सर्दियों में बीमार नहीं पड़ने देंगे गोंद अलसी के लड्डू, बस फॉलो करें ये देसी रेसिपी know how to make desi style gond alsi laddu recipe to stay healthy in winters special easy recipe, रेसिपी - Hindustan
More

सर्दियों में बीमार नहीं पड़ने देंगे गोंद अलसी के लड्डू, बस फॉलो करें ये देसी रेसिपी

Gond Alsi Laddu Recipe: ये लड्डू इम्यूनिटी को बूस्ट रखकर व्यक्ति को जल्दी-जल्दी बीमार पड़ने से बचाव करते हैं। अगर आप भी सेहत का ख्याल रखने के लिए गोंद अलसी के लड्डू बनाना चाहते हैं तो ये देसी रेसिपी आपको बहुत पसंद आने वाली है।

Thu, 30 Oct 2025 09:54 AMManju Mamgain लाइव हिन्दुस्तान
share
सर्दियों में बीमार नहीं पड़ने देंगे गोंद अलसी के लड्डू, बस फॉलो करें ये देसी रेसिपी

सर्दियां शुरू होते ही कमजोर इम्यूनिटी वाले लोग जल्दी-जल्दी बीमार पड़ने लगते हैं। दरअसल, ठंड वायरस और बैक्टीरिया को पनपने में मदद करती है, लोग घर के अंदर ज्यादा रहते हैं जिससे संक्रमण फैलता है,और हवा में नमी कम होने से वायरस हवा में ज्यादा देर तक टिके रहते हैं। ऐसे में परिवार के सदस्यों और बच्चों की सेहत को अच्छा बनाए रखने की जिम्मेदारी अकसर घर की महिलाओं पर आ जाती है। इस मौसम में ज्यादातर घरों में गोंद और खजूर और अलसी के ट्रेडिशनल लड्डू बनाए जाते हैं। ये लड्डू इम्यूनिटी को बूस्ट रखकर व्यक्ति को जल्दी-जल्दी बीमार पड़ने से बचाव करते हैं। अगर आप भी सेहत का ख्याल रखने के लिए गोंद अलसी के लड्डू बनाना चाहते हैं तो ये देसी रेसिपी आपको बहुत पसंद आने वाली है। ये लड्डू टेस्टी होने के साथ आपकी सेहत को भी अच्छा बनाए रखते हैं।

गोंद अलसी के लड्डू बनाने के लिए सामग्री

-दो कप अलसी के बीज

-एक चौथाई कप गोंद

-आधा कप बादाम

-आधा कप काजू

-आधा कप अखरोट

-आधा कप मखाना

-आधा कप कद्दूकर किया हुआ सूखा नारियल

-एक कप देसी घी

-3 कप गुड़

-आधा छोटा चम्मच मुलेठी पाउडर

-एक छोटा चम्मच काली मिर्च पाउडर

-आधा छोटा चम्मच इलायची पाउडर

गोंद अलसी के लड्डू बनाने का आसान तरीका

गोंद अलसी के लड्डू बनाने के लिए सबसे पहले अलसी के बीज भूनने के लिए एक नॉन स्टिक कड़ाही को गरम करके उसमें अलसी के बीज डालकर धीमी आंच पर 5 मिनट के लिए रोस्ट कर लें। अब इसी कड़ाही में घी गरम करके उसमें काजू, बादाम और अखरोट डालकर 2 से 3 मिनट तक भूनें। इसके बाद मखानों को अलग से डालकर क्रिस्पी होने तक भूनें। इसके बाद कड़ाही में थोड़ा घी और डालकर धीमी आंच पर गोंद को भी फ्राई कर लें। अब भूने हुए अलसी के बीज और सारे मेवे मिक्सी में डालकर हल्का दरदरा पीस लें। अब तले हुए गोंद को करछी की मदद से पीस लें। अब एक बड़े बर्तन में अलसी का पाउडर, पिसे हुए मेवे, गोंद और सूखा नारियल डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें। अब कड़ाही में आधा कप घी गरम करके उसमें गुड़ डालकर पिघलाएं। जब गुड़ पूरी तरह पिघल जाए तो इसमें काली मिर्च पाउडर, इलायची पाउडर और मुलेठी पाउडर (सूखा हुआ अदरक का पाउडर) डालकर मिलाएं और 2 से 3 मिनट तक इसे पकाएं। अब तैयार पिघले हुए गुड़ को अलसी और मेवों के मिश्रण में डालकर अच्छे से मिलाएं। हाथों पर घी लगाकर गरम मिश्रण से छोटे- छोटे गोल आकार के लड्डू बनाकर तैयार कर लें।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।