क्रिसमस 2025 शॉपिंग के लिए बेस्ट हैं दिल्ली के 5 बाजार, मिलेगा सस्ता और यूनिक सामान
Best Christmas Shopping Places In Delhi : दिल्ली के इन 5 फेमस बाजार में आपको घर सजाने के लिए सुंदर क्रिसमस ट्री, लाइट्स से लेकर घर आए दोस्तों के लिए यूनिक गिफ्ट्स और सर्दियों के स्टाइलिश कपड़े, सब कुछ एक जगह खरीदने के लिए मिल जाएंगे।

दिसंबर का महीना आते ही दिल्ली की हवाओं में क्रिसमस और न्यू ईयर के जश्न का अलग ही जादू घुलने लगता है। अगर आप भी इस साल क्रिसमस के त्योहार को खास बनाने के लिए शॉपिंग का कोई बेहतरीन ठिकाना तलाश रहे हैं, तो दिल्ली के ये 5 फेमस बाजार आपका स्वागत करने के लिए तैयार हैं। कड़कड़ाती ठंड में जगमगाती लाइट्स से सजे ये बाजार आपको असली फेस्टिव वाइब देंगे। यहां आपको घर सजाने के लिए सुंदर क्रिसमस ट्री, लाइट्स से लेकर घर आए दोस्तों के लिए यूनिक गिफ्ट्स और सर्दियों के स्टाइलिश कपड़े, सब कुछ एक जगह खरीदने के लिए मिल जाएंगे। इतना ही नहीं यहां की मशहूर बेकरीज से आने वाली फ्रेश प्लम केक की खुशबू आपकी शॉपिंग का मजा दोगुना कर देगी। तो चलिए बिना देर किए अपनी एक लिस्ट बनाइए और निकल पड़िए दिल्ली की इन 5 गलियों में सांता की खुशियां बटोरने।
क्रिसमस शॉपिंग के लिए दिल्ली की 5 बेस्ट किफायती मार्केट
1. सेलेक्ट सिटी वॉक और डीएलएफ एवेन्यू (साकेत)
अगर आप क्रिसमस पर भारी-भरकम डेकोरेशन, बड़े-बड़े क्रिसमस ट्री और सांता के साथ फोटो खिंचवाने के लिए क्रेजी हैं तो, इस मार्केट में जरूर आएं। यहां की क्रिसमस मार्केट आपको बिल्कुल यूरोपियन स्टाइल की देखने को मिलेगी, जहां प्रीमियम गिफ्ट्स के साथ आप यूनिक विंटर कलेक्शन भी एक्सप्लोर कर सकते हैं। यह मार्केट सुबह 10:00 बजे से लेकर रात 11:00 बजे तक खुली रहती है। अगर आप लाइट्स और क्रिसमस डेकोरेशन का पूरा आनंद लेना चाहते हैं तो शाम 6 बजे के बाद इस बाजार में जाएं। अगर आप इस मार्केट में मेट्रो से पहुंच रहे हैं तो येलो लाइन पर 'साकेत' (Saket) मेट्रो स्टेशन सबसे नजदीक स्टेशन है। यहां से आप 20-30 रुपये में ऑटो लेकर मॉल पहुंच सकते हैं।
2. कनॉट प्लेस (CP) और जनपथ
दिल्ली का दिल कहा जाने वाला कनॉट प्लेस, क्रिसमस और न्यू ईयर के मौके पर सबसे ज्यादा चमक बिखेरता है। यहां जनपथ की गलियों में आपको बहुत सस्ते और सुंदर हैंडक्राफ्टेड डेकोरेशन के सामान मिल जाएंगे। वहीं पास में फ्री-गंज चर्च की रौनक भी देखी जा सकती है। यह बाजार सुबह 11:00 बजे से रात 9:00-10:00 बजे तक खुला रहता है। आपको यहां पहुंचने के लिए राजीव चौक (Rajiv Chowk) मेट्रो स्टेशन से येलो और ब्लू लाइन का इंटरचेंज करना होगा। गेट नंबर 5 या 6 से बाहर निकलें। जनपथ के लिए आप पैदल भी जा सकते हैं।
3. खान मार्केट
अगर आपको क्लासिक प्लम केक, कुकीज और हाई-एंड डेकोरेशन खरीदना है, तो खान मार्केट बेस्ट जगह है। यहां की बेकरीज में आपको क्रिसमस का असली स्वाद चखने को मिलता है। इस बाजार के खुलने का समय सुबह 10:00 बजे से रात 11:00 बजे तक है। यहां पहुंचने के लिए वायलेट लाइन पर खान मार्केट मेट्रो स्टेशन पहुंचे। स्टेशन से निकलते ही सामने मार्केट है।
4. सदर बाजार और चांदनी चौक
अगर आप थोक के भाव में या सस्ते रेट पर क्रिसमस ट्री, लाइट्स, और सांता क्लॉज की ड्रेस खरीदना चाहते हैं, तो यहां का चक्कर जरूर लगाएं। पूरी दिल्ली के दुकानदार यहीं से सामान ले जाते हैं। यह बाजार सुबह 11:00 बजे से रात 8:00 बजे तक खुला रहता है। यहां बहुत ज्यादा भीड़ होती है, इसलिए अपना बैग संभालकर रखें। यहां पहुंचने के लिए येलो लाइन से चांदनी चौक (Chandni Chowk) या चावड़ी बाज़ार (Chawri Bazar) उतरें। सदर बाजार के लिए आप 'तीस हज़ारी' (रेड लाइन) से भी ऑटो ले सकते हैं।
5. दिल्ली हाट (आईएनए)
अगर आपको कुछ हटके और हैंडलूम या ट्राइबल आर्ट वाले गिफ्ट्स चाहिए, तो दिल्ली हाट जा सकते हैं। सर्दियों की धूप में यहां घूमना और अलग-अलग राज्यों के फूड स्टॉल का मजा लेना क्रिसमस शॉपिंग को यादगार बना देगा। यह बाजार सुबह 10:30 बजे से रात 10:00 बजे तक खुला रहता है। यहां पहुंचने के लिए दिल्ली हाट - INA' स्टेशन (येलो और पिंक लाइन का इंटरचेंज) है। मेट्रो से बाहर निकलते ही दिल्ली हाट का गेट है। यहां एंट्री के लिए छोटा सा टिकट (लगभग 30-40 रुपये) लगता है।
ट्रैवल टिप- दिल्ली के इन बाजारों में जाने के लिए मेट्रो सबसे बेस्ट ऑप्शन है क्योंकि दिसंबर में ट्रैफिक काफी ज्यादा बढ़ जाता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन