CM Mohan Yadav in Jaipur for Interactive Session on Investment Opportunities in MP राजस्थान और MP जुड़वां भाइयों की तरह; CM यादव ने निवेश के लिए जयपुर में उद्योगपतियों को दिया न्योता, Madhya-pradesh Hindi News - Hindustan
More

राजस्थान और MP जुड़वां भाइयों की तरह; CM यादव ने निवेश के लिए जयपुर में उद्योगपतियों को दिया न्योता

कार्यक्रम के दौरान सीएम ने कहा कि व्यापार एवं उद्योगों को प्रोत्साहन देने के लिए मध्यप्रदेश में सभी आवश्यक संसाधनों के साथ-साथ सबसे किफायती दरों पर बिजली उपलब्ध कराई जा रही है

Sat, 21 March 2026 05:05 PMSourabh Jain एएनआई, जयपुर, राजस्थान
share
राजस्थान और MP जुड़वां भाइयों की तरह; CM यादव ने निवेश के लिए जयपुर में उद्योगपतियों को दिया न्योता

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव शनिवार को राजस्थान की राजधानी जयपुर पहुंचे। यहां पर उन्होंने 'इंटरैक्टिव सेशन ऑन इन्वेस्टमेंट अपॉर्च्युनिटीज इन मध्यप्रदेश' कार्यक्रम के जरिए राजस्थान के बड़े उद्योगपतियों को मध्य प्रदेश में निवेश करने के लिए आमंत्रित किया। वहीं कार्यक्रम से पहले CM यादव ने मध्य प्रदेश और राजस्थान के बीच गहरे संबंधों पर प्रकाश डाला और दोनों राज्यों को जुड़वां भाई की तरह बताया।

सीएम यादव ने राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की भी तारीफ की और कहा कि वे राज्य सरकार का नेतृत्व बहुत प्रभावी ढंग से कर रहे हैं। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने दोनों राज्यों के रिश्तों में एक नई गर्मजोशी और साझा विकास की प्रतिबद्धता जताई।

निवेशकों को लुभाने बिजली की उपलब्धता के बारे में बताया

कार्यक्रम के दौरान सीएम यादव ने कहा, राज्य में पीपीपी मॉडल के आधार पर मेडिकल कॉलेजों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। व्यापार एवं उद्योगों को प्रोत्साहन देने के लिए मध्यप्रदेश में सभी आवश्यक संसाधनों के साथ-साथ सबसे किफायती दरों पर बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही उन्होंने कहा, मध्यप्रदेश में हर क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा देने के लिए 26 अनुकूल नीतियां हैं, इसके साथ ही उद्योगों और निवेश को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

MP व राजस्थान को बताया जुड़वां भाइयों जैसा

कार्यक्रम के दौरान CM मोहन यादव ने कहा, 'हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि राजस्थान और मध्य प्रदेश जुड़वां भाइयों की तरह है, ये परमात्मा की कृपा है। दोनों में कोई अंतर नहीं है। हजारों सालों से दोनों भाइयों की तरह अपनी क्षमताओं और योग्यता के बल पर आगे बढ़ने की ताकत रखते आए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में ये संबंध और भी गहरे हुए हैं।'

जमकर की राजस्थान के मुख्यमंत्री तारीफ की

आगे राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा, 'मेरे मित्र भजनलाल शर्मा यहां बहुत अच्छे से सरकार चला रहे हैं। राजस्थान अपनी ताकत और शौर्य के साथ, हर क्षेत्र में अपार संभावनाओं वाला राज्य है। दोनों राज्यों की सरकारें आगे बढ़ने के लिए पूरे अवसरों के साथ काम कर रही हैं।'

नदी जोड़ो परियोजना का किया जिक्र

आगे मुख्यमंत्री ने पार्वती-कालीसिंध-चंबल (PKC) नदी-जोड़ो परियोजना का जिक्र करते हुए कहा कि जब दोनों सरकारें पानी के बंटवारे जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे पर इतने सौहार्द के साथ मिलकर काम कर सकती हैं, तो व्यापार के अवसरों को बढ़ाने में कोई समस्या नहीं आनी चाहिए, इन्हें तो बढ़ना ही चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पानी की समस्या सुलझने से औद्योगिक विकास को भी गति मिलेगी।

इससे पहले इस कार्यक्रम की जानकारी देते हुए सीएम यादव ने सोशल मीडिया पर बताते हुए कहा था, 'मध्यप्रदेश अपनी नीतिगत स्पष्टता, त्वरित निर्णय क्षमता और मजबूत इंफ्रास्क्चर के बलबूते निवेश का बेहतरीन गंतव्य बन चुका है। इसी क्रम में शनिवार को जयपुर में आयोजित 'इंटरैक्टिव सेशन ऑन इंवेस्टमेंट अपॉर्च्युनिटीज इन मध्यप्रदेश' में उद्योगपतियों के साथ संवाद करेंगे। इस संवाद में टेक्सटाइल, ईवी ऑटोमोबाइल, फूड प्रोसेसिंग, पर्यटन व अन्य प्रमुख क्षेत्रों पर फोकस रहेगा। इसमें राज्य की ऑद्योगिक नीतियों, बुनियादी संरचना और प्रोत्साहन योजनाओं की भी जानकारी दी जाएगी।'

लेटेस्ट Hindi News, Bhopal News, Indore News, Jabalpur News, Gwalior News, Ujjain News के साथ-साथ MP Board Result 2026 Live और MP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।