घूमते-फिरते फिट कैसे रहें? ये स्मार्ट ट्रैवल फिटनेस टिप्स जरूर अपनाएं
यात्रा के दौरान फिट रहना मुश्किल लगता है, लेकिन सही आदतों से यह आसान हो सकता है। कुछ छोटे लेकिन असरदार लाइफस्टाइल टिप्स ट्रैवल के बीच भी सेहत और एनर्जी बनाए रखते हैं।

घूमना-फिरना लगभग सभी को पसंद होता है, लेकिन ट्रैवल के साथ फिटनेस बनाए रखना कई बार चुनौती बन जाता है। यात्रा करते समय हमारी दिनचर्या पूरी तरह बदल जाती है- खाने का समय बिगड़ जाता है, ज्यादा देर बैठना पड़ता है, नींद पूरी नहीं हो पाती और एक्सरसाइज छूट जाती है। लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि ट्रैवल के दौरान फिट रहना नामुमकिन है। थोड़ी समझदारी और छोटे-छोटे बदलाव काफी होते हैं।
- जितना हो सके, पैदल चलती हूं: घूमने के लिए कैब लेने के बजाय मैं पैदल चलना पसंद करती हूं। इससे शरीर एक्टिव रहता है, पाचन बेहतर होता है और बिना एक्सरसाइज किए भी अच्छी मूवमेंट मिल जाती है।
- दिन की शुरुआत प्रोटीन से करती हूं: होटल के नाश्ते में ज्यादातर कार्ब्स होते हैं, इसलिए मैं अंडे, दही, पनीर, स्प्राउट्स या ड्राई फ्रूट्स जैसे प्रोटीन जरूर शामिल करती हूं। इससे देर तक भूख नहीं लगती और एनर्जी बनी रहती है।
- खाने में बैलेंस बनाए रखती हूं: मैं एक वक्त का खाना लोकल और थोड़ा भारी रखती हूं, लेकिन बाकी समय हल्का खाती हूं। इससे ट्रिप का स्वाद भी बना रहता है और शरीर पर ज्यादा बोझ भी नहीं पड़ता।
- पानी पीना कभी नहीं भूलती: यात्रा के दौरान शरीर जल्दी डिहाइड्रेट हो जाता है। मैं हमेशा पानी की बोतल साथ रखती हूं और थोड़ा-थोड़ा पानी पीती रहती हूं। गर्म जगहों पर नींबू या थोड़ा सा नमक भी फायदेमंद रहता है।
- बड़ी वर्कआउट नहीं, छोटे मूवमेंट्स करती हूं: हर दिन जिम जाना जरूरी नहीं। मैं सुबह या रात को 5–10 मिनट स्ट्रेचिंग, हल्की एक्सरसाइज या बॉडी मूवमेंट कर लेती हूं जिससे शरीर में जकड़न नहीं होती।
- नींद को सबसे ज्यादा महत्व देती हूं: लेट नाइट्स ट्रैवल का हिस्सा होती हैं, लेकिन मैं कोशिश करती हूं कि नींद पूरी हो। अच्छी नींद इम्युनिटी मजबूत करती है और ज्यादा खाने की क्रेविंग भी कम करती है।
- अपने शरीर की सुनती हूं: हर दिन एक्टिव रहना जरूरी नहीं। अगर शरीर थका है तो आराम करती हूं। ट्रैवल के दौरान फिटनेस का मतलब है शरीर का ख्याल रखना, उसे जबरदस्ती कंट्रोल करना नहीं।
ट्रैवल टिप: यात्रा के दौरान फिट रहना परफेक्शन का खेल नहीं है। थोड़ा चलना, समझदारी से खाना, पानी पीना और आराम करना- यही असली फिटनेस है। जब शरीर खुश रहता है, तो ट्रिप भी और बेहतर बन जाती है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन