stone pelting and arson on shobha yatra in hazaribagh jharkhand झारखंड के हजारीबाग में शोभायात्रा पर पथराव और आगजनी; गरमाया माहौल, हाईवे जाम, Jharkhand Hindi News - Hindustan
More

झारखंड के हजारीबाग में शोभायात्रा पर पथराव और आगजनी; गरमाया माहौल, हाईवे जाम

झारखंड के हजारीबाग जिले के बरकट्ठा थाना क्षेत्र के झुरझुरी में एक शोभायात्रा पर पथराव और आगजनी के बाद माहौल बिगड़ गया है। इलाके में फोर्स तैनात कर दी गई है।

Sun, 13 April 2025 11:12 PMKrishna Bihari Singh लाइव हिन्दुस्तान, रांची
share
झारखंड के हजारीबाग में शोभायात्रा पर पथराव और आगजनी; गरमाया माहौल, हाईवे जाम

झारखंड के हजारीबाग जिले में माहौल बिगड़ गया है। बताया जाता है कि बरकट्ठा थाना क्षेत्र के झुरझुरी में एक शोभायात्रा पर रविवार शाम को कुछ लोगों ने पथराव कर दिया। यह शोभायात्रा नौ दिवसीय श्री श्री शतचंडी महायज्ञ को लेकर निकाली जा रही थी। उपद्रवियों ने पथराव के साथ ही आगजनी भी की। इसके बाद वहां अफरातफरी मच गई। घटना से आक्रोशित लोगों ने जीटी रोड को जाम कर दिया। इलाके में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, रविवार को शोभायात्रा के जिए नगर भ्रमण का आयोजन किया गया था। बड़ी संख्या में लोग शोभा यात्रा के साथ नगर भ्रमण पर निकले थे। इसी दौरान शोभा यात्रा पर पत्थर चलने शुरू हो गए। इस घटना से अफरातफरी फैल गई। देखते ही देखते दोनों तरफ से लोग आमने सामने आ गए। जमकर पथराव हुआ। इस दौरान एक गुमटी में आग लगा दी गई। इसके बाद माहौल बिगड़ गया।

पथराव और आगजनी की घटना के बाद इलाके में तनाव बढ़ गया। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। फौरन पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं। हाईवे जाम कर रहे लोगों से पुलिस अधिकारियों ने बात की। करीब तीन घंटे की समझाइश के बाद पुलिस ने जाम खुलवाया। इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। एहतियात के तौर पर इलाके में पुलिस फोर्स मौजूद है। पत्थरबाजी की घटना घंघरी तरबेचवा में हुई।

घटना से आक्रोशित लोगों ने पत्थरबाजी करने वाले दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इलाके में स्थिति नियंत्रण में है। इस घटना में शामिल दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।