Either took Vijayvargiya resignation by January 11th or, Jitu Patwari issues ultimatum या तो 11 जनवरी तक कैलाश विजयवर्गीय का इस्तीफा लो या फिर…; MP कांग्रेस अध्यक्ष ने दिया अल्टीमेटम, Madhya-pradesh Hindi News - Hindustan
More

या तो 11 जनवरी तक कैलाश विजयवर्गीय का इस्तीफा लो या फिर…; MP कांग्रेस अध्यक्ष ने दिया अल्टीमेटम

पटवारी ने इंदौर में हुई मौतों को लेकर शहर के मेयर, निगमायुक्त और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की। साथ ही उन्होंने कहा कि दो लाख का मुआवजा देकर, 16 मौतों का हिसाब नहीं दिया जा सकता।

Sat, 3 Jan 2026 11:39 PMSourabh Jain लाइव हिन्दुस्तान, इंदौर, मध्य प्रदेश
share
या तो 11 जनवरी तक कैलाश विजयवर्गीय का इस्तीफा लो या फिर…; MP कांग्रेस अध्यक्ष ने दिया अल्टीमेटम

मध्य प्रदेश के इंदौर में दूषित पानी से हुई कई लोगों की मौत के मामले में कांग्रेस पार्टी ने अब इसे बड़ा मुद्दा बनाते हुए फ्रंट फुट पर खेलने की तैयारी कर ली है। इस मामले को लेकर शनिवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने राज्य की मोहन यादव सरकार को 11 जनवरी तक प्रभावित इलाके के विधायक व प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का इस्तीफा लेने का अल्टीमेटम दिया। साथ ही ऐसा ना होने पर पूरी मध्य प्रदेश कांग्रेस के साथ मां अहिल्या बाई की नगरी इंदौर में धरने पर बैठने की चेतावनी दी।

इस बारे में संवाददाताओं से बात करते हुए पटवारी ने कहा, 'मोहन यादव जी की रीढ़ की हड्डी है, तो उन्हें कैलाश विजयवर्गीय को इसी वक्त बर्खास्त करना चाहिए, उनका इस्तीफा लेना चाहिए। 16 लोगों की मौत पर सिर्फ कुछ अधिकारियों का तबादला करने से उसकी भरपाई नहीं होगी। यह सिस्टम की नाकामी है और भ्रष्टाचार उसका मूल हथियार है। जिन लोगों की ठेकों में हिस्सेदारी है, वह सब भारतीय जनता पार्टी के हैं।

'संबंधितों पर दर्ज हो गैर इरादतन हत्या का मुकदमा'

आगे उन्होंने इंदौर में हुई मौतों को लेकर शहर के मेयर, निगमायुक्त और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की। साथ ही उन्होंने कहा कि 'मंत्री से इस्तीफा लेना चाहिए। लीपापोती करके, दो लाख का मुआवजा देकर, 16 मौतों का हिसाब नहीं दिया जा सकता।'

'अधिकारी डेढ़ लाख के फल खा जाते हैं, मृतकों का मुआवजा दो लाख'

इसके बाद मृतकों को सरकार की तरफ से दिए जा रहे दो लाख रुपए के मुआवजे को लेकर तंज कसते हुए पटवारी ने कहा, 'मोहन यादव के अधिकारी पंचायत में सुबह विजिट पर गए थे और डेढ़ लाख के फ्रूट्स खा गए थे और आप मृतकों के परिवार को दो लाख रुपए का मुआवजा दे रहे हैं। एक जान की कीमत दो लाख रुपए रखते हैं। ये अपने आप में अन्याय है। कांग्रेस पार्टी इसके खिलाफ 11 तारीख को पूरे इंदौर में पूरे प्रदेश स्तर का आंदोलन करेगी। या तो 11 तारीख तक कैलाश विजयवर्गीय का इस्तीफा लो अन्यथा कांग्रेस पार्टी इंदौर में इस अभियान को हजारों लोगों के साथ मां अहिल्या की नगरी में बैठकर मजबूर करेगी।'

पीसीसी अध्यक्ष ने कहा, 'जिस मंत्री का दायित्व था, जिसके कारण 16 लोगों की मौत हुई, उसका इस्तीफा होना चाहिए, महापौर के खिलाफ FIR होना चाहिए। अन्यथा, पूरे प्रदेश की कांग्रेस 11 तारीख को मां अहिल्या के चरणों में जाएगी।'

'भाजपा के गुंडों ने कांग्रेसियों को रोका'

इससे बाद शेयर की एक अन्य पोस्ट में जीतू पटवारी ने भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा कांग्रेसियों पर हमला करने का आरोप लगाते हुए लिखा, 'इंदौर में दूषित पानी पीने से 16 लोगों की मौत हो गई है और 1500 से ज़्यादा लोग बीमार हो गए हैं। इस प्रकरण में जब कांग्रेस कमेटी द्वारा गठित समिति जांच के लिए पहुंची, तो भाजपा के गुंडों ने तांडव मचाकर हमारे साथियों को पीड़ितों से मिलने से रोका। मुख्यमंत्री मोहन यादव जी, आपके प्रभार वाले इंदौर में यह कैसा तांडव चल रहा है, जहां आपकी सरकार खुलेआम चोरी भी कर रही है और सीना जोरी भी।'

आगे उन्होंने लिखा, 'ज़हरीला पानी आपकी सरकार देती है। पार्षद, महापौर, विधायक और सांसद सभी आपकी पार्टी के हैं, और सड़क पर खड़े ये गुंडे भी आपकी ही पार्टी से जुड़े हुए हैं। क्या संवेदना के साथ आपकी पूरी सरकार ने शर्म भी खो दी है।'

बोले- मोहन सरकार विपक्ष से डर गई

एक अन्य पोस्ट में उन्होंने इंदौर में कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी का जिक्र करते हुए लिखा, 'मुख्यमंत्री मोहन यादव के इशारों पर पूर्व मंत्री सज्जन वर्मा जी और वरिष्ठ नेताओं को जिस तरह गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है, उससे साफ प्रतीत होता है कि मोहन सरकार कितनी डरी हुई है। मोहन यादव जी, विपक्ष के नेताओं को तो आप जेल में बंद कर दोगे, पर सच की इस आवाज़ को कैसे बंद करोगे? अब पूरा मध्य प्रदेश आपसे जवाब मांगने आ रहा है।'

सभी दौरे रद्द कर इंदौर के लिए निकले

आगे उन्होंने लिखा, 'जिस तरह मोहन सरकार ने आज इंदौर में तांडव मचाया है और पूर्व मंत्री सज्जन वर्मा जी के नेतृत्व में जांच करने पहुँची कमेटी के सभी वरिष्ठ नेताओं को गिरफ्तार कराया है, यह लोकतंत्र की हत्या है। सत्ता के अहंकार और सच के डर से मोहन यादव और कैलाश विजयवर्गीय कांग्रेस नेताओं को निशाना बनाकर गिरफ़्तार करा रहे हैं। इसी कारण मैं अपने मौजूदा सभी दौरे निरस्त कर इंदौर के लिए रवाना हो रहा हूं। मोहन यादव जी, आपकी जवाबदेही तय करने पूरी मध्य प्रदेश कांग्रेस इंदौर आ रही है।'

लेटेस्ट Hindi News, Bhopal News, Indore News, Jabalpur News, Gwalior News, Ujjain News के साथ-साथ MP Board Result 2026 Live और MP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।