रिलेशनशिप कोच: अगर आपके रिश्ते में ये 10 बातें हैं, तो समझिए आप सही पार्टनर के साथ हैं!
सच्चा रिश्ता दिखावे या परफेक्ट होने पर नहीं, बल्कि रोजमर्रा के छोटे व्यवहारों पर टिका होता है। इसी समझ के आधार पर रिलेशनशिप कोच ने कुछ जरूरी बातें बताई हैं, जो यह समझने में मदद करती हैं कि आप सच में एक-दूसरे के लिए बने हैं या नहीं।

प्यार का रिश्ता केवल साथ रहने या एक ही घर में समय बिताने से मजबूत नहीं होता। बहुत से लोग सालों तक साथ रहते हैं, फिर भी अंदर से अकेलापन महसूस करते हैं। ये रिश्ता तभी मजबूत होता है, जब दो लोग एक-दूसरे के साथ सुरक्षित और सम्मानित महसूस करें। रिलेशनशिप कोच शिवांगी पॉल कहती हैं कि सच्चा रिश्ता दिखावे या परफेक्ट होने पर नहीं, बल्कि रोजमर्रा के छोटे व्यवहारों पर टिका होता है। इसके लिए केवल साथ रहना काफी नहीं है, बल्कि साथ निभाना भी आना चाहिए। जब भरोसा, समझ और अपनापन धीरे-धीरे बनता है, तभी रिश्ता घर जैसा महसूस होने लगता है। इसी समझ के आधार पर रिलेशनशिप कोच ने कुछ जरूरी बातें बताई हैं, जो यह समझने में मदद करती हैं कि आप सच में एक-दूसरे के लिए बने हैं या नहीं।
जब आप अपने साथी के साथ सुरक्षित महसूस करते हैं
किसी भी रिश्ते की पहली पहचान है कि आप अपने साथी के सामने खुद को कमजोर दिखाने से ना डरें। अगर आप अपने डर, दर्द और भावनाएँ बिना झिझक उनके साथ शेयर कर पा रहे हैं, तो यह एक गहरे भरोसे का संकेत है। ऐसा रिश्ता आपको यह महसूस कराता है कि यहाँ आपको समझा जाएगा, ना कि जज किया जाएगा।
दूर होने पर भी भरोसा बना रहना
सच्चे रिश्ते में साथ ना होने पर भी मन में शांति रहती है। अगर आप दूर होने पर भी अपने साथी पर भरोसा करते हैं और बार-बार शक या डर महसूस नहीं करते, तो यह रिश्ता अंदर से मजबूत है। ये भरोसा कंट्रोल से नहीं, बल्कि समझ से आता है।
एक दूसरे के प्रति अट्रैक्शन और अपनापन बना रहना
दिल से जुड़े रिश्ते में केवल शुरुआत का जोश नहीं होता, बल्कि समय के साथ भी एक-दूसरे के प्रति आकर्षण बना रहता है। यह आकर्षण सिर्फ शारीरिक नहीं बल्कि इमोशनल भी होता है। जब आप अपने साथी के करीब रहकर सहज महसूस करते हैं, तो प्यार की ये केमिस्ट्री अपने आप बनी रहती है।
अपने असली रूप में रह पाना
अगर आपको अपने साथी के सामने कुछ और बनने की जरूरत नहीं पड़ती, आप जैसे हैं वैसे रह सकते हैं, तो यह बहुत बड़ी बात है। सच्चा रिश्ता वही है जहाँ आप बिना डर के अपने असली स्वभाव में रह सकें।
एक-दूसरे को बेहतर इंसान बनाना
अच्छा रिश्ता आपको रोकता नहीं, बल्कि आगे बढ़ने में मदद करता है। अगर आपका साथी आपको सीखने, समझने और बेहतर बनने के लिए प्रेरित करता है, तो यह रिश्ता सिर्फ प्यार नहीं, बल्कि साथ की ताकत है।
बिना डर के दिल के राज शेयर करना
जब आप अपने जीवन की सबसे गहरी बातें भी बिना डर के अपने साथी को बता सकते हैं, तो इसका मतलब है कि वहाँ सम्मान और समझ मौजूद है। ऐसा रिश्ता ही लंबे समय तक टिकता है।
झगड़ों में भी सम्मान बना रहना
हर रिश्ते में मतभेद होते हैं लेकिन अगर बहस के दौरान भी अपमान, कड़वाहट और एक दूसरे को ब्लेम करना नहीं होता, तो रिश्ता सुरक्षित रहता है। शांत तरीके से बात करना रिश्ते को टूटने से बचाता है।
साथ कुछ ना करना भी अच्छा लगना
अगर आप दोनों बिना कुछ खास किए भी साथ रहकर खुश महसूस करते हैं, तो यह गहरे जुड़ाव की निशानी है। हर पल को खास बनाने की जरूरत नहीं होती।
सीमाओं और जरूरतों का सम्मान
सच्चे रिश्ते में दोनों एक-दूसरे की सीमाओं को समझते और मानते हैं। जब जरूरतों का सम्मान होता है, तो मन में असुरक्षा नहीं रहती।
जब घर का ख्याल आते ही उनका चेहरा दिखे
रिलेशनशिप कोच के मुताबिक जब आप 'घर' के बारे में सोचते हैं और सबसे पहले अपने साथी का ख्याल आता है, तो समझ लीजिए रिश्ता सही जगह पर है।
पुराने घाव और नई समझ
कई बार रिश्तों में असुरक्षा पुराने अनुभवों से आती है। बीते दर्द, धोखे या अनदेखी का असर वर्तमान पर पड़ता है। इसे समझना और पहचानना बहुत जरूरी है कि क्या आपकी जिम्मेदारी है और क्या सामने वाले की। जब दोनों ईमानदारी से इस पर काम करते हैं तो रिश्ता फिर से सुरक्षित बन सकता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन