चाइनीज के शौकीन लोगों को जरूर पसंद आएंगे चीज कॉर्न मोमोज, नोट करें ये क्रिस्पी टेस्टी रेसिपी
Crispy Cheese Corn Momos Recipe : मोमोज की इस रेसिपी को आप दोस्तों के साथ की जाने वाली शाम की स्नेक्स पार्टी में भी सर्व कर सकते हैं। क्रिस्पी चीज कॉर्न मोमोज की सॉफ्टनेस और चीज और कॉर्न की क्रीमी मीठी फिलिंग स्वाद का जबरदस्त मेल है।

अगर मोमोज का नाम सुनते ही आपके मुंह में भी पानी भर जाता है तो आज आपको मोमोज की यह नई रेसिपी जरूर पसंद आने वाली है। चटपटी तीखी लाल चटनी और मेयोनीज के साथ परोसे गए क्रिस्पी चीज कॉर्न मोमोज आपका दिन खास बना सकते हैं। मोमोज की इस रेसिपी को आप दोस्तों के साथ की जाने वाली शाम की स्नेक्स पार्टी में भी सर्व कर सकते हैं। क्रिस्पी चीज कॉर्न मोमोज की सॉफ्टनेस और चीज और कॉर्न की क्रीमी मीठी फिलिंग स्वाद का जबरदस्त मेल है। तो चलिए बिना देर किए जान लेते हैं कैसे बनाएं जाते हैं टेस्टी और क्रिस्पी चीज कॉर्न मोमोज।
क्रिस्पी चीज कॉर्न मोमोज बनाने के लिए सामग्री
ममोज की शीट तैयार करने के लिए-
-1 कप मैदा
-नमक स्वादानुसार
-1 चम्मच तेल
-पानी जरूरत अनुसार
मोमोज की फिलिंग के लिए-
-½ कप (उबला हुआ) स्वीट कॉर्न
-½ कप (कद्दूकस किया हुआ) मोजरेला चीज
-2 चम्मच प्रोसेस्ड चीज
-2 चम्मच बारीक कटा प्याज
-2 चम्मच कटी शिमला मिर्च
-¼ चम्मच काली मिर्च
-¼ चम्मच चिली फ्लेक्स
-नमक स्वादानुसार
मोमोज की कोटिंग के लिए
-2 चम्मच मैदा
-2 चम्मच कॉर्नफ्लोर
-1 कप ब्रेड क्रम्ब्स
-पानी आवश्यकतानुसार
-तलने के लिए तेल
क्रिस्पी चीज कॉर्न मोमोज बनाने का तरीका
क्रिस्पी चीज कॉर्न मोमोज बनाने के लिए सबसे पहले मोमोज का आटा तैयार कर लें। इसके लिए एक बर्तन में मैदा, नमक और तेल डालते हुए जरूरत अनुसार पानी की मदद से थोड़ा सख्त आटा गूंथ लें। इसके बाद आटे को ढककर 15 मिनट के लिए रेस्ट करने के लिए रख दें। इस बीच मोमोज की फिलिंग बनाकर तैयार कर लें। इसके लिए आपको एक बर्तन में उबले स्वीट कॉर्न, चीज, प्याज, शिमला मिर्च, काली मिर्च, नमक और चिली फ्लेक्स डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाना है ताकि मिश्रण थोड़ा स्टिकी बनें। अब आटे से मोमोज तैयार करने के लिए आटे की छोटी लोई लेकर गोल बेल लें। लोई के बीच में 1 चम्मच फिलिंग रखकर आटे को मोमो वाली शेप दें। सारे मोमोज इसी तरह तैयार कर लें। अब मोमोज को स्टीम करने के लिए मोमोज को स्टीमर में तेल लगाकर रखने के बाद 8–10 मिनट तक स्टीम करें। जब मोमोज ठंडे हो जाएं तो एक बाउल में मैदा और कॉर्नफ्लोर में थोड़ा पानी डालकर पतला घोल तैयार करें। इसके बाद स्टीम किए हुए मोमोज को पहले इस घोल में डुबोएं और फिर ब्रेड क्रम्ब्स में लपेटकर लो मीडियम आंच पर फ्राई करें। जब क्रिस्पी गोल्डन मोमोज बनकर तैयार हो जाएं तो उन्हें टिशू पेपर पर निकालकर अतिरिक्त तेल निकाल लें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन