जनसंवाद में सांसद संजय सेठ ने प्रबुद्ध जनों को किया सम्मानित
रांची सांसद एवं केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने सिल्ली में कार्यक्रम के तहत समाजसेवियों और व्यवसायियों को सम्मानित किया। उन्होंने सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों के बारे में जानकारी दी। स्थानीय नागरिकों ने विद्युत व्यवस्था और बाजारों में बारिश के पानी की निकासी की समस्याएं उठाईं, जिस पर सांसद ने समाधान का आश्वासन दिया।

सिल्ली, प्रतिनिधि। रांची सांसद एवं केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ मंगलवार को प्रबुद्ध जन संपर्क कार्यक्रम के तहत सिल्ली पहुंचे। इस दौरान उन्होंने समाजसेवी, व्यवसायी एवं अन्नपूर्णा मुफ्त भोजनालय के संचालक प्रकाश अग्रवाल के सिल्ली स्टेशन पथ स्थित आवास पर पहुंचकर उन्हें अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में समाजसेवी एवं चिकित्सक डॉ विद्यानंद चौधरी और व्यवसायी एवं समाजसेवी गोपाल केडिया को भी सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह के बाद सांसद ने आवास परिसर में एकत्रित लोगों के साथ जनसंवाद किया। उन्होंने केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल में विश्वास, विकास और जनकल्याण से जुड़ी विभिन्न उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है。
व्यवसायियों ने रखीं क्षेत्र की समस्याएं:
जनसंवाद के दौरान स्थानीय व्यवसायियों और नागरिकों ने सिल्ली की लचर विद्युत व्यवस्था, निर्माणाधीन पावर ग्रिड को शीघ्र चालू करने तथा बाजार क्षेत्र में बारिश के पानी की निकासी के लिए स्थायी व्यवस्था करने की मांग उठाई। लोगों ने कहा कि इन समस्याओं के कारण आम जनता और व्यापारियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। सांसद ने समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों से समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं का हुआ सम्मान:
इससे पूर्व सांसद ने एसएस प्लस टू उच्च विद्यालय के प्राचार्य पवन पांडे, भूतपूर्व सैनिक मेघनाथ महतो, योग शिक्षक कृष्ण कुमार महतो, सिंगपुर नर्सिंग होम के संचालक एवं चिकित्सक डॉ. रमनेश प्रसाद, सिल्ली स्टेडियम के तीरंदाजी कोच प्रकाश राम, शिशिर महतो, श्वेता पांडे तथा सिल्ली राजबाड़ी की रानी राज्यश्री सिंह देव को भी अंगवस्त्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया।
भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग रहे उपस्थित:
कार्यक्रम में भाजपा के रांची पूर्वी जिला अध्यक्ष विनय कुमार महतो ‘धीरज’, सिल्ली मंडल अध्यक्ष अंबुज रजक, रामपुर मंडल अध्यक्ष अमित बेदिया सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता, व्यवसायी एवं स्थानीय नागरिक मौजूद थे। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ और लोगों ने क्षेत्रीय विकास से जुड़े मुद्दों पर खुलकर अपनी बातें रखीं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन