किस उम्र से बच्चों के दांत ब्रश करना शुरू कर देना चाहिए? डॉक्टर ने बताया किन बातों का ध्यान रखें!
अक्सर कई पेरेंट्स का यह सवाल रहता है कि बच्चों का ब्रशिंग कब और कैसे शुरू किया जाए। पेरेंट्स के मन में उठ रहे इसी सवाल का जवाब दिया है बच्चों की डॉक्टर निमिषा अरोड़ा ने।

अपने बच्चों की ओरल हेल्थ को ले कर अक्सर पेरेंट्स काफी सेंसिटिव होते हैं। सब चाहते हैं कि उनके बच्चे के दांत मजबूत, साफ और हेल्दी रहें। अक्सर कई पेरेंट्स का यह सवाल रहता है कि बच्चों का ब्रशिंग कब और कैसे शुरू किया जाए। पेरेंट्स के मन में उठ रहे इसी सवाल का जवाब दिया है बच्चों की डॉक्टर निमिषा अरोड़ा ने। डॉ. निमिषा बताती हैं कि दांतों की देखभाल की शुरुआत बच्चे के पहले दांत के आते ही करनी चाहिए। जितनी जल्दी आप सही आदत डालेंगे, उतनी ही जल्दी बच्चा अपनी डेंटल हाइजीन को अपनाना सीख जाएगा। बच्चों की मुस्कान को सुंदर बनाए रखने के लिए जरूरी है कि शुरुआत सही समय पर और सही तरीके से की जाए। आइए इस बारे में विस्तार से जानते हैं।
पहले दांत से ही शुरू करें ब्रशिंग
डॉ. निमिषा अरोड़ा के अनुसार, जैसे ही बच्चे का पहला दांत निकलता है, उसी समय से उसके दांतों पर ब्रश करना शुरू कर देना चाहिए। कई पेरेंट्स ऐसा सोचते हैं कि जब सारे दांत आ जाएंगे, तब ब्रश करना शुरू करेंगे, लेकिन ये सोच गलत है। दांत आते ही उन पर दूध और खाने के छोटे-छोटे कण चिपकने लगते हैं, जिससे दांतों में सड़न शुरू हो सकती है। इसलिए बच्चे के पहले दांतों के आते ही उसे सुबह और रात, दिन में दो बार ब्रश करवाना चाहिए।
सही टूथब्रश चुनना बहुत जरूरी है
बच्चों के लिए टूथब्रश उनकी उम्र और मुंह के आकार के हिसाब से होना चाहिए। डॉ कहती हैं कि बहुत बड़ा ब्रश बच्चों के मुंह में फिट नहीं होता और इससे ब्रशिंग ठीक से नहीं हो पाती। हमेशा सॉफ्ट ब्रिसल वाला ब्रश चुनें ताकि बच्चे के नाजुक मसूड़ों को कोई नुकसान न पहुंचे। जब बच्चा थोड़ा बड़ा हो जाए, तो उसे खुद ब्रश पकड़ने की आदत डालें, लेकिन शुरू में हमेशा पैरेंट्स ही बच्चे को ब्रश कराएं।
क्या बच्चों को फ्लोराइड वाला टूथपेस्ट देना चाहिए?
अक्सर कई पेरेंट्स के मन में यह सवाल उठता है कि बच्चों के लिए फ्लोराइड-फ्री टूथपेस्ट सही है या नहीं। डॉ. निमिषा बताती हैं कि अमेरिकन डेंटल एसोसिएशन (ADA) की नवीनतम गाइडलाइन के अनुसार बच्चों को भी फ्लोराइड वाला टूथपेस्ट देना चाहिए। बस ध्यान रखें कि टूथपेस्ट में फ्लोराइड की मात्रा कम होनी चाहिए, ताकि यह दांतों को साफ भी करे और उन्हें जर्म्स से सुरक्षित भी रखे। फ्लोराइड बच्चों के दांतों को मजबूत बनाने में मदद करता है और कैविटी से बचाव करता है।
टूथपेस्ट की मात्रा कितनी होनी चाहिए?
डॉक्टर कहती हैं कि टूथपेस्ट की मात्रा बच्चे की उम्र के अनुसार तय की जानी चाहिए। अगर आपका बच्चा तीन साल से छोटा है, तो उसे चावल के दाने जितना यानी ग्रेन साइज में टूथपेस्ट देना चाहिए। वहीं अगर बच्चा तीन साल से बड़ा है, तो उसे मटर के दाने जितना (पी साइज) टूथपेस्ट देना चाहिए।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन