मच्छर को बच्चे से दूर रखने के लिए क्या आप जलाते हैं कॉइल ? ये होते हैं 5 साइड इफेक्ट्स Do you burn mosquito coils to keep mosquitoes away from your child 5 big side effects of burning coils near babies, पेरेंटिंग टिप्स - Hindustan
More

मच्छर को बच्चे से दूर रखने के लिए क्या आप जलाते हैं कॉइल ? ये होते हैं 5 साइड इफेक्ट्स

Is it right to burn coil near child ? बच्चों के कमरे में कॉइल जलाकर रखने से आप मच्छरों को तो कमरे से दूर भगा सकते हैं लेकिन अनजाने में खुद अपने बच्चे की सेहत को ये 5 बड़े नुकसान पहुंचा रहे होते हैं। आइए जानते हैं कैसे-

Mon, 1 Sep 2025 11:26 AMManju Mamgain लाइव हिन्दुस्तान
share
मच्छर को बच्चे से दूर रखने के लिए क्या आप जलाते हैं कॉइल ? ये होते हैं 5 साइड इफेक्ट्स

Problems Caused By Burning Mosquito Coil Near The Child : बरसात के मौसम में डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया के मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ जाता है। ऐसे में कई लोग घर के छोटे बच्चों को मच्छरों से दूर रखने के लिए कमरे में मॉस्किटो कॉइल जलाकर रख देते हैं। लेकिन क्या ऐसा करना वाकई सही है? बच्चों के कमरे में कॉइल जलाकर रखने से आप मच्छरों को तो कमरे से दूर भगा सकते हैं लेकिन अनजाने में खुद अपने बच्चे की सेहत को ये 5 बड़े नुकसान पहुंचा रहे होते हैं। बता दें, लंबे समय तक ऐसा करने से बच्चे को श्वसन तंत्र से जुड़ी समस्या, एलर्जी, कंजेशन, आंखों में जलन होने, नींद से जुड़ी समस्या जैसी कई समस्याएं परेशान कर सकती हैं। आइए जानते हैं बच्चे के कमरे में कॉइल जलाकर रखने से सेहत को क्या नुकसान होते हैं।

बच्चे के कमरे में मॉस्किटो कॉइल जलाकर रखने के नुकसान

श्वसन तंत्र से जुड़ी समस्याएं

मॉस्किटो कॉइल के धुएं में पाइरेथ्रॉइड्स (जैसे एलेथ्रिन, डी-ट्रांस-एलेथ्रिन) और अन्य रसायन जैसे फॉर्मल्डिहाइड, बेंजीन और कार्बन मोनोऑक्साइड मौजूद होते हैं। जो शिशु के नाजुक फेफड़ों को नुकसान पहुंचा सकते हैं। लंबे समय तक कॉइल के धुएं के संपर्क में रहने से शिशुओं में क्रॉनिक ब्रॉन्काइटिस या अन्य श्वसन रोग विकसित हो सकते हैं। जिसकी वजह से शिशु में खांसी, सांस लेने में तकलीफ, घरघराहट या अस्थमा जैसे लक्षणों नजर आ सकते हैं।

कंजेशन की समस्या

बच्चे के पास कॉइल जलाने से उसे छाती में जकड़न या सीने में बलगम जमा होने की शिकायत हो सकती है। कंजेशन की समस्या हवा के रास्ते में बलगम जमा होने या वायुमार्ग में तरल पदार्थ भरने के कारण होती है, जिसके कारण बच्चे को सांस लेने में तकलीफ, खांसी, या भारीपन महसूस हो सकता है।

एलर्जी और त्वचा से जुड़ी समस्याएं

कॉइल के धुएं में मौजूद रसायन शिशु की संवेदनशील त्वचा के संपर्क में आने पर एलर्जी की प्रतिक्रिया पैदा कर सकते हैं। जिसकी वजह से शिशु की आंखों में खुजली, जलन, नाक बंद होना, छींक आना, त्वचा पर लाल चकत्ते, या खुजली जैसे लक्षण नजर आने लगते हैं। ऐसा लंबे समय तक होने पर शिशु को एक्जिमा या अन्य त्वचा रोग हो सकता है।

न्यूरोलॉजिकल असर

कॉइल में मौजूद पाइरेथ्रॉइड्स जैसे रसायन न्यूरोटॉक्सिक हो सकते हैं, जो मस्तिष्क और तंत्रिका तंत्र को प्रभावित करते हैं। शिशुओं का मस्तिष्क विकासशील अवस्था में होता है, इसलिए ये रसायन उनके लिए अधिक हानिकारक हो सकते हैं। जिसकी वजह से बच्चे में चिड़चिड़ापन, नींद में कमी, या असामान्य व्यवहार जैसे लक्षण देखे जा सकते हैं। लंबे समय तक ऐसा होने पर शिशु के न्यूरोलॉजिकल विकास पर असर पड़ सकता है, जैसे एकाग्रता में कमी हो सकती है।

आंखों में जलन

कॉइल के धुएं में मौजूद कण और रसायन शिशु की आंखों में जलन पैदा कर सकते हैं। जिससे उसकी आंखों में लालिमा, पानी बहना, या खुजली की समस्या हो सकती है। बार-बार आंखों की जलन रोशनी पर बुरा असर डाल सकती है।

सलाह

बच्चे के आस-पास मॉस्किटो कॉइल न जलाएं, इसके लिए मॉस्किटो नेट का इस्तेमाल किया जा सकता है। यदि कॉइल का उपयोग किया गया है, तो सुनिश्चित करें कि मॉस्किटो कॉइल का इस्तेमाल हवादार जगह पर ही किया गया हो। बच्चे को किसी तरह की समस्या महसूस होने पर तुरंत डॉक्टर से सलाह लें।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।