Umbrellas Will Be Needed in Jharkhand Until Tuesday, Weather to Remain Cool, Yellow-Orange Alerts Issued झारखंड में मंगलवार तक पड़ेगी छाते की जरूरत, मौसम रहेगा कूल-कूल; IMD ने जारी किया येलो-ऑरेंज अलर्ट, Jharkhand Hindi News - Hindustan
More

झारखंड में मंगलवार तक पड़ेगी छाते की जरूरत, मौसम रहेगा कूल-कूल; IMD ने जारी किया येलो-ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने शनिवार को राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान लगाया है, जबकि रविवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री रह सकता है।

Fri, 3 April 2026 09:52 PMSourabh Jain लाइव हिन्दुस्तान, रांची, झारखंड
share
झारखंड में मंगलवार तक पड़ेगी छाते की जरूरत, मौसम रहेगा कूल-कूल; IMD ने जारी किया येलो-ऑरेंज अलर्ट

पश्चिमी विक्षोभ के असर से अगले कुछ दिन तक झारखंड का मौसम बेहद सुहावना बना रहेगा। इस दौरान मौसम विभाग ने प्रदेश के लगभग सभी हिस्सों के भीगने की उम्मीद जताई है। इस दौरान विभाग ने मंगलवार तक प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होने व बिजली चमकने और तेज हवा चलने की उम्मीद जताई है। विभाग का कहना है कि इस दौरान प्रदेश में कई स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है। विभाग का कहना है कि शुक्रवार देर रात तक राज्य के चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, रांची, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, सराईकेला और पश्चिम सिंहभूम जिले में हल्की बारिश हो सकती है।

अगले तीन दि के मौसम का हाल, ऑरेंज-येलो अलर्ट जारी

4 अप्रैल (शनिवार) को मौसम विभाग ने प्रदेश के 14 जिलों गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, लातेहार, गिरिडीह, गुमला, लोहरदगा, रांची, रामगढ़, बोकारो, धनबाद और खूंटी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान इन जिलों में तेज हवाएं चलने के साथ आंधी-तूफान आने व बिजली चमकने के साथ तेज बारिश की संभावना जताई है।

5 अप्रैल (रविवार) के लिए विभाग ने प्रदेश के सभी जिलों में ऑरेंज व येलो अलर्ट जारी करते हुए बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान विभाग ने प्रदेश के 4 जिलों गढ़वा, पलामू, चतरा और हजारीबाग के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए यहां ओलावृष्टि के साथ बादल गरजने, बिजली गिरने व आंधी-तूफान के साथ जोरदार बारिश की संभावना जताई है। साथ ही यहां 50-60 kmph की स्पीड से हवा भी चलने की संभावना है। इसके अलावा अन्य सभी जिलों में तेज हवा के साथ बादल गरजने, बिजली कड़कने व बारिश होने की संभावना है।

6 अप्रैल (सोमवार) के लिए मौसम विभाग ने प्रदेश के 11 जिलों गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, बोकारो, रामगढ़, रांची, लोहरदगा और लातेहार जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए यहां ओलावृष्टि के साथ बादल गरजने, बिजली गिरने और 50 से 60 kmph की गति से आंधी चलने की संभावना जताई है। इसके अलावा राज्य के अन्य सभी स्थानों पर बादल गरजने, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना है।

झारखंड में मंगलवार तक पड़ेगी छाते की जरूरत, मौसम रहेगा कूल;येलो-ऑरेंज अलर्ट जारी

रांची के अधिकतम व न्यूनतम तापमान का पूर्वानुमान

मौसम विभाग ने शनिवार को राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान लगाया है, जबकि रविवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री, सोमवार व मंगलवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई है। इस दौरान सभी दिन आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है।

सिनोप्टिक मौसमी परिस्थितियां

एक पश्चिमी विक्षोभ, चक्रवाती परिसंचरण के रूप में दक्षिण अफगानिस्तान और पाकिस्तान के समीप 3.1 से 7.6 किमी औसत समुद्र तल से ऊपर स्थित है। उत्तर-पूर्व पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्रों में 1.5 किमी ऊंचाई पर एक ऊपरी वायुमंडलीय चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में 0.9 किमी ऊंचाई पर ऊपरी वायुमंडलीय चक्रवाती परिसंचरण सक्रीय है। एक ट्रफ, उत्तर-पूर्व पाकिस्तान के ऊपरी वायुमंडलीय चक्रवाती परिसंचरण से उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश तक पंजाब और हरियाणा होते हुए माध्य समुद्र तल से 1.5 किमी ऊंचाई पर फैला हुआ है। एक अन्य टूफ, उत्तर मध्य प्रदेश से उत्तर विदर्भ तक औसत समुद्र तल से 0.9 किमी ऊंचाई पर फैला हुआ है। एक नया पश्चिमी विक्षोभ 07 अप्रैल 2026 से उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करने की संभावना है।