दिग्विजय सिंह को पीएम मोदी पर भरोसा! NEET बवाल के बीच क्या है नया विवाद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा और आरएसएस के कटु आलोचक दिग्विजय सिंह ने नीट परीक्षा को लेकर एक ऐसा बयान दिया कि कांग्रेस पार्टी ही असहज हो गई। पार्टी ने अब सफाई देते हुए कहा कि पीएम को कोई क्लीनचिट नहीं दी गई है।

यदि आपसे पूछा जाए कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह पर खबरों की सबसे ज्यादा सुर्खियां आप क्या देखते हैं? निश्चित तौर पर आपका जवाब होगा- पीएम मोदी, भाजपा और आरएसएस की तीखी आलोचना करते हुए। लेकिन क्या होगा यदि वह पीएम मोदी पर भरोसा जाहिर करें। क्या होगा जब वह कहें कि मोदी खुद करेंगे तो ठीक होगा...। जैसा आपने सोचा ठीक वैसी है बात बड़ी हो गई है, हंगामा हो गया है। बवाल इस तरह बढ़ा कि अब कांग्रेस पार्टी सफाई देने में जुटी है। आइए यहां समझते हैं कि आखिर पूरा मामला क्या है।
दरअसल, दिग्विजय सिंह का भरोसे वाला यह बयान उस मामले में आया है जिसको लेकर इन दिनों पूरे देश में हंगामा मचा है। कांग्रेस पार्टी से सोशल मीडिया पर बनी कॉकरोच पार्टी तक सरकार को घेरने में जुटी है। मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET का पेपर लीक होने के बाद जहां एक तरफ विपक्ष सरकार पर हमलावर है तो अपने बयानों के लिए अक्सर चर्चा में रहने वाले दिग्विजय सिंह ने अब कुछ ऐसे शब्द कह दिए जिससे उनकी पार्टी असहज है। वहीं, भाजपा सरकार इस बयान को अपने लिए राहत के तौर पर देख रही है।
ऐसा क्या बोले दिग्विजय सिंह
दरअसल, दिग्विजय सिंह शिक्षा पर बनी संसदीय समिति की बैठक के बाद यह बयान दिया। उन्होंने न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत के दौरान इस बात पर भरोसा जताया कि 21 जून को दोबारा होने जा रही परीक्षा की निगरानी अब खुद पीएम मोदी कर रहे हैं तो सब ठीक होगा। दिग्विजय सिंह की जिस बात पर पार्टी की सफाई आई है, उसमें उन्होंने कहा, 'हम लोगों को इस बात का भरोसा है, जब प्रधानमंत्री ने स्वंय ने (जिम्मेवारी) ले लिया है तो पूरी सफलता से किया जाएगा, हम उम्मीद करते हैं। अगर इसमें भी लीक हो गया फिर तो हद ही हो गई।'
पार्टी लाइन से ऊपर...
दिग्विजय सिंह ने कहा कि इस मसले पर स्टैंडिंग कमिटी में पार्टी लाइन से ऊपर उठकर चर्चा हो रही है और सुधार पर ध्यान दिया जा रहा है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद ने कहा, 'सदस्य चाहे किसी पार्टी के हो, हम सब एक मत से चाहे नीट हो चाहे सीबीएसई हो, हम लोग पार्टी के आधार पर चर्चा नहीं कर रहे हैं। हम लोग कैसे इस पूरी व्यवस्था में सुधार कर सकते हैं उस पर ध्यान दे रहे हैं।' उन्होंने समिति की बैठक में हुई चर्चा पर कुछ भी बताने से इनकार किया। हालांकि, उन्होंने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि यदि वह ऐसा ना करें तो बर्खास्त करना चाहिए। दिग्विजय सिंह ने कहा, 'निकम्मेपन की वजह से प्रधानमंत्री को स्वंय अपने हाथ में लेना पड़ रहा है। प्रधान का इस्तीफा होना चाहिए या उन्हें बर्खास्त करना चाहिए।'
सफाई में क्या बोली कांग्रेस
दिग्विजय सिंह का बयान वायरल होने के बाद कांग्रेस पार्टी ने डैमेज कंट्रोल की कोशिश की। पार्टी के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने कहा कि स्टैडिंग कमिटी ने प्रधानमंत्री या उनके 'सिस्टम' को कोई क्लीनचिट नहीं दी है और ना ही दिग्विजय सिंह उनमें भरोसा जाहिर किया है। जयराम ने एक पोस्ट में कहा, 'मिस्टर दिग्विजय सिंह ने कहा कि हमें सॉलिसिटर जनरल ने सूचना दी कि प्रधानमंत्री व्यक्तिगत तौर पर दोबारा होने जा रहे नीट एग्जाम का निरीक्षण कर रहे हैं। हमारे छात्रों के लिए, हमें विश्वास करना चाहिए कि परीक्षा सफलतापूर्वक होगी।' रमेश ने कहा कि किसी भी समझदार व्यक्ति के लिए प्रधानमंत्री और उनकी 'प्रणाली' पर विश्वास करना असंभव है।




साइन इन