खूंटी में अचानक बदला मौसम, ओलावृष्टि और बारिश से गर्मी से राहत
खूंटी जिले में रविवार को मौसम अचानक बदल गया। काले बादलों के छाने के बाद हल्की ओलावृष्टि और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हुई। तापमान 33 से घटकर 26 डिग्री सेल्सियस हो गया। बारिश के कारण बाजार में सन्नाटा छा गया और दुकानदारों ने समय से पहले दुकानें बंद कर दीं। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।

खूंटी, संवाददाता। खूंटी जिले में रविवार दोपहर बाद मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। करीब तीन बजे के बाद आसमान में काले और घने बादल छा गए। चार बजे तक दिन में ही रात जैसा नजारा देखने को मिला। घने बादलों के कारण सड़क पर अंधेरा पसर गया और वाहनों को हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी हुई। कुछ ही देर बाद हल्की ओलावृष्टि के साथ तेज हवाएं चलने लगीं और झमाझम बारिश शुरू हो गई। हालांकि बारिश ज्यादा देर तक नहीं चली, लेकिन शाम छह बजे तक रुक-रुक कर बूंदाबांदी होती रही। अचानक बदले मौसम के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई।
दिन में जहां अधिकतम तापमान लगभग 33 डिग्री सेल्सियस था, वहीं शाम तक यह घटकर करीब 26 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। बारिश से लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली। अचानक मौसम बदलने का असर बाजारों में भी देखने को मिला। बारिश की आशंका के कारण लोग जल्दी घर लौटने लगे, जिससे शाम होने से पहले ही बाजार में सन्नाटा पसर गया। कई दुकानदारों ने भी समय से पहले अपनी दुकानें बंद कर दीं। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को भी जिले में बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसे लेकर विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन