एम्स के गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट ने शेयर की 8 सब्जियों की लिस्ट, बताया आंत और लिवर के लिए कैसे हैं वरदान AIIMS gastroenterologist shares a list of 8 vegetables explaining how they are a boon for the intestines and liver, हेल्थ टिप्स - Hindustan
More

एम्स के गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट ने शेयर की 8 सब्जियों की लिस्ट, बताया आंत और लिवर के लिए कैसे हैं वरदान

Vegetables Good For Liver And Gut Health: डॉ. सौरभ सेठी, अपनी पोस्ट में इन 8 सब्जियों को रोजाना डाइट में शामिल करने की सलाह देते हुए बता रहे हैं कि आपको ये सब्जियां अपनी रोजाना की डाइट में क्यों शामिल करनी चाहिए।

Tue, 28 Oct 2025 11:48 PMManju Mamgain लाइव हिन्दुस्तान
share
एम्स के गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट ने शेयर की 8 सब्जियों की लिस्ट, बताया आंत और लिवर के लिए कैसे हैं वरदान

सेहतमंद बने रहने के लिए आपने अकसर डॉक्टरों को डाइट में हरी सब्जियां शामिल करने की सलाह देते हुए सुना होगा। डॉक्टर और पोषण विशेषज्ञ डाइट में हरी सब्जियां शामिल करने की सलाह इसलिए देते हैं क्योंकि ये फाइबर, विटामिन, खनिज और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होती हैं। इनके सेवन से हृदय रोग, कैंसर के जोखिम को कम करने, आंखों की रोशनी बढ़ाने, हड्डियों को मजबूत बनाने और वजन प्रबंधन में मदद मिलती है। लेकिन क्या आप जानते हैं कुछ हरी सब्जियां ऐसी भी होती हैं जो आपकी गट हेल्थ के साथ आपके लिवर के लिए भी बेहद फायदेमंद मानी जाती हैं। हाल ही में एम्स, हार्वर्ड और स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय से प्रशिक्षित बोर्ड-प्रमाणित गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट और हेपेटोलॉजिस्ट डॉ. सौरभ सेठी, एमडी, एमपीएच ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट इंस्टाग्राम पर 8 सब्जियों की एक लिस्ट शेयर की है। डॉ. सौरभ सेठी, अपनी पोस्ट में इन 8 सब्जियों को रोजाना डाइट में शामिल करने की सलाह देते हुए बता रहे हैं कि आपको ये सब्जियां अपनी रोजाना की डाइट में क्यों शामिल करनी चाहिए।

डॉ. सेठी ने अपनी पोस्ट का शीर्षक दिया, 'मैं एक बोर्ड-प्रमाणित गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट हूं और चाहता हूं कि ज्यादा से ज्यादा लोग इन 8 सब्जियों को खाएं'। बता दें, उनकी लिस्ट में ब्रोकली, करेला, पत्तेदार सब्जियां, गाजर, चुकंदर और कुछ अन्य सब्जियां शामिल हैं।

गट हेल्थ और लिवर को सेहतमंद रखती हैं ये 8 सब्जियां

ब्रोकली

गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट डॉ. सेठी के अनुसार, ब्रोकली में सल्फोराफेन प्रचुर मात्रा में होता है, जो लिवर के विषहरण (detoxification) और आंत के माइक्रोबायोम के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में मदद करता है। यह एक शक्तिशाली एंटीऑक्सिडेंट है जो शरीर में हानिकारक पदार्थों को तोड़ने और बाहर निकालने वाले एंजाइमों को सक्रिय करता है, साथ ही आंत में स्वस्थ बैक्टीरिया को बढ़ावा देता है। डॉ. सेठी कहते हैं कि ब्रोकली एक क्रूसिफेरस सब्जी है और इसमें सल्फोराफेन जैसे एंटीऑक्सीडेंट होते हैं, जो शरीर में सूजन को कम करने में मदद करते हैं, साथ ही कोशिकाओं को क्षति से बचाते हैं और कई पुरानी बीमारियों के जोखिम को घटाते हैं।

चुकंदर

डाइट में चुकंदर शामिल करने से मिलने वाले फायदों के बारे में बात करते हुए डॉ. सेठी कहते हैं कि चुकंदर का सेवन बेहतर रक्त प्रवाह के लिए नाइट्रेट और लिवर के स्वास्थ्य और पाचन को बेहतर बनाने के लिए बीटाइन भरपूर मात्रा में होता है।

शकरकंद

डॉ. सेठी कहते हैं कि शकरकंद में फाइबर और बीटा-कैरोटीन जैसे एंटीऑक्सीडेंट प्रचुर मात्रा में होते हैं। इसलिए, ये अच्छे आंत बैक्टीरिया को पोषण देते हैं और स्वस्थ मल त्याग में सहायक होते हैं।

पालक और पत्तेदार सब्जियां

पालक और पत्तेदार सब्जियों के बारे में, गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट ने बताया कि इनमें मैग्नीशियम, फोलेट और प्रीबायोटिक फाइबर भरपूर मात्रा में होते हैं जो आपके आंत बैक्टीरिया को विविधता प्रदान करने में मदद करते हैं।

ब्रसेल्स स्प्राउट्स

ब्रसेल्स स्प्राउट्स एक अन्य प्रकार की क्रूसिफेरस सब्ज़ी है, और डॉ. सेठी के अनुसार, ये फाइबर के मामले में एक पावरहाउस हैं। इस सब्जी में ऐसे यौगिक होते हैं जो कोलन कैंसर के खतरे को कम कर सकते हैं। डॉ. सेठी सुझाव देते हैं कि , 'पोषक तत्वों को खोए बिना स्वाद के लिए इन्हें भूनकर खाएं'।

फूलगोभी

फूलगोभी एक कम कैलोरी वाली, बहुमुखी सब्जी है जो कोलीन से भरपूर होती है, जो मस्तिष्क, लिवर, मांसपेशियों और तंत्रिका तंत्र के स्वस्थ कार्य के लिए महत्वपूर्ण है।

गाजर

डॉ. सेठी ने रोजाना गाजर खाने के फायदों के बारे में बात करते हुए कहते हैं कि गाजर आंखों और त्वचा के स्वास्थ्य के लिए कैरोटीनॉयड से भरपूर होती है, और इसका फाइबर लाभकारी आंत के रोगाणुओं को पोषण देता है, जिससे पाचन क्रिया में सुधार होता है। गाजर में मौजूद बीटा-कैरोटीन शरीर में विटामिन ए में बदल जाता है, जो आंखें, त्वचा और प्रतिरक्षा प्रणाली के लिए जरूरी है, जबकि इसका फाइबर आंत के स्वास्थ्य और नियमित मल-त्याग में मदद करता है।

करेला

डॉक्टर सेठी करेला खाने की सलाह भी देते हैं। यह रक्त शर्करा नियंत्रण के लिए एक शक्तिशाली स्रोत है और इसमें अनोखे फाइटोन्यूट्रिएंट्स भरपूर मात्रा में मौजूद होते हैं। डॉक्टर सेठी कहते हैं कि करेला मेटाबॉलिज्म और पेट के स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने में मदद करता है।

डॉक्टर सेठी अपनी पोस्ट के आखिर में कहते हैं कि ये सभी सब्जियां आपकी थाली भरने से कहीं ज्यादा काम करती हैं, ये आपके पेट, लिवर और समग्र स्वास्थ्य को ऊर्जा प्रदान करती हैं। उन्होंने सलाह दी, इस सप्ताह अपने खाने में इन 8 सब्ज़ियों में से एक भी शामिल करके देखिए।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।