लंबी या गोल, कौन सी लौकी खरीदें? जानें स्वाद और सेहत के लिए सही कैसे चुनें
आमतौर पर दो तरह की लौकी मिलती है, गोल और लंबी। ऐसे में अक्सर लोग इस बात को लेकर कन्फ्यूज हो जाते हैं कि इनमें से कौन सी लौकी स्वाद और सेहत के लिहाज से ज्यादा फायदेमंद है। चलिए जानते हैं कि दोनों में क्या अंतर है-

गर्मियों में शरीर को ठंडक और ऊर्जा देने वाली सब्जियों की बात हो तो लौकी का नाम सबसे पहले आता है। बेहद साधारण दिखने वाली ये सब्जी गुणों से भरपूर होती है, जो शरीर के लिए बेहद फायदेमंद मानी जाती है। मार्केट में आमतौर पर दो तरह की लौकी मिलती है, गोल और लंबी। ऐसे में अक्सर लोग इस बात को लेकर कन्फ्यूज हो जाते हैं कि इनमें से कौन सी लौकी स्वाद और सेहत के लिहाज से ज्यादा फायदेमंद है। अगर आपके मन में भी गोल और लंबी लौकी को लेकर इस तरह की कन्फ्यूजन रहती है तो चलिए जानते हैं कि इन दोनों में क्या अंतर है और कौन सी लौकी ज्यादा फायदेमंद है।
गोल और लंबी लौकी में अंतर
मार्केट में अक्सर गोल और लंबी दो तरह की लौकी देखने को मिल जाती हैं। जहां गोल लौकी का स्वाद हल्का मीठा और काफी स्वादिष्ट होता है, वहीं लंबी लौकी का स्वाद थोड़ा फीका हो सकता है। गोल लौकी जल्दी पक जाती है और इसकी सब्जी काफी सॉफ्ट और मुंह में घुलने वाली बनती है, जिस वजह से यह दोपहर और रात के खाने के लिए एक बेहतरीन विकल्प है। इसके मुकाबले, लंबी लौकी का आकार बड़ा और बनावट थोड़ी सख्त होती है, जिसके कारण इसे पकाने में ज्यादा समय लग जाता है।
कई बार लंबी लौकी हाईब्रिड या इंजेक्टेड किस्म की भी हो सकती है, जिससे ना केवल इसका स्वाद प्रभावित होता है, बल्कि इसकी पौष्टिकता में भी गिरावट आ सकती है। हालांकि, लंबी लौकी में पानी की मात्रा अधिक होती है, इसलिए इसका उपयोग ज्यादातर लोग जूस या सूप बनाने के लिए करते हैं। यह शरीर को ताजगी देती है और बॉडी को डिटॉक्स करने में भी मदद करती है।
गोल या लंबी, कौन सी लौकी ज्यादा फायदेमंद
गोल और लंबी लौकी दोनों ही पोषण से भरपूर होती हैं। लेकिन अगर आप स्वाद, पाचन और स्वास्थ्य के लिहाज से देखें, तो गोल लौकी बेहतर मानी जाती है। एक तो ये जल्दी पकती है, दूसरा स्वाद में हल्की मीठी होती है और पचाने में भी आसान है। वहीं लंबी लौकी को जूस या सूप के लिए उपयोग करना ज्यादा फायदेमंद हो सकता है। ऐसे में अगली बार जब भी आप लौकी खरीदें, तो अपनी जरूरत के अनुसार सही लौकी का चुनाव करें।
कैसे चुनें सही लौकी
सही लौकी चुनना बहुत जरूरी है। ऐसे में जब भी आप बाजार में लौकी खरीदने जाएं, तो सबसे पहले उसके बाहरी हिस्से को देखें। लौकी की त्वचा चिकनी और ताजा दिखनी चाहिए और उसकी डंठल हरी और नर्म होनी चाहिए। अगर डंठल सूखी या टूट चुकी हो, तो यह संकेत हो सकता है कि लौकी बासी है। लौकी को हाथ में लेकर देखें कि वह सख्त और सूखी तो नहीं है क्योंकि ऐसी लौकी पकने में समय लेती है और स्वाद में भी फीकी हो जाती है।
लौकी खाने के फायदे
लौकी चाहे गोल हो या लंबी, यह पोषण से भरपूर होती है। इसमें फाइबर, पानी, कई तरह के विटामिन, आयरन, पोटैशियम, कैल्शियम और मैग्नीशियम जैसे कई जरूरी मिनरल्स पाए जाते हैं। ये सभी तत्व शरीर को ऊर्जा देने, इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाने और पाचन क्रिया को बेहतर करने में मदद करते हैं। खासकर गोल लौकी का हल्का मीठा स्वाद और जल्दी गलने वाली प्रकृति इसे पचाने में आसान बनाती है, जिससे पेट की समस्याओं से राहत मिलती है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन