From Epstein files to people disappearing in Delhi, Baba Bageshwar spoke extensively on many topics एपस्टीन फाइल्स से दिल्ली में बच्चों-महिलाओं के गायब होने तक, हर मुद्दे पर जमकर बोले बाबा बागेश्वर धीरेंद्र शास्त्री, Madhya-pradesh Hindi News - Hindustan
More

एपस्टीन फाइल्स से दिल्ली में बच्चों-महिलाओं के गायब होने तक, हर मुद्दे पर जमकर बोले बाबा बागेश्वर धीरेंद्र शास्त्री

पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने अपील करते हुए कहा, 'हम पूरे भारत समाज से, भारतीयों से और यहां बैठे हुए श्रोताओं से प्रार्थना करेंगे, अपने बच्चों पर तुम ध्यान देना। आर या व्यापार देकर तुम मत मरना, लेकिन बच्चों संस्कार देकर मरना।'

Mon, 9 Feb 2026 04:59 PMSourabh Jain लाइव हिन्दुस्तान, छतरपुर, मध्य प्रदेश
share
एपस्टीन फाइल्स से दिल्ली में बच्चों-महिलाओं के गायब होने तक, हर मुद्दे पर जमकर बोले बाबा बागेश्वर धीरेंद्र शास्त्री

मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में स्थित बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री का बयान एक सामने आया है, जिसमें वह दुनियाभर में चर्चा का विषय बनी एपस्टीन फाइल्स का जिक्र करते नजर आ रहे हैं। उन्होंने लोगों को बताया कि किस तरह दुनिया के बड़े-बड़े अमीर लोग एक टापू पर जाकर 8-8 साल की बच्चियों के साथ गंदा काम कर रहे थे। यह बात उन्होंने सतना के शिवराजपुर में हाल ही में हुई हनुमंत कथा के दौरान वहां पधारे श्रद्धालुओं से कही। इस दौरान उन्होंने इस साल जनवरी के महीने में दिल्ली से लापता हुए 800 से ज्यादा लोगों (जिनमें बच्चों और महिलाओं की संख्या ज्यादा है) मुद्दा भी उठाया और देशभर के लोगों से अपने बच्चों को संस्कार देने की बात कही, साथ ही उन्होंने लड़कियों को किसी पर भरोसा ना करने और इंटरनेट की गंदी दुनिया से दूर रहने की सलाह भी दी। उन्होंने बताया कि ऐसा नहीं हुआ तो एक वक्त पर हिंदू बेटियों और लोगों की संख्या बहुत कम बचेगी। बाबा बागेश्वर के इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

लोगों को बताया क्या है एपस्टीन फाइल्स

वायरल वीडियो में वह एपस्टीन फाइल्स के बारे में बताते हुए लोगों से कहते हैं, 'इन दिनों दुनियाभर में एपस्टीन फाइल्स का एक ऐसा मुद्दा ट्रेंडिंग में है, कि जिसमें बड़े-बड़े अमीर, बिल गेट्स जैसे लोग, डोनाल्ड ट्रंप जैसे लोगों की काली करतूतें 35 हजार पेजों में रिकॉर्ड हुई हैं और इसमें उनके गंदे कृत्यों के बारे में बताया गया है।' बाबा बागेश्वर ने आगे कहा, 'उनके गंदे कामों की क्या बात करें, उन लोगों ने 8-8 साल की बच्चियों को नहीं छोड़ा। वे उनके लिए आईलैंड में जाते थे, एपस्टिन के आईलैंड में जाते थे और वहां पर 8-8 साल की बच्चियों को ले जाते थे और उनको नशा देकर उनके साथ गंदा कृत्य करते थे।'

दिल्ली में लापता हुए लोगों की जानकारी भी दी

इसके बाद दिल्ली में बड़ी संख्या में लापता हुए लोगों का मु्द्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि 'अभी हमारी दिल्ली में जिसे हम राजधानी कहते हैं, औसतन 815 लोग प्रतिदिन लापता हो रहे हैं, कहां जाते हैं पता नहीं। औसतन 815 लोग केवल दिल्ली से लापता होते हैं।'

आगे उन्होंने कहा, 'अभी ठीक 1 महीना पहले हमारे एक शिष्य के साथ घटना हुई, हमारा एक शिष्य है हम नाम उजागर नहीं करेंगे, उसकी बहन के साथ एक घटना हुई। उसकी बहन को नशे का आदी बनाकर, उसे दुबई के नाम पर मॉडलिंग दिखाकर के टीवी में उसका नेम-फेम कर ऐसी बातें बनाकर एक पूरे जहाज में बंद करके बेचने के लिए गोवा के रास्ते ले जा रहा था। वह पकड़ा गया।'

लोगों से कहा- बच्चों को संस्कार देकर मरना

पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने इसके आगे लोगों से अपने बच्चों को अच्छे संस्कार देने की अपील करते हुए कहा, 'हम पूरे भारत समाज से, भारतीयों से और यहां बैठे हुए श्रोताओं से प्रार्थना करेंगे, अपने बच्चों पर तुम ध्यान देना। आर या व्यापार देकर तुम मत मरना, लेकिन बच्चों संस्कार देकर मरना।'

बेटियों से बोले- सिर्फ बाहर से अच्छी है इंटरनेट की दुनिया

आगे उन्होंने लड़कियों से इंटरनेट की लुभावनी दुनिया से दूर रहने व उसके चक्कर में पड़कर किसी को अपनी इज्जत नहीं सौंपने का अनुरोध करते हुए कहा, 'बच्चियों से हमारी प्रार्थना है, बेटियों तुम मर जाना, पर किसी पर भरोसा ना करना। ये इंटरनेट की दुनिया जितनी अच्छी दिखाई देती है, उतनी ही घटिया दुनिया है, वाहियात दुनिया है।'

'इंस्टाग्राम पर मिलने वाला हर लड़का संस्कारी नहीं होता'

बच्चियों को सचेत करते हुए उन्होंने कहा, 'बेटियों तुम रील के चक्कर में, इंस्टाग्राम के चक्कर में, सुंदर-सुंदर चेहरे देखकर, अच्छी-अच्छी, मीठी-मीठी बातें करने वाले लड़कों से बात करती हो, और इसके जाल में फंसकर बेटियों तुम अपनी इज्जत, अपनी परंपराओं को समर्पित कर देती हो। लेकिन बेटियों इंस्टाग्राम पर आने वाला हर लड़का संस्कारवान नहीं होता, और याद रखना, जो तुम्हें लाइक और कमेंट कर रहा है, वो तुम्हें भर नहीं कर रहा, वो हर सुंदर दिखने वाली लड़की को लाइक और कमेंट करता है।

बेटियों को बताई कथा के साथ यह सब समझाने की वजह

आगे उन्होंने कहा, ‘हमारी बातें सुनकर तुम्हें लग रहा होगा कि गुरुजी कथा सुनाने आए हैं, बेटियों हम कथा के साथ-साथ यदि तुम्हें नहीं समझाएंगे तो वह दिन दूर नहीं है जब हिन्दुओं की बेटियां बहुत कम बचेंगी और हिन्दू बहुत कम बचेंगे।’

लापता लोगों की जानकारी देते हुए बाबा से हुई गलती

बाबा बागेश्वर ने दिल्ली में औसतन 800 लोगों के रोजाना लापता होने की जो जानकारी दी, उसमें उन्होंने एक गलती कर दी। दरअसल दिल्ली में रोजाना इतने लोग गायब नहीं हो रहे हैं, बल्कि दिल्ली पुलिस के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 1 से 15 जनवरी के बीच कुल 807 लोग लापता हुए, यानी प्रतिदिन औसतन 54 लोग लापता हुए। इनमें से 509 महिलाएं और लड़कियां तथा 298 पुरुष हैं। लापता लोगों में से 191 नाबालिग और 616 वयस्क हैं।

लेटेस्ट Hindi News, Bhopal News, Indore News, Jabalpur News, Gwalior News, Ujjain News के साथ-साथ MP Board Result 2026 Live और MP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।