अनाया बांगर लड़के से बनीं लड़की, थाइलैंड में हुई जेंडर अफर्मिंग सर्जरी, जानिए क्या है
पूर्व क्रिकेटर संजय बांगर की बेटी अनाया बांगर का जन्म लड़के के रूप में हुआ था, लेकिन अब वह जेंडर ट्रांसफॉर्मेशन के बाद लड़की बन चुकी है। अनाया ने थाईलैंड में जेंडर अफर्मिंग सर्जरी करवाई है। जानिए ये सर्जरी क्या है और कैसे काम करती है।

पूर्व इंडियन क्रिकेटर संजय बांगर की बेटी अनाया बांगर अपने जीवन के सबसे बड़े बदलाव से गुजर रही हैं। दरअसल, अनाया का जन्म लड़के के रूप में हुआ था। लेकिन उन्होंने अपना जेंडर चेंज करवाने का फैसला लिया और बीते दिनों थाईलैंड में उनकी जेंडर अफर्मिंग सर्जरी हुई। पूरे सोशल मीडिया पर अनाया के जेंडर अफर्मिंग सर्जरी के चर्चे हैं और बहुत से लोग इसके बारे में जानना चाहते हैं। यहां जानिए इस सर्जरी से जुड़ी डिटेल्स-
सबसे पहले समझिए क्या है जेंडर अफर्मिंग सर्जरी?
जन्म के समय व्यक्ति की एक पहचान होती है, जैसे महिला, पुरुष, या नॉन-बाइनरी। बहुत से लोग ऐसे होते हैं जो अपनी पहचान से मेल नहीं खाते हैं और इस सर्जरी की मदद से शरीर के अंगों को बदलकर उस मानसिक और शारीरिक अंतर को खत्म करने की कोशिश करते हैं। ये एक ऐसी प्रक्रिया है जो किसी व्यक्ति के बाहरी शरीर को उनकी आंतरिक पहचान के अनुरूप बनाने में मदद करती है।
सर्जरी के टाइप
इस सर्जरी में मुख्य तौर पर तीन टाइप हैं जिसमें सबसे पहला ऊपरी शरीर की सर्जरी होती है। जिसमें महिला से पुरुष बनने वाले व्यक्ति में ब्रेस्ट टिशू को हटाकर छाती को मर्दाना लुक दिया जाता है और पुरुष से महिला बनने वाले व्यक्ति में इम्प्लांट्स के जरिए छाती को उभारा जाता है। वहीं निचले शरीर की सर्जरी में जननांगों को बदला जाता है ताकि वे व्यक्ति की पहचान के साथ मेल खा सकें। जेंडर अफर्मिंग सर्जरी में चेहरे की सर्जरी भी शामिल है। इसमें चेहरे की हड्डियों या फीचर्स को बदला जाता है।
कैसे होती है ये सर्जरी
इस सर्जरी को करवाने वाले व्यक्ति को एक लंबी प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है। क्योंकि सर्जरी से पहले डॉक्टर यह तय करते हैं कि व्यक्ति मानसिक रूप से तैयार है या नहीं और उसे अपनी पहचान के बारे में पूरी तरह से पता है या नहीं। एक बार जब ये मानसिक टेस्ट हो जाता है तो हार्मोन थेरेपी शुरू होती है। इसमें अक्सर सर्जरी से पहले व्यक्ति को हार्मोन टेस्टोस्टेरोन या एस्ट्रोजन दिए जाते हैं ताकि शरीर में बदलाव शुरू हो सकें। इस थेरेपी के बाद ऑपरेशन किया जा सकता है।
जननांगों में बदलाव
ट्रांस-मसक्यूलिन सर्जरी उन लोगों के लिए होती है जो जन्म के समय महिला थे लेकिन अपनी पहचान पुरुष के रूप में करते हैं। इस सर्जरी में शरीर के दूसरे हिस्से जैसे हाथ, जांघ या पीठ से त्वचा और नसों का हिस्सा लेकर लिंग बनाया जाता है। इसमें पेशाब की नली को भी जोड़ा जाता है।
ट्रांस-फेमिनिन सर्जरी उन लोगों के लिए है जो जन्म के समय पुरुष थे लेकिन अपनी पहचान महिला के रूप में करते हैं। इसमें वैजिनोप्लास्टी की जाती है, जिसमें मौजूदा टिशू इस्तेमाल करके एक योनि बनाई जाती है।
भारत में इस सर्जरी के रूल
भारत में जेंडर अफर्मिंग सर्जरी करवाने के लिए एक कानूनी और मेडिकल प्रक्रिया को फॉलो करना होता है। इस प्रक्रिया में ये देखा जाता है कि व्यक्ति मानसिक और शारीरिक रूप से इस बदलाव के लिए तैयार है या नहीं।
डिस्क्लेमर- ये आर्टिकल केवल सूचनात्मक उद्देश्यों के लिए है और पेशेवर चिकित्सा सलाह का विकल्प नहीं है। किसी चिकित्सीय स्थिति के बारे में किसी भी सवाल के लिए हमेशा अपने डॉक्टर से सलाह लें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन