सीएम मोहन यादव के आवास पर भाजपा कोर कमेटी की बैठक, UCC पर जल्द बड़ा ऐलान संभव
एमपी सीएम मोहन यादव के आवास पर भाजपा कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक हुई। इस बैठक में यूसीसी के मसौदे पर मंथन हुआ और महिला आरक्षण को लेकर जागरूकता अभियान की तैयारियों पर विचार किया गया।

UCC in MP: भोपाल में भारतीय जनता पार्टी की नवगठित 13 सदस्यीय मध्य प्रदेश कोर कमेटी की पहली बैठक मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित हुई। बैठक में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे, जबकि शिवराज सिंह चौहान पटना दौरे के कारण शामिल नहीं हो सके। सीएम आवास पर घंटों चली बैठक में यूसीसी के मसौदे पर मंथन और महिला आरक्षण को लेकर तैयारियों पर चर्चा की गई।
बैठक में मुख्यमंत्री मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला और जगदीश देवड़ा समेत कई मंत्री और संगठन पदाधिकारी मौजूद रहे।
यूसीसी के मसौदे पर मंथन
मंगलवार करीब शाम 7:30 बजे शुरू हुई यह बंद कमरे की बैठक देर रात तक चली, जिसमें संगठनात्मक मुद्दों और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों पर चर्चा हुई। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में प्रस्तावित नारी शक्ति वंदन (संशोधन) विधेयक 2026 को लेकर जागरूकता अभियान की तैयारियों पर विचार किया गया। इसके साथ ही राज्य में प्रस्तावित समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के मसौदे पर भी मंथन हुआ।
बैठक के बाद कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया, लेकिन इसे आगामी राजनीतिक रणनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है। इस बैठक को मध्य प्रदेश में भाजपा के भविष्य की रणनीति और चुनावी तैयारियों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
कोर कमेटी में बदलाव का दौर
भाजपा की प्रदेश कोर कमेटी में पिछले कुछ वर्षों में कई बदलाव हुए हैं। 2021 में यह कमेटी 21 सदस्यों की थी, जिसे 2025 में घटाकर 9 सदस्य कर दिया गया। अब हाल ही में इसे फिर से बढ़ाकर 13 सदस्यीय बनाया गया है, जिसमें सिंधिया, वीडा शर्मा और नरोत्तम मिश्रा की वापसी हुई है।




साइन इन