BJP विधायक प्रदीप अग्रवाल को संत सीताराम ने मारा मुक्का, MP में मंच से दिया धक्का; 'आशीर्वाद' का VIDEO वायरल
मध्य प्रदेश की सेवड़ा सीट से विधायक प्रदीप अग्रवाल का एक वीडियो वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में संत सीताराम महराज उन्हें मुक्कों से मार रहे हैं। इस दौरान उन्हें मंच से धक्का भी दिया।

मध्य प्रदेश के दतिया में श्रीमद् भागवत कथा का आयोजना किया गया था। इस कथा में प्रसिद्ध संत सीताराम महराज भी पहुंचे थे। इस दौरान मंच पर आशीर्वाद लेने के लिए सेवड़ा के विधायक प्रदीप अग्रवाल पहुंचे तो सीताराम महराज ने मुक्के बरसाना शुरू कर दिया। मुक्के बरसाने के बाद सीताराम महराज ने प्रदीप अग्रवाल को मंच से धक्का भी दे दिया। अब इस घटना का वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद इसे संत का आशीर्वाद बताया जा रहा है।
वायरल वीडियो में क्या है
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे वीडियो में बीजेपी विधायक आशीर्वाद की उम्मीद लेकर संत सीताराम महराज के पास पहुंचते हैं। इस दौरान जब संत सीताराम की नजर उनपर पड़ती है तो प्रदीप अग्रवाल हाथ जोड़कर अपना सिर झुका लेते हैं। इसके बाद सीताराम महराज ने एक-एक कर तीन मुक्के बीजेपी विधायक को मारे और इसके बाद उन्हें धक्का देकर दूर कर दिया। इस दौरान संत सीताराम ने उनकी माला भी भी फेंक दी। हालांकि, लोगों का कहना है कि संत सीताराम महराज का विशेष आशीर्वाद देने का एक अलग तरीका है।
कौन हैं प्रदीप अग्रवाल
प्रदीप अग्रवाल मध्य प्रदेश के दतिया जिले की सेवड़ा विधानसभा सीट से विधायक हैं। साल 2013 में भी सेवड़ा से वो चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे थे। बीजेपी के टिकट पर प्रदीप अग्रवाल ने कई बार चुनाव लड़ा है। विधानसभा और लोकसभा चुनावों में वो चंबल-ग्वालियर के प्रभावी नेताओं में गिने जाते हैं। इस क्षेत्र की जनता में प्रदीप अग्रवाल की अच्छी पैठ है।
प्रदीप अग्रवाल अपनी ही सरकार में प्रशासन के खिलाफ मुखर रूप से नजर आए हैं। प्रदीप अग्रवाल ने दतिया में अपराध को लेकर मुखर आवाज उठाई थी। पुलिस पर सवाल उठाते हुए प्रदीप अग्रवाल ने कहा था कि जिले में जुआ, अवैध खनन आदि की घटनाएं बढ़ रही हैं। इसके अलावा प्रदीप अग्रवाल सड़क, बिजली, पानी आदि की समस्याओं को लेकर भी जनता की आवाज उठाते रहते हैं।




साइन इन