Bajrang Dal demands resignation from Madhya Pradesh CM Mohan Yadav over decision to make beef tax-free in state MP में गौमांस टैक्स फ्री करने के फैसले पर भड़का बजरंग दल, CM मोहन यादव से मांगा इस्तीफा, Madhya-pradesh Hindi News - Hindustan
More

MP में गौमांस टैक्स फ्री करने के फैसले पर भड़का बजरंग दल, CM मोहन यादव से मांगा इस्तीफा

मध्य प्रदेश के जबलपुर में जय महाकाल अंतरराष्ट्रीय बजरंग दल ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा गौमांस को टैक्स फ्री किए जाने के कथित फैसले पर कड़ा विरोध जताते हुए उनसे तत्काल इस्तीफा देने की मांग की है।

Sat, 27 Sep 2025 02:12 PMPraveen Sharma लाइव हिन्दुस्तान, जबलपुर
share
MP में गौमांस टैक्स फ्री करने के फैसले पर भड़का बजरंग दल, CM मोहन यादव से मांगा इस्तीफा

मध्य प्रदेश के जबलपुर में जय महाकाल अंतरराष्ट्रीय बजरंग दल ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा गौमांस को टैक्स फ्री किए जाने के कथित फैसले पर कड़ा विरोध जताते हुए उनसे तत्काल इस्तीफा देने की मांग की है। संगठन के संयोजक कन्हैया तिवारी ने शनिवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने गौ-मांस को टैक्स फ्री कर दिया है, जिससे हिंदू समाज में भारी आक्रोश और आंदोलन की भावना है।

उन्होंने मुख्यमंत्री से इस हिंदू विरोधी फैसले को तुरंत वापस लेने की मांग की। बजरंग दल ने चेतावनी दी कि अगर मुख्यमंत्री सात दिन के अंदर यह फैसला वापस नहीं लेते हैं, तो वे सड़कों पर उतरकर आंदोलन और प्रदर्शन करेंगे।

मोहन यादव से मध्य प्रदेश संभल नहीं रहा : कन्हैया तिवारी

बजरंग दल के संयोजक ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से पिछले दो वर्षों से मध्य प्रदेश संभल नहीं रहा है। उन्होंने मांग की कि मुख्यमंत्री तत्काल त्यागपत्र दें और राज्य की बागडोर किसी उचित व्यक्ति के हाथ में सौंपी जाए। हालांकि, इस विषय पर मुख्यमंत्री या राज्य सरकार की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

'सशस्त्र हिंदू ही सुरक्षित रहेगा'

इसके साथ ही जय महाकाल अंतरराष्ट्रीय बजरंग दल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में हिंदुओं की सुरक्षा पर भी खासा जोर दिया और आगामी 28 सितंबर को शस्त्र पूजन कार्यक्रम करने का ऐलान कर दिया। कन्हैया तिवारी ने 'आई लव मोहम्मद' मुहिम पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह हिन्दुओं को डराने, हिन्दुओं को चमकाने और राष्ट्र विरोधी गतिविधियों के ज्यादा से ज्यादा सक्रिय होने का दुष्परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह मोहम्मद से लव नहीं है। ये लव किसी और से हो रहा है और यह प्रोजेक्टेड है, कोई टूलकिट है, जो इसके पीछे काम कर रहा है कि देश में कैसे अशांति फैलाई जाए। उन्होंने कहा कि शांति तभी आएगी, जब हिन्दुओं के पास शस्त्र होगा। बिना शस्त्र के हिन्दू सुरक्षित नहीं है। हिन्दू सशस्त्र होगा तो ही जाकर यह देशविरोधी तत्व शांत होंगे और हिन्दू उससे निपटने के लिए सक्षम रहेगा। इसके साथ ही उन्होंने सभी दुर्गा समितियों से विसर्जन के ठेले और ट्रॉलियों में पत्थरों के बोरे भरकर रखने को कहा है ताकि पथराव का जवाब पत्थरों से दिया जाए।

शस्त्र पूजन कार्यक्रम की घोषणा

उन्होंने बताया कि यह शस्त्र पूजन और त्रिशूल दीक्षा कार्यक्रम 28 सितंबर को शाम 4:30 बजे से श्री रामलीला मैदान जबलपुर में होगा। उन्होंने सभी हिंदुओं से अधिक से अधिक संख्या में इस कार्यक्रम में शामिल होने का अनुरोध किया और स्पष्ट किया कि भक्तों को अपने शस्त्र लाने की आवश्यकता नहीं है, पूजन के लिए शस्त्र आयोजन स्थल पर ही रखे मिलेंगे।

महिलाओं से मर्यादित वस्त्र पहनकर आने की अपील

कन्हैया तिवारी ने इसके पहले जबलपुर में 30 से अधिक मंदिरों पर महिलाओं को मर्यादित वस्त्र पहनकर आने की अपील के पोस्टर और बैनर मंदिरों पर लगवाए थे। उनका कहना था कि मंदिरों में सभी को उत्तम आचरण करने के साथ वस्त्र भी मर्यादित पहनने चाहिए। इससे न केवल हमारी संस्कृति झलकती है, बल्कि अन्य दर्शनार्थियों की भावनाओं को ठेस भी नहीं पहुंचती है। पोस्टर में लिखा था कि मंदिर में महिलाएं और लड़कियां सिर ढक कर ही आएं। भारतीय संस्कृति के अनुरूप ही कपड़े पहनकर मंदिर में प्रवेश करें। संस्कृति बचाने की जिम्मेदारी आपकी ही है। पोस्टर में आगे लिखा था कि मंदिर में बरमूडा, हाफ पैंट, टी-शर्ट, जींस, टॉप, नाइट सूट और मिनी स्कर्ट जैसे अमर्यादित कपड़े न पहनें। अंत में लिखा है कि इसे अन्यथा न लें, भारतीय संस्कृति आपको ही बचानी है।

रिपोर्ट : विजेन्द्र यादव

लेटेस्ट Hindi News, Bhopal News, Indore News, Jabalpur News, Gwalior News, Ujjain News के साथ-साथ MP Board Result 2026 Live और MP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।