंकि यह पहली बार है जब इस केस में किसी बड़े राजनेता पर सीधा आरोप लगा है।

देवी सिंह ने बताया कि उनकी बेटी सोनम ने अपने भाई गोविंद को फोन कर बताया कि वह गाजीपुर के एक ढाबे पर है। उन्होंने कहा, सोनम खुद वहां पहुंची थी। मेरे बेटे ने रात 2 बजे मुझसे यह बात साझा की। लेकिन मेघालय पुलिस इसे गलत तरीके से पेश कर रही है।। हालांकि, देवी सिंह ने यह भी बताया कि वह अभी तक सोनम से सीधे बात नहीं कर पाए हैं।

अरेंज मैरिज थी सोनम और राजा की शादी

केस में एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। देवी सिंह ने बताया कि सोनम और राजा रघुवंशी की शादी एक अरेंज मैरिज थी। उन्होंने साफ किया कि वे शादी से पहले एक-दूसरे को नहीं जानते थे। यह बयान इस मामले में नई परतें जोड़ रहा है, क्योंकि पहले यह माना जा रहा था कि दोनों के बीच पुराना रिश्ता हो सकता है।

'CBI जांच से सच आएगा सामने'

देवी सिंह का कहना है कि मेघालय पुलिस ने इस मामले में पूरी तरह लापरवाही बरती है। उन्होंने दावा किया, 'अगर सीबीआई जांच होती है, तो न सिर्फ सच सामने आएगा, बल्कि मेघालय पुलिस के कई अधिकारी जेल की सलाखों के पीछे होंगे।' उन्होंने यह भी कहा कि वह राजा रघुवंशी के परिवार से कोई संपर्क नहीं कर पाए हैं, लेकिन उनकी बेटी को इंसाफ दिलाने के लिए वह हर संभव कोशिश करेंगे।

इंदौर कपल केस ने हाल ही में सुर्खियां बटोरी हैं, जब सोनम रघुवंशी को उनके पति राजा रघुवंशी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया। इस मामले में कई सवालों के जवाब आना बाकी हैं। वहीं सोनम के पिता के बयानों ने इसे और रहस्यमयी बना दिया है। अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या इस मामले में सीबीआई जांच होगी और क्या नए खुलासे सामने आएंगे।

लेटेस्ट Hindi News, Bhopal News, Indore News, Jabalpur News, Gwalior News, Ujjain News के साथ-साथ MP Board Result 2026 Live और MP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।