Cervical Cancer Awareness Month 2026 : सर्वाइकल कैंसर के लक्षण जो दर्द नहीं देते पर चुपचाप पनप कर पहुंचाते हैं नुकसान cervical cancer awareness month 2026 cervical infections that do not cause pain but cause damage secretly, हेल्थ टिप्स - Hindustan
More

Cervical Cancer Awareness Month 2026 : सर्वाइकल कैंसर के लक्षण जो दर्द नहीं देते पर चुपचाप पनप कर पहुंचाते हैं नुकसान

Cervical Cancer Awareness Month 2026 : बिना किसी दर्द या साफ लक्षण के चुपचाप पनपते रहते हैं और महिला की प्रजनन सेहत को गंभीर नुकसान पहुंचा सकते हैं। चिंता की बात यह है कि इस कैंसर में ज्यादा तकलीफ नहीं होती, इसलिए ये लंबे समय तक पकड़ में नहीं आते।

Wed, 14 Jan 2026 12:34 AMManju Mamgain लाइव हिन्दुस्तान
share
Cervical Cancer Awareness Month 2026 : सर्वाइकल कैंसर के लक्षण जो दर्द नहीं देते पर चुपचाप पनप कर पहुंचाते हैं नुकसान

देशभर में हर साल जनवरी महीने को सर्वाइकल कैंसर जागरूकता माह 2026 के रूप में मनाया जाता है। सर्वाइकल कैंसर भारत की महिलाओं में दूसरा सबसे आम कैंसर बन चुका है। ऐसे में इस कैंसर का समय पर निदान करने के लिए लोगों के बीच जागरूकता फैलाने के लिए यह खास दिन मनाया जाता है। रेनबो हॉस्पिटल की गायनेकोलॉजिस्ट,डॉ. अलका चौधरी कहती हैं कि सर्वाइकल इंफेक्शन कई बार धोखा देने वाले होते हैं। इनमें से कई बिना किसी दर्द या साफ लक्षण के चुपचाप पनपते रहते हैं और महिला की प्रजनन सेहत को गंभीर नुकसान पहुंचा सकते हैं। चिंता की बात यह है कि इस कैंसर में ज्यादा तकलीफ नहीं होती, इसलिए ये लंबे समय तक पकड़ में नहीं आते और बिना इलाज के रह जाते हैं, जिससे अंदर ही अंदर नुकसान बढ़ता जाता है।

साइलेंट इंफेक्शन

कई आम इंफेक्शन ऐसे ही ‘साइलेंट’ होते हैं। क्लैमाइडिया और गोनोरिया कई महिलाओं में बिना लक्षण के होते हैं, लेकिन ये सर्विक्स में सूजन पैदा कर देते हैं। इस सूजन से सर्वाइकल म्यूकस की सुरक्षा परत कमजोर हो जाती है, जिससे बैक्टीरिया और वायरस आसानी से गर्भाशय और फैलोपियन ट्यूब्स तक पहुंच सकते हैं। ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (HPV), खासकर इसके हाई-रिस्क टाइप्स, सालों तक बिना किसी लक्षण के रह सकते हैं और धीरे-धीरे कोशिकाओं में असामान्य बदलाव लाते हैं, जो आगे चलकर प्रीकैंसर बदलाव और सर्वाइकल कैंसर का कारण बन सकते हैं। वहीं हर्पीस सिम्प्लेक्स वायरस और ट्राइकोमोनायसिस जैसे इंफेक्शन भी हल्के-हल्के तरीके से सर्विक्स की परत को नुकसान पहुंचाते हैं और दूसरे इंफेक्शन का खतरा बढ़ा देते हैं।

किस बात का है असल खतरा

असल खतरा इनके लंबे समय के असर में होता है। अगर सर्वाइकल इंफेक्शन का इलाज न हो, तो पेल्विक इंफ्लेमेटरी डिजीज, फैलोपियन ट्यूब्स में स्कारिंग, बांझपन और एक्टोपिक प्रेग्नेंसी जैसी गंभीर समस्याएं हो सकती हैं। सर्विक्स में लंबे समय तक सूजन रहने से HIV इंफेक्शन का खतरा भी बढ़ता है और यह सर्वाइकल कैंसर के विकास में भी भूमिका निभा सकता है। प्रेग्नेंसी के दौरान ऐसे साइलेंट इंफेक्शन सर्विक्स को कमजोर कर सकते हैं, जिससे समय से पहले डिलीवरी, पानी की थैली का जल्दी फटना और यहां तक कि गर्भपात का खतरा भी बढ़ जाता है।

समय रहते जांच जरूरी

समय रहते जांच बहुत जरूरी है। नियमित स्क्रीनिंग—जैसे पैप स्मियर, HPV टेस्ट और यौन संक्रमणों के लिए खास लैब टेस्ट-लक्षण आने से पहले ही समस्या पकड़ सकते हैं। सही समय पर इलाज, पार्टनर का भी इलाज और HPV वैक्सीनेशन जैसे बचाव के उपाय सर्वाइकल हेल्थ को सुरक्षित रखने के लिए बेहद जरूरी हैं। जागरूकता और नियमित देखभाल से इन साइलेंट इंफेक्शन्स से होने वाले लंबे नुकसान को रोका जा सकता है।

महिलाओं की सबसे बड़ी गलती

सीके बिड़ला हॉस्पिटल की गायनेकोलॉजिस्ट डॉक्टर तृप्ति रहेजा, कहती हैं कि कई महिलाएं सबसे बड़ी गलती यह करती हैं कि वे तब तक डॉक्टर के पास नहीं जातीं, जब तक असामान्य ब्लीडिंग, दर्द या अजीब तरह का डिस्चार्ज जैसे लक्षण न दिखें। लेकिन जब तक ये संकेत सामने आते हैं, तब तक काफी नुकसान हो चुका होता है। इसी वजह से नियमित सर्वाइकल स्क्रीनिंग—जैसे पैप स्मियर, HPV टेस्ट—और सुरक्षित यौन व्यवहार को अपनाना खास तौर पर युवा महिलाओं के लिए बहुत जरूरी है, भले ही उन्हें कोई लक्षण न हों। समय रहते इंफेक्शन की पहचान और सही इलाज से प्रजनन क्षमता को बचाया जा सकता है और सर्वाइकल कैंसर से मजबूत सुरक्षा मिलती है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।