He had gone to have lunch in the college mess when the plane crashed, son of MP dies in Gujarat accident मेडिकल कॉलेज की मैस में लंच करने गया था, तभी गिरा विमान; अहमदाबाद हादसे में MP के लाल की भी मौत, Madhya-pradesh Hindi News - Hindustan
More

मेडिकल कॉलेज की मैस में लंच करने गया था, तभी गिरा विमान; अहमदाबाद हादसे में MP के लाल की भी मौत

आर्यन की मौत की खबर से उसके दोस्तों को भी सदमा पहुंचा है और वे काफी परेशान हैं। उनका कहना है कि 20 दिन पहले ही आर्यन गांव में आया था और हमारे साथ जमकर क्रिकेट खेला था।

Fri, 13 June 2025 04:03 PMSourabh Jain लाइव हिन्दुस्तान
share
मेडिकल कॉलेज की मैस में लंच करने गया था, तभी गिरा विमान; अहमदाबाद हादसे में MP के लाल की भी मौत

गुजरात के अहमदाबाद में एक दिन पहले हुई दुखद विमान दुर्घटना में ग्वालियर के मेडिकल स्टूडेंट आर्यन राजपूत की भी जान चली गई। इस बारे में जानकारी देते हुए परिचितों ने बताया कि आर्यन मेधावी छात्र था और वह अहमदाबाद के बीजे मेडिकल कॉलेज में MBBS फर्स्ट ईयर की पढ़ाई कर रहा था। हादसे के वक्त आर्यन उसी मेडिकल कॉलेज के मैस में लंच करने गया था, इस दौरान मैस की बिल्डिंग पर एयर इंडिया का विमान आ गिरा। 22 साल का आर्यन ग्वालियर के पास जिगसौली गांव का रहने वाला था और उसने गांव में ही रहकर नीट एंट्रेंस परीक्षा की तैयारी की थी। उसके निधन की दुखद खबर जैसे ही ग्रामीणों को पता चली पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई।

मृतक मेडिकल छात्र आर्यन राजपूत के भाई भीकम सिंह का कहना है कि वह पढ़ाई में बहुत तेज था और नीट की परीक्षा में उसके 700 नंबर आए थे। एक महीने पहले ही वह गांव में आया था और उसका सपना था कि वह देश का बड़ा डॉक्टर बनकर लोगों की सेवा करे। घटना के बाद गांव में काफी दुख का माहौल है। आर्यन की मौत की खबर अभी माता-पिता और बहन को नहीं दी गई है। उसकी मां और उसकी बहन अभी उसकी मौत की खबर से अनजान हैं और उन्हें सिर्फ यही कहा गया है कि आर्यन गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। घरवालों को इस बात का अहसास ना हो इसलिए ग्रामीण गांव से निकलकर बाहर इकट्ठे हुए और आर्यन की डेड बॉडी का इंतजार कर रहे हैं।

आर्यन राजपूत की मौत की खबर से उसके दोस्तों को भी सदमा पहुंचा है और वे काफी परेशान हैं। उनका कहना है कि 20 दिन पहले ही आर्यन गांव में आया था और हमारे साथ जमकर क्रिकेट खेला था। उन्होंने बताया कि आर्यन पढ़ने में काफी होशियार था। वह गांव का होनहार लड़का था। बचपन से ही उसका सपना था कि वह आगे जाकर डॉक्टर बनेगा, इसलिए उसने घर से ही नीट की तैयारी की और वह 700 नंबर लेकर आया।

बता दें कि अहमदाबाद में गुरुवार को हुई विमान दुर्घटना में कुल 265 लोगों की मौत हो गई। इस दौरान विमान में सवार चालक दल के 12 सदस्यों के साथ कुल 241 लोगों की मौत हुई, वहीं विमान जिस मेडिकल कॉलेज के परिसर में बिल्डिंगों पर गिरा, वहां मौजूद कम से कम 25 अन्य लोगों की मौत भी हो गई। यह हादसा तब हुआ जब अहमदाबाद से लंदन जा रहा एयर इंडिया का बोइंग 787-8 (उड़ान 171) विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस हादसे में विमान में सवार लोगों में से सिर्फ एक यात्री ही चमत्कारिक ढंग से जीवित बचा।

रिपोर्ट- अमित कुमार

लेटेस्ट Hindi News, Bhopal News, Indore News, Jabalpur News, Gwalior News, Ujjain News के साथ-साथ MP Board Result 2026 Live और MP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।