नींबू महंगे होने से पहले कर के रख लें ये 1 काम, पूरी गर्मियां मजे से पीएंगे शिकंजी-शरबत!
Instant Lemon Premix For Summers: गर्मियां तेज होते ही नींबू के दाम आसान छूने लगते हैं। ऐसे में जब तक ये सस्ते मिल रहे हैं, तब तक ये प्रीमिक्स बनाकर रख लें। नींबू पानी, शिकंजी हो या शरबत दो मिनट में बनाकर तैयार कर लेंगे।

गर्मियों के मौसम में ठंडा-ठंडा नींबू पानी सुकून देने वाला होता है। लेकिन नींबू के महंगे दाम इस मजे को किरकिरा कर देते हैं। जैसे ही तेज गर्मियां पड़ना शुरु होती हैं, आप नोटिस करेंगे कि नींबू के दाम भी तेजी से बढ़ना शुरू हो जाते हैं। इसी वजह से कई घरों में नींबू आना भी बंद हो जाता है। ऐसे में अगर पहले से ही आप ये छोटी सी तैयारी कर के रख लें, तो पूरी गर्मियां आराम से नींबू पानी का मजा ले पाएंगे। फिलहाल मार्केट में नींबू सस्ते मिल रहे हैं, इन्हें ले कर आप एक प्रीमिक्स तैयार कर सकते हैं। इसमें चीनी भी रहेगी, इसलिए दो मिनट में ही नींबू पानी या शिकंजी बनकर तैयार हो जाएगी। ये प्रीमिक्स आप एक बार बनाकर रख लें, तो आराम से कई दिनों तक स्टोर कर के रख सकते हैं। गर्मियों में खूब सारे पैसे और टाइम दोनों सेव हो जाएंगे।
सस्ते मिल रहे नींबू से बनाकर रख लें इंस्टेंट नींबू प्रीमिक्स
जब तक बाजार में नींबू सस्ते मिल रहे हैं, तब तक आप इनका प्रीमिक्स बनाकर रख सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले ताजे नींबू ले आएं, फिर इन्हें धो कर इनका रस निचोड़ लें। लगभग 10-15 नींबू में आराम से एक कप रस निकल जाएगा। इसके बाद आपको लगभग तीन कप चीनी लेनी है और इसमें 1 कप नींबू का रस मिलाकर एक प्लेट में फैला लेना है।
अब इसे रोजाना आपको पंखे के नीचे सुखाना है। किस भी रूम का फैन ज्यादा चलता हो वहीं ये प्लेट रख लें। आराम से सूखता रहेगा। ध्यान रखने वाली बात ये है कि ये 1 दिन में तैयार नहीं होता है। आपको इसे पूरी तरह सुखाने में कम से कम 3-4 दिन लग जाएंगे। रोज इसे आपस में एक चम्मच या फोर्क की मदद से मिक्स करें, फिर सुखाने के लिए रख दें। जब आपको लगे ये पूरी तरह से ड्राई हो चुका है, तब इसे मिक्सर में डालें और पीसकर एक फाइन पाउडर तैयार कर लें। आपका इंस्टेंट नींबू पानी प्रीमिक्स बन कर तैयार है।
काम की टिप: इस प्रीमिक्स को हमेशा एक एयर टाइट कंटेनर में ही स्टोर करें। ज्यादा हवा लगने या नमी की वजह से पाउडर जल्दी खराब हो सकता है और इसकी गुठलियां बन सकती हैं।
इसे इस्तेमाल कैसे करना है?
अब गर्मियों में बेशक नींबू के दाम आसमान छूने लगें, लेकिन आप इस रिफ्रेशिंग ड्रिंक का मजा बिना टेंशन के ले सकते हैं। बस एक गिलास ठंडे पानी में 1-2 चम्मच या अपने स्वादानुसार ये प्रीमिक्स एड करें, आपका नींबू पानी बनकर तैयार है। इसके साथ आप शिकंजी या कोई भी शरबत फटाफट बनाकर तैयार कर सकते हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन