encounter in madhya pradesh bhind police caught two member of maya gang MP के भिंड में एनकाउंटर, गोली मारकर माया गैंग के दो गुर्गों को पकड़ा; लूटपाट कर भाग रहे थे UP की ओर, Madhya-pradesh Hindi News - Hindustan
More

MP के भिंड में एनकाउंटर, गोली मारकर माया गैंग के दो गुर्गों को पकड़ा; लूटपाट कर भाग रहे थे UP की ओर

मध्य प्रदेश के भिंड जिले में पुलिस ने एनकाउंटर के दौरान गोली मारकर माया गैंग के दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि एक बदमाश भागने में सफल रहा। बदमाश एक ज्वेलरी शोरूम में लूटपाट करने के बाद उत्तर प्रदेश की तरफ भाग रहे थे।

Sun, 2 Feb 2025 03:55 PMSubodh Kumar Mishra लाइव हिन्दुस्तान, भिंड
share
MP के भिंड में एनकाउंटर, गोली मारकर माया गैंग के दो गुर्गों को पकड़ा; लूटपाट कर भाग रहे थे UP की ओर

मध्य प्रदेश के भिंड जिले में पुलिस ने एनकाउंटर के दौरान गोली मारकर माया गैंग के दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि एक बदमाश भागने में सफल रहा। बदमाश एक ज्वेलरी शोरूम में लूटपाट करने के बाद उत्तर प्रदेश की तरफ भाग रहे थे।

मध्य प्रदेश के भिंड में ज्वेलरी शोरूम में लूट करने वाले हथियार बंद बदमाशों को पुलिस ने शॉर्ट एनकाउंटर में धर दबोचा है। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस देर रात अटेर के बीहड़ पहुंची। यहां पुलिस और बदमाशों के बीच फायरिंग हुई। दो आरोपियों के पैर में गोली लगी है और तीसरा फरार हो गया।

दरअसल, शनिवार शाम करीब 7 बजे बदमाश सराफा व्यापारी आनंद सोनी की दुकान में घुस गए थे। यहां उन्होंने दो फायर किए, फिर व्यापारी पर कट्‌टा अड़ा दिया। व्यापारी से कहा पुलिस से कह देना कि मुंबई में बहुत लूट की है। ये माया गैंग है। बदमाश 10 मिनट में सोना लूटकर बाइक से फरार हो गए।

बता दें कि आनंद ज्वेलर्स के संचालक आनंद सोनी दुकान में शाम को पूजा करने की तैयारी में थे। इसी दौरान आए तीन बदमाशों ने दो हवाई फायर किए। एक गोली दुकान की शटर में जाकर लगी। दो बदमाशों ने व्यापारी और उसके साथी पर कट्‌टा अड़ा दिया। तीसरे बदमाश ने दुकान में रखे लॉकर से माल समेट लिया।

जानकारी के मुताबिक, लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी उत्तर प्रदेश सीमा की ओर भाग रहे थे। पुलिस ने पीछा करते हुए उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन बदमाश फायरिंग करते हुए अटेर किले की ओर भाग निकले। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान आंसू श्रीवास और राकेश तोमर के रूप में हुई है। दोनों के पैरों में गोली लगी है। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

एसपी असित यादव ने कहा कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। पुलिस फरार हुए बदमाश की तलाश में जुटी हुई है। घटना के बाद आसपास के व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद कर ली थी। लूट के बाद व्यापारी आनंद सोनी की तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें घर ले गए। पुलिस को इसकी सूचना दी गई। इसके बाद सिटी कोतवाली पुलिस और देहात पुलिस मौके पर पहुंची। एसपी असित यादव समेत अन्य अधिकारी भी वहां पहुंचे। दुकान में लगे सीसीटीवी की डीवीआर जब्त कर ली गई।

लेटेस्ट Hindi News, Bhopal News, Indore News, Jabalpur News, Gwalior News, Ujjain News के साथ-साथ MP Board Result 2026 Live और MP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।