महाशिवरात्रि पर कर आएं शिवजी के इन 5 प्रसिद्ध मंदिरों में दर्शन, पूरी होगी हर मनोकामना! Maha Shivratri 2026 Famous Shiva Temples Across India You Must Visit On this Auspicious day, Travel news in Hindi - Hindustan
More

महाशिवरात्रि पर कर आएं शिवजी के इन 5 प्रसिद्ध मंदिरों में दर्शन, पूरी होगी हर मनोकामना!

Maha Shivratri 2026: अगर आप इस महाशिवरात्रि को खास बनाना चाहते हैं, तो देश के कुछ प्रसिद्ध शिव मंदिरों में दर्शन का प्लान बना सकते हैं। देश के कुछ शिव मंदिर ऐसे हैं, जहां इस दिन अलग ही ऊर्जा और माहौल होता है।

Wed, 11 Feb 2026 05:17 PMAnmol Chauhan लाइव हिन्दुस्तान
share
महाशिवरात्रि पर कर आएं शिवजी के इन 5 प्रसिद्ध मंदिरों में दर्शन, पूरी होगी हर मनोकामना!

15 फरवरी को महाशिवरात्रि का पावन पर्व पूरे देश में धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। यह दिन भगवान शिव की भक्ति, साधना और आशीर्वाद पाने का विशेष अवसर होता है। इस दिन मंदिरों में खास पूजा, रात्रि जागरण और भजन होते हैं। अगर आप इस महाशिवरात्रि को खास बनाना चाहते हैं, तो देश के कुछ प्रसिद्ध शिव मंदिरों में दर्शन का प्लान बना सकते हैं। देश के कुछ शिव मंदिर ऐसे हैं, जहां इस दिन अलग ही ऊर्जा और माहौल होता है। चलिए जानते हैं भारत के इन्हीं विशेष मंदिर के बारे में, जहां जा कर आप अपने शिवरात्रि के त्यौहार को स्पेशल बना सकते हैं।

सोमनाथ मंदिर, गुजरात

महाशिवरात्रि के अवसर पर आप गुजरात के सोमनाथ मंदिर में दर्शन करने का प्लान बना सकते हैं। यह भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक है और बहुत प्रसिद्ध है। इतिहास के अनुसार यह मंदिर कई बार टूटा, लेकिन हर बार फिर से बना। यह मंदिर पुनर्जन्म और नई शुरुआत का संदेश देता है। महाशिवरात्रि पर यहां चार प्रहर की पूजा, रात भर जागरण और विशेष आरती का आयोजन होता है। इस दिन यहां का माहौल बहुत ही भव्य और भक्तिमय होता है।

लिंगराज मंदिर, ओडिशा

ओडिशा के भुवनेश्वर में स्थित लिंगराज मंदिर भारत के सुंदर और प्राचीन मंदिरों में से एक है। इसका निर्माण 11वीं सदी में हुआ था। यहां स्वयंभू शिवलिंग स्थापित है। मंदिर की वास्तुकला कलिंग शैली में बनी है और इसके परिसर में लगभग 150 छोटे मंदिर भी हैं। महाशिवरात्रि के समय यहां भक्तों की भारी भीड़ होती है। आप अगर इस दिन यहां जाएं तो आपको भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत दृश्य देखने को मिलेगा। इस मंदिर का वातावरण बहुत शांत और आध्यात्मिक है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:भगवान शिव की 2 मनपसंद मिठाईयां कौन सी हैं? महाशिवरात्रि भोग के लिए सीखें रेसिपी

काशी विश्वनाथ मंदिर, वाराणसी

उत्तर प्रदेश के वाराणसी में स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर हिंदू धर्म के सबसे महत्वपूर्ण मंदिरों में से एक है। यह मंदिर भगवान शिव को समर्पित है। स्कंदपुराण के अनुसार काशी वह नगरी है जहां भगवान शिव का स्थायी निवास माना जाता है। ऐसी मान्यता है कि यहां देह त्यागने वाले व्यक्ति को मोक्ष मिलता है। महाशिवरात्रि के दिन यहां की एनर्जी बहुत ही पॉजिटिव हो जाती है। शिवरात्रि के दिन आप काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन के लिए जा सकते हैं। इस दिन वाराणसी का आध्यात्मिक माहौल आपके मन को गहराई से छू लेगा।

महाकालेश्वर मंदिर, उज्जैन

मध्य प्रदेश के उज्जैन शहर में स्थित महाकालेश्वर मंदिर भी 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक है। यह एकमात्र दक्षिणमुखी ज्योतिर्लिंग है। भगवान महाकाल को काल और मृत्यु का स्वामी माना जाता है। इस मंदिर में लोग अपने अन्दर की नेगेटिविटी को दूर करने की कामना लेकर दर्शन के लिए आते हैं। उज्जैन को सात मोक्ष पुरियों में भी गिना जाता है। यहां की प्रसिद्ध भस्म आरती बहुत खास मानी जाती है। महाशिवरात्रि पर यहां का उत्सव बहुत भव्य होता है। आप इस दिन यहां जा कर सच्चे मन से पूजा करें, ऐसा माना जाता है कि भगवान महाकाल लंबी आयु और निडर जीवन का आशीर्वाद देते हैं।

घृष्णेश्वर मंदिर, महाराष्ट्र

महाराष्ट्र के औरंगाबाद में स्थित घृष्णेश्वर मंदिर 12 ज्योतिर्लिंगों में अंतिम माना जाता है। यह मंदिर पूर्णता और समर्पण का प्रतीक है। यहां का वातावरण बहुत शांत और सुकून भरा है। अगर आप भीड़ से दूर रहकर शांति से पूजा और ध्यान करना चाहते हैं, तो महाशिवरात्रि के दिन यहां जाना अच्छा रहेगा। यहां आप भगवान शिव की भक्ति में लीन होकर आत्मिक शांति महसूस कर सकते हैं। यह स्थान आध्यात्मिक चिंतन और साधना के लिए बिल्कुल परफेक्ट है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।