क्या बच्चों को डायपर पहनाना सेफ है? डॉक्टर से जानें कब और कितनी देर करें यूज
नए पेरेंट्स के लिए बच्चों को डायपर पहना कर रखना बहुत ही आसान ऑप्शन लगता है। लेकिन क्या डायपर हमेशा और हर समय इस्तेमाल करना सही है? आइए जानते हैं डॉक्टर का क्या कहना है।

बच्चों की देखभाल में डायपर का इस्तेमाल आज के समय में बहुत आम हो गया है। नए पेरेंट्स के लिए बच्चों को डायपर पहना कर रखना बहुत ही आसान ऑप्शन लगता है। क्योंकि इससे बच्चा बार-बार परेशान नहीं होता और पेरेंट्स को भी बार-बार नैपी चेंज करने के झंझट से सुकून मिल जाता है। लेकिन क्या डायपर हमेशा और हर समय इस्तेमाल करना सही है? इस विषय पर डॉक्टर हनीश बजाज ने अपने एक वीडियो पोस्ट साझा की है। उनके मुताबिक डायपर के कुछ फायदे तो हैं, लेकिन इसके नुकसान ज्यादा हैं, जिन्हें समझना हर पेरेंट्स के लिए बहुत जरूरी है।
बच्चों को डायपर पहनाने का फायदा
डॉ. हनीश बजाज बताते हैं कि डायपर पहनाने का सबसे बड़ा फायदा ये है कि बच्चा लंबे समय तक आराम से रह पाता है। रात के समय जब बच्चा बार-बार टॉयलेट करता है और उसकी नींद टूटती रहती है, तो वो चिड़चिड़ा हो जाता है। इससे ना सिर्फ बच्चे की नींद खराब होती है बल्कि मां को भी पूरी नींद नहीं मिल पाती। मां की नींद अधूरी रहने पर उनके दूध पर भी असर पड़ता है, जिससे बच्चे की सेहत पर बुरा प्रभाव पड़ सकता है। इसलिए डॉक्टर ये सलाह देते है कि रात में या यात्रा के दौरान डायपर का इस्तेमाल करना अच्छा है क्योंकि ये बच्चे और मां दोनों के लिए आरामदायक साबित होता है।
बच्चों को डायपर पहनाने का नुकसान
कई पेरेंट्स की आदत होती है कि वो अपने आराम के लिए बच्चों को चौबीसों घंटे डायपर पहनाएं रखते हैं। डॉक्टर हनीश बजाज के अनुसार ये एक बड़ी गलती है। पूरे दिन डायपर पहनाने से बच्चा टॉयलेट ट्रेनिंग देर से सीखता है। इतना ही नहीं, लंबे समय तक डायपर पहने रहने से बच्चे को यूरिन इंफेक्शन होने का खतरा बढ़ जाता है। सबसे बड़ी समस्या यह है कि इससे बच्चे के नाजुक हिस्से में इन्फेक्शन होना बहुत आम बात है, जो बच्चे को असहज कर देता है और कई बार इलाज की जरूरत पड़ जाती है।
कब और कैसे करें डायपर का इस्तेमाल?
डॉक्टर साफ तौर पर कहते हैं कि डायपर का इस्तेमाल सिर्फ जरूरत पड़ने पर ही करना चाहिए। दिनभर घर में रहते हुए बच्चे को डायपर ना पहनाकर खुले में रखना बेहतर है। इससे बच्चा आराम महसूस करेगा और इंफेक्शन जैसी समस्याओं से भी दूर रहेगा। डायपर तभी पहनाएं जब बच्चे की नींद और सेहत पर असर पड़ रहा हो, खासकर रात में या सफर के दौरान।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन