goharganj raisen rape case accused salman encounter रायसेन के सलमान ने 'खाई गोली', गिरफ्तारी के बाद भागने की कोशिश और एनकाउंटर, Madhya-pradesh Hindi News - Hindustan
More

रायसेन के सलमान ने 'खाई गोली', गिरफ्तारी के बाद भागने की कोशिश और एनकाउंटर

गौहरगंज दुष्कर्म का आरोपी सलमान खान आखिरकार वारदात के एक हफ्ते बाद राजधानी भोपाल की पुलिस के हत्थे चढ़ गया। गिरफ्तारी के बाद भागने की कोशिश करने वाले सलमान का शॉर्ट एनकाउंटर भी हुआ है। पुलिस ने सलमान के पैर में गोली मारी है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Fri, 28 Nov 2025 08:13 AMSudhir Jha लाइव हिन्दुस्तान, भोपाल
share
रायसेन के सलमान ने 'खाई गोली', गिरफ्तारी के बाद भागने की कोशिश और एनकाउंटर

मध्य प्रदेश में 6 साल की मासूम बच्ची को हवस का शिकार बनाने के आरोपी सलमान को आखिरकार पकड़ लिया गया है। रायसेन के गौहरगंज में वारदात को अंजाम दिए जाने के एक सप्ताह बाद सलमान को पकड़ा जा सका और भागने की कोशिश में उसे गोली भी खानी पड़ी है। पुलिस ने सलमान के पैर में गोली मारी है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

आरोपी गुरुवार देर रात लगभग साढ़े 11 बजे भोपाल के गांधीनगर से पकड़ में आ गया। पुलिस से पूछताछ में उसने दावा किया कि वो जंगल के रास्ते पैदल आया है, जिसके बाद रायसेन की गौहरगंज पुलिस उसे अपने साथ ले गई। गांधीनगर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर गौहरगंज पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस जब उसे गौहरगंज ले जा रही थी भोजपुर के पास जंगल के इलाके में पुलिस की गाड़ी पंक्चर हो गई। जब उसे दूसरी गाड़ी में बिठाया जा रहा था तो उसने भागने की कोशिश की। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने एक पुलिसकर्मी से रिवॉल्वर छीन ली और फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसके पैर में गोली मारकर उसे दबोच लिया।

गौहरगंज में पिछले शुक्रवार को छह साल की बच्ची से दुष्कर्म का मामला सामने आया था। इसके बाद से आरोपी सलमान फरार था। हालांकि दो दिन पहले उसके दो सीसीटीवी फुटेज सामने आए थे, जिसमें वो घटना के बाद एक स्थानीय दुकान से सिगरेट खरीदता हुआ दिखाई दे रहा था। इसके बाद ये भी दिखा था कि लोगों ने उसका पीछा करने की कोशिश की, लेकिन वो जंगल की ओर भाग गया।

पिछले लगभग एक सप्ताह से ये मामला राजधानी भोपाल और रायसेन के प्रशासनिक हलकों में चर्चाओं का सबब बना हुआ था। रायसेन और गौहरगंज में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन चल रहे थे। आक्रोश को देखते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दो दिन पहले रायसेन पुलिस अधीक्षक पंकज पांडेय को हटा दिया था। इसके बाद जिम्मेदारी मिलते ही नए एसपी आशुतोष गुप्ता ने गुरुवार को ही घटना स्थल गांव पांजरा जाकर दुष्कर्म की पीड़िता के घर जाकर उनके परिजन से मुलाकात की थी। उन्होंने उन सभी स्थानों का मुआयना भी किया था, जहां से आरोपी के भागने की आशंकाएं व्यक्त की गईं थीं।

इसके पहले बुधवार को 6 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के मामले में सकल हिंदू समाज द्वारा धरना प्रदर्शन किया गया था। इस दौरान कुछ लोगों ने पथराव भी किया, हालांकि पुलिस प्रशासन ने तुरंत स्थिति को नियंत्रित कर शांति व्यवस्था बहाल कर दी थी।

लेटेस्ट Hindi News, Bhopal News, Indore News, Jabalpur News, Gwalior News, Ujjain News के साथ-साथ MP Board Result 2026 Live और MP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।