सावधान! डिमेंशिया के 50 प्रतिशत मामलों के पीछे छिपी हैं आपकी ये रोजमर्रा की गलतियां, डॉक्टर ने दी सलाह do you know half of dementia cases are caused by these lifestyle mistakes here is what doctor suggests, हेल्थ टिप्स - Hindustan
More

सावधान! डिमेंशिया के 50 प्रतिशत मामलों के पीछे छिपी हैं आपकी ये रोजमर्रा की गलतियां, डॉक्टर ने दी सलाह

डॉ. अतमप्रीत सिंह कहते हैं कि सबसे पहले समझना जरूरी है कि डिमेंशिया कोई एक बीमारी नहीं बल्कि याददाश्त, सोचने-समझने की क्षमता और निर्णय लेने की क्षमता में धीरे-धीरे होने वाली कमी का समूह है, जिसमें अल्जाइमर जैसी बीमारियों का नाम भी शामिल है।

Fri, 6 Feb 2026 06:09 PMManju Mamgain लाइव हिन्दुस्तान
share
सावधान! डिमेंशिया के 50 प्रतिशत मामलों के पीछे छिपी हैं आपकी ये रोजमर्रा की गलतियां, डॉक्टर ने दी सलाह

डिमेंशिया को लोग अक्सर बढ़ती उम्र की समस्या मानते हैं, लेकिन हाल ही में हुई एक रिसर्च कई मामलों का इसका संबंध रोजमर्रा की आदतों से जोड़कर भी देखती है। कुछ अध्ययनों के अनुसार, लगभग आधे डिमेंशिया के मामलों में कई ऐसे जोखिम कारक शामिल होते हैं, जिन्हें सही आदतों को अपनाकर समय रहते कम किया जा सकता है। शारदा केयर हेल्थ सिटी के सीनियर डायरेक्टर एवं हेड न्यूरोसाइंसेज डॉ. अतमप्रीत सिंह कहते हैं कि सबसे पहले समझना जरूरी है कि डिमेंशिया कोई एक बीमारी नहीं बल्कि याददाश्त, सोचने-समझने की क्षमता और निर्णय लेने की क्षमता में धीरे-धीरे होने वाली कमी का समूह है, जिसमें अल्जाइमर जैसी बीमारियों का नाम भी शामिल है। कई लोगों को यह लगता है कि इस समस्या को रोका नहीं जा सकता, लेकिन लाइफस्टाइल से जुड़े कई कारण ऐसे हैं जिन्हें कंट्रोल करके जोखिम कम जरूर किया जा सकता है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:यूपी में मोबाइल की लत ने ली 3 बहनों की जान, एक्सपर्ट ने बताया कैसे छुड़ाएं आदत

डिमेंशिया का खतरा बढ़ाते हैं ये कारण

द लैंसेट में प्रकाशित एक रिसर्च में जिन प्रमुख लाइफस्टाइल फैक्टर्स की बात सामने आई है, उनमें हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, मोटापा, धूम्रपान, शारीरिक निष्क्रियता और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याएँ जैसे डिप्रेशन शामिल हैं। इसके अलावा सामाजिक अलगाव, कम शिक्षा, सुनने की समस्या, अत्यधिक शराब का सेवन और प्रदूषण जैसे कारक भी जोखिम बढ़ा सकते हैं।

डिमेंशिया के खतरे को दूर रखती हैं ये आदतें

हमारा दिमाग शरीर के बाकी अंगों की तरह ही स्वस्थ आदतों पर निर्भर करता है। नियमित एक्सरसाइज से ब्लड फ्लो बेहतर होता है, जिससे ब्रेन सेल्स को पर्याप्त ऑक्सीजन और पोषण मिलता है। संतुलित आहार, खासकर हरी सब्जियां, फल, नट्स और ओमेगा-3 फैटी एसिड, मस्तिष्क के लिए फायदेमंद माने जाते हैं। इसके साथ ही नींद पूरी लेना, तनाव कम लेना और मानसिक रूप से सक्रिय रहना जैसे पढ़ना, पहेलियां हल करना या नई चीजें सीखना दिमाग को मजबूत बनाए रखने में मदद करता है।

छोटे ब्रेक लेना भी है जरूरी

आजकल डिजिटल लाइफस्टाइल और बैठकर काम करने की आदतों ने भी जोखिम बढ़ाया है। लंबे समय तक निष्क्रिय रहना या लगातार स्क्रीन पर रहना मानसिक और शारीरिक दोनों स्वास्थ्य पर असर डाल सकता है। इसलिए दिनभर में छोटे-छोटे ब्रेक लेना और सक्रिय रहना जरूरी है।

दिमागी सेहत को अच्छा बनाए रखती हैं ये आदतें

डिमेंशिया की रोकथाम जीवन की किसी एक स्टेज तक सीमित नहीं है। युवा अवस्था से ही हेल्दी आदतें अपनाने से उम्र बढ़ने पर भी दिमाग के स्वस्थ बने रहने की संभावना बढ़ जाती है। ब्लड प्रेशर, शुगर और कोलेस्ट्रॉल की नियमित जांच कराना, धूम्रपान से दूरी और सामाजिक रूप से जुड़े रहना दिमागी स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी कदम हैं।

सलाह- अगर परिवार में किसी व्यक्ति में याददाश्त कमजोर होना, बार-बार चीजें भूलना, व्यवहार में बदलाव या रोजमर्रा के कामों में परेशानी जैसे लक्षण दिखें, तो इसे नजरअंदाज न करें और समय पर न्यूरोलॉजिस्ट की सलाह लें। सही समय पर पहचान और लाइफस्टाइल में सुधार से डिमेंशिया की गति को कम करके जीवन की गुणवत्ता को बेहतर बनाया जा सकता है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।