बिना तेल-मसालों के तैयार करें आंवला अचार, स्वाद और सेहत दोनों मिलेंगे एकसाथ
Oil Spice Free Amla Pickle Recipe : इस अचार को बनाने के लिए न तो इसमें तेल की एक बूंद का इस्तेमाल होता है और न ही किसी तेज मसाले का। बावजूद इसके इस अचार का स्वाद इतना लाजवाब होता है कि आप उंगलियां चाटते रह जाएंगे।

भोजन की थाली में परोसा गया अचार, ना सिर्फ भूख बढ़ाता है बल्कि खाने का स्वाद भी डबल कर देता है। लेकिन भारतीय रसोई में तैयार किए जाने वाले ज्यादातर अचार तेल और मसालों में डूबे हुए होते हैं। जिसकी वजह से फिटनेस फ्रीक लोग चाहते हुए भी अचार का चटपटा स्वाद नहीं ले पाते हैं। अगर आप भी अचार खाने के शौकीन हैं लेकिन उसमें मौजूद तेल और मसालों की वजह से उसे खाने से परहेज करते हैं तो विटामिन सी से भरपूर आंवला का ऑयल और स्पाइस फ्री अचार आपको बेहद पसंद आने वाला है। सेहत का खजाना कहे जाने वाले आंवले के अचार को जब इस खास तरीके से तैयार किया जाता है, तो न केवल इसके औषधीय गुण बरकरार रहते हैं, बल्कि इसका असली और प्राकृतिक स्वाद भी निखर कर आता है। इस अचार को बनाने के लिए न तो इसमें तेल की एक बूंद का इस्तेमाल होता है और न ही किसी तेज मसाले का। बावजूद इसके इस अचार का स्वाद इतना लाजवाब होता है कि आप उंगलियां चाटते रह जाएंगे। तो चलिए बिना देर किए जान लेते हैं क्या है बिना तेल मसालों वाला आंवला अचार बनाने का तरीका।
बिना तेल-मसालों वाला आंवला अचार बनाने के लिए सामग्री
-500 ग्राम आंवला
-4-5 लंबाई में कटी हुई हरी मिर्च
-2 इंच पतला कटा अदरक का टुकड़ा
-नमक स्वादानुसार
-आधा छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
-2 बड़े चम्मच नींबू का रस
-उबालने के लिए पानी
बिना तेल-मसालों वाला आंवला अचार बनाने का तरीका
बिना तेल-मसालों वाला आंवला अचार बनाने के लिए सबसे पहले आंवलों को अच्छी तरह धो लें। अब एक बर्तन में पानी गर्म करके उसमें आंवले डालकर लगभग 10 मिनट तक उबालें। आंवलों को तब तक उबालें जब तक वे हल्के नरम न हो जाएं। ऐसा करते हुए इस बात का ध्यान रखें कि आंवलों को ज्यादा न पकाएं। आंवलों को बस इतना ही पकाएं कि उसकी गुठली हल्की अलग होने लगें। इसके बाद, उबले हुए आंवलों को पानी से निकालकर ठंडा होने दें। ठंडा होने पर, उन्हें हाथों से दबाकर गुठली अलग कर लें।
अब, आंवले के टुकड़ों को एक बड़े कांच के जार में डालें। इसमें कटी हुई हरी मिर्च, अदरक, हल्दी और नमक डालें। अगर आपको थोड़ा और खट्टापन चाहिए, तो नींबू का रस भी डालें। आप चाहें तो आंवले उबालने वाला थोड़ा पानी भी डाल सकते हैं (बशर्ते पानी ठंडा हो गया हो) इससे अचार ज्यादा देर तक रसदार बना रहेगा।
जार का ढक्कन बंद करके इसे 2-3 दिन के लिए धूप में या किसी गर्म जगह पर रख दें। तीसरे दिन, आपका स्वादिष्ट ऑयल फ्री आंवले का अचार खाने के लिए तैयार है। इसे दाल-चावल या पराठे के साथ परोसें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन