ब्यूटी हैक: ओपन पोर्स से परेशान हैं? मुल्तानी मिट्टी का ये आसान उपाय जान लें
खुले पोर्स और ऑयली स्किन से परेशान हैं? मुल्तानी मिट्टी और खस का सही इस्तेमाल त्वचा को गहराई से साफ कर सकता है। यह पोर्स को क्लीन करता है, ऑयल कंट्रोल करता है और स्किन को ठंडक भी देता है।

त्वचा की सबसे आम समस्याओं में से एक है खुले या बड़े दिखने वाले पोर्स। खासकर जिन लोगों की स्किन ऑयली या एक्ने-प्रोन होती है, उन्हें यह समस्या ज्यादा होती है। खुले पोर्स में गंदगी, तेल और डेड स्किन आसानी से जमा हो जाती है, जिससे पिंपल और ब्लैकहेड्स की समस्या बढ़ती है। ऐसे में मुल्तानी मिट्टी को एक आसान और प्राकृतिक उपाय माना जाता है। अगर इसका सही तरीके से इस्तेमाल किया जाए, तो यह स्किन को गहराई से साफ करने और पोर्स को कम दिखाने में मदद कर सकती है।
क्यों फायदेमंद है मुल्तानी मिट्टी ?
- मुल्तानी मिट्टी लंबे समय से स्किन केयर में इस्तेमाल की जाती रही है। इसमें ऐसे प्राकृतिक गुण होते हैं जो त्वचा से अतिरिक्त तेल को सोख लेते हैं और पोर्स के अंदर जमी गंदगी को बाहर निकालने में मदद करते हैं।
- जब पोर्स के अंदर जमा तेल और धूल साफ हो जाती है, तो पोर्स साफ और छोटे दिखाई देने लगते हैं। इसके अलावा मुल्तानी मिट्टी हल्के एक्ने को शांत करने और नई गंदगी जमा होने से रोकने में भी मदद करती है।
खस (Vetiver) क्यों है खास ?
- मुल्तानी मिट्टी के साथ अगर खस यानी वेटिवर मिलाया जाए, तो इसका असर और भी बेहतर हो सकता है। खस प्राकृतिक रूप से ठंडक देने वाला और त्वचा को शांत करने वाला माना जाता है।
- यह त्वचा की सूजन को कम करने, अतिरिक्त तेल को संतुलित करने और पोर्स के आसपास की स्किन को शांत रखने में मदद करता है। इससे पोर्स ज्यादा फैलने से बचते हैं और स्किन फ्रेश महसूस होती है।
कैसे बनाएं मुल्तानी मिट्टी और खस का फेस पैक
इस फेस पैक को बनाना बहुत आसान है। सबसे पहले एक बाउल में एक से दो चम्मच मुल्तानी मिट्टी लें। अब इसमें खस का पानी या खस पाउडर मिलाएं। गुलाबजल के साथ अच्छी तरह मिलाकर एक स्मूद पेस्ट बना लें। अब इस पेस्ट को अपने साफ चेहरे पर हल्के हाथों से लगा लें, खासकर उन जगहों पर जहां पोर्स ज्यादा दिखाई देते हैं।
सबसे जरूरी स्किन केयर टिप
मुल्तानी मिट्टी लगाते समय एक बात का खास ध्यान रखें कि फेस पैक को पूरी तरह सूखने ना दें। जब फेस पैक पूरी तरह सूखकर क्रैक करने लगता है, तो इससे त्वचा ज्यादा ड्राई हो सकती है और पोर्स और ज्यादा बड़े दिख सकते हैं। इसलिए बेहतर है कि जब फेस पैक हल्का-सा सूखने लगे, तब ही चेहरे को सादे पानी से धो लें।
किन लोगों के लिए है फायदेमंद
मुल्तानी मिट्टी और खस का यह फेस पैक खासतौर पर ऑयली स्किन, एक्ने-प्रोन स्किन और खुले पोर्स की समस्या वाले लोगों के लिए अच्छा माना जाता है।
नोट: अगर इस फेस पैक का इस्तेमाल हफ्ते में एक या दो बार किया जाए, तो धीरे-धीरे त्वचा साफ, ठंडी और संतुलित महसूस होने लगती है। यह स्किन को बिना नुकसान पहुंचाए बेहतर बना सकता है। इसके अलावा यह खबर सामान्य जानकारियों पर आधारित है, चेहरे पर इस्तेमाल करने से पहले पैच टेस्ट करें या फिर स्किन एक्सपर्ट से सलाह ले लें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन