चावल खाने से नहीं बढ़ेगा शुगर और मोटापा, एक्सपर्ट से जानें बनाने का सही तरीका
वाइट राइस का ग्लाइसेमिक इंडेक्स काफी ज्यादा होता है, जिस वजह से ब्लड शुगर तेजी से बढ़ती है और मोटापे का भी खतरा रहता है। यहां हम आपके साथ न्यूट्रीशनिस्ट का बताया हुआ हेल्दी तरीका शेयर कर रहे हैं।

सफेद बासमती चावल हमारे भारतीय खानपान का अहम हिस्सा हैं। हालांकि जब बात आती है वेट लॉस या फिर डायबिटीज की, तो ज्यादातर लोग इन्हें अपनी थाली से बाहर कर देते हैं। दरअसल इनका ग्लाइसेमिक इंडेक्स काफी ज्यादा होता है, जिस वजह से ब्लड शुगर तेजी से बढ़ती है। अगर ज्यादा मात्रा में चावल खाए जाएं, तो वजन बढ़ने का भी खतरा रहता है। लेकिन क्या कोई ऐसा तरीका है कि वाइट राइस को हेल्दी बनाया जा सके? जी हां बिल्कुल है, न्यूट्रीशनिस्ट लीमा महाजन ने एक पोस्ट के जरिए चावल बनाने का हेल्दी तरीका शेयर किया है। आइए जानते हैं किन बातों का ध्यान रखना है।
वाइट राइस को हेल्दी बनाने के टिप्स
1) न्यूट्रीशनिस्ट लीमा महाजन कहती हैं कि चावल को तब तक धोएं, जब तक पानी एकदम साफ ना हो जाए। यानी चावल की सफेदी खत्म होने तक, उन्हें वॉश करें। इससे चावल में मौजूद आर्सेनिक निकल जाता है, जिससे कैंसर तक का खतरा हो सकता है।
2) पानी और चावल का माप 1:6 रखें। यानी अगर एक कप चावल हैं तो पानी लगभग 6 कप होना चाहिए। न्यूट्रीशनिस्ट कहती हैं कि चावल हमेशा उबालकर बनाने चाहिए, इससे वो अच्छी तरह पकते भी हैं और उनका एक्स्ट्रा स्टार्च भी रिमूव हो जाता है।
3) चावल बनाते वक्त उनमें दो लौंग, तेजपत्ता और दालचीनी का टुकड़ा मिला दें। इससे चावल खुशबूदार तो बनेंगे ही, साथ में इन्हें खाने के बाद शुगर स्पाइक भी नहीं होगी।
4) चावल जैसी ही हल्के से पक जाएं तो उनमें आधा चम्मच देसी घी मिला दें। न्यूट्रीशनिस्ट लीमा कहती हैं कि देसी घी में ब्यूटीरिक एसिड और CLA होता है, जिससे कार्ब्स का डाइजेशन धीमा हो जाता है। इससे शुगर भी स्पाइक नहीं करती और गट हेल्थ के लिए भी ये अच्छा होता है।
5) चावल पक जाएं, तो उन्हें छानकर एक्स्ट्रा पानी निकाल दें। इससे चावल का स्टार्च निकल जाएगा और ये खाने में ज्यादा हेल्दी होंगे।
ज्यादा हेल्दी होते हैं बासी चावल
न्यूट्रीशनिस्ट लीमा महाजन कहती हैं कि अगर आप डायबिटीज के मरीज हैं या आपको गट इश्यूज रहते हैं, तो फ्रेश चावल की जगह बासी चावल आपके लिए ज्यादा फायदेमंद हैं। दरअसल बासी चावल में 'रेजिस्टेंट स्टार्च' डेवलप हो जाता है, जो आपके पाचन के लिए भी अच्छा होता है और शुगर लेवल के लिए भी।
हेल्दी चीजों के साथ पेयर करें
एक्सपर्ट बताती हैं कि सफेद चावल नुकसानदायक नहीं हैं, बशर्ते इन्हें सही तरीके से पकाया जाए और सही चीजों के साथ खाया जाए। चावल को हमेशा प्रोटीन रिच चीजों के साथ पेयर करें, जैसे- दाल, पनीर या तोफू। इसके अलावा फाइबर जैसे सलाद, सब्जियां और हेल्दी फैट जैसे देसी घी भी शामिल करें। ऐसा करने से चावल का ग्लाइसेमिक इंडेक्स रिड्यूस होता है और एक हेल्दी और बैलेंस्ड मील तैयार होती है। इसके साथ ही आप कितनी मात्रा में चावल खा रहे हैं, इस बात का भी ध्यान रखें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन