बोले रांची: एक कुएं पर निर्भर, स्ट्रीट लाइट नहीं, छह माह से सफाई भी बंद
रांची के मधुकम रुगड़ीगढ़ा में स्थानीय निवासियों ने नगर निगम की सेवाओं की कमी पर चिंता जताई। पानी की व्यवस्था न होने और सफाई के अभाव में उन्हें समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। इलाके में गंदगी और जलजमाव की स्थिति बनी हुई है।

रांची, संवाददाता। हिन्दुस्तान की ओर से वार्ड संख्या 28 स्थित मधुकम रुगड़ीगढ़ा में बोले रांची कार्यक्रम आयोजित किया गया। निगम की ओर से बनाए गए फ्लैट में रहने वालों ने बताया कि हमलोग पानी के लिए परेशान हैं। एक कुएं पर निर्भर हैं। उन्होंने बताया कि कई बार जलापूर्ति को लेकर निगम में लिखित आवेदन दिए, लेकिन आज तक पानी की व्यवस्था नहीं की गई। स्थानीय महिलाओं ने बताया कि कई वर्षों से इलाके में सफाई तक नहीं हुई। पिछले छह महीनों से कूड़े का उठाव तक नहीं किया गया है। नगर निगम के अधिकारी यहां देखने तक नहीं आते। मधुकम रुगड़ीगढ़ा में रहने वाले लोगों ने कहा कि नगर निगम की सेवा क्षेत्र में एकदम बदहाल हो चुकी है।
अधिकारी और सुपरवाइजर किसी भी प्रकार का कोई ध्यान तक नहीं देते। इलाके में कई वर्षों से नालियों की साफ-सफाई तक नहीं की गई है। सभी नालियां वर्षों से जाम पड़ी है। मुहल्ले में जहां-तहां कचरों का अंबार लगा पड़ा है। जल निकासी के मार्ग बंद हो जाते हैं स्थानीय लोगों ने कहा कि बारिश के दिनों में कचरे से जल निकासी के मार्ग बंद हो जाते हैं। इससे जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। कई वर्षों से बिल्डिंग में सही तरीके से साफ-सफाई नहीं होती। शौचालय का पानी व गंदगी ओवरफ्लो होकर चारों ओर बहता रहता है। इस वजह से फ्लैट में रहना तक मुश्किल हो चुका है। लोगों ने बताया कि साफ-सफाई कराने को लेकर नगर निगम में कई बार लिखित रूप में आवेदन व शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक सफाई नहीं की गई। बिल्डिंग में गंदगी की स्थिति जस की तस बनी हुई है। बिल्डिंग अब धीरे-धीरे जर्जर होती जा रही है। कई ब्लॉक के छज्जे और छत तक टूटते जा रहे हैं, लेकिन मरम्मत नहीं कराई गई है। जलनिकासी पाइप तक टूट चुकी है लोगों की सुविधाओं के लिए फ्लैट में लगाए गए टंकी, बोरिंग मोटर व जलनिकासी पाइप तक टूट चुकी है। नगर निगम जल्द से जल्द बिल्डिंग की मरम्मत कराए। बोरिंग के लिए लगाए गए मोटर, टंकी और नए पाइप लगवाए जाएं, ताकि लोगों को किसी प्रकार की कोई परेशानी न हो। नगर निगम में शिकायत करने के बावजूद कई वर्षों से नालियों की साफ-सफाई तक नहीं की गई है। इस वजह से गंदी बदबू वाले इलाके में जीवनयापन करना तक मुश्किल होता जा रहा है। साफ-सफाई नहीं होने के कारण नालियां कूड़े-कचरों से भरी हुई है, जिस कारण थोड़ी देर की ही बरसात में पानी ओवरफ्लो होकर सड़कों पर बहने लगता है। इस वजह से इधर-उधर आना-जाना तक मुश्किल सा हो जाता है। स्ट्रीट लाइट मरम्मत के अभाव में बंद मरम्मत की जाए स्थानीय लोगों ने बताया कि मधुकम रुगड़ीगढ़ा इलाके में पोल पर स्ट्रीट लाइट लगी हुई है, लेकिन देखरेख के अभाव में बंद पड़ी है। शाम होते ही इलाके में अंधेरा जाता है। इस वजह से महिलाओं को बाहर आने-जाने में कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। लोगों की सुविधा के लिए बनाई गई नालियां खुली होने की वजह से अक्सर अंधेरा होने के कारण दुर्घटना की संभावना बनी रहती है। शाम होते ही इलाके में असामाजिक तत्वों का भी अड्डा लगाना शुरू हो जाता है। नगर निगम में स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत को लेकर कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन आज तक स्थिति जस की तस बनी हुई है। निगम जल्द से जल्द सभी लाइटों को मरम्मत कराए। सिर्फ मुख्य सड़कों पर झाड़ू लगाकर चले जाते हैं लोगों का आरोप है कि नगर निगम के सफाई कर्मी सिर्फ मुख्य सड़कों पर झाड़ू लगाकर चले जाते हैं, लेकिन गलियों और मोहल्लों की नालियों की सफाई पर ध्यान नहीं दिया जाता। इससे पूरे इलाके में जलजमाव और गंदगी का माहौल बना रहता है। मच्छर और अन्य कीटों की भरमार से डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। इलाके के लोगों की मांग है कि रांची नगर निगम जल्द से जल्द स्थायी समाधान निकाले। नाली की चौड़ाई बढ़ाई जाए। समस्याएं 1. नालियों की साफ-सफाई नहीं होने के कारण जाम पड़ा हुआ है 2. स्ट्रीट लाइट लगी हुई है, लेकिन मरम्मत के अभाव में बंद पड़ी हुई रहती है 3. इलाके में लगी कई बोरिंग खराब हो चुके हैं, जिस वजह से पानी की सुविधा नहीं मिल पा रही है 4. नगर निगम की ओर से पिछले छह महीने से कचरे का उठाव तक नहीं किया गया है 5. फ्लैट में लोगों की सुविधा के लिए लगे टंकी व पाइप टूट चुके हैं सुझाव 1. नगर निगम इलाके की सभी नालियों की नियमित रूप से साफ-सफाई कराए 2. इलाके में लगी हुई सभी स्ट्रीट लाइटों की जल्द से जल्द मरम्मत कराई जाए 3. खराब बोरिंग और टूट मोटर की जल्द से जल्द मरम्मत कराकर जलापूर्ति शुरू की जाए 4. निगम इलाके से नियमित रूप से कचरे का उठाव कराए 5. निगम फ्लैट में लोगों की सुविधा के लिए लगाए गए टंकी व पाइप की अविलंब मरम्मत कराए किसने क्या कहा सरकार की ओर से हमलोगों को फ्लैट का निर्माण कर दे दिया गया है, लेकिन अब स्थिति बेहद ही दयनीय हो चुकी है। फ्लैट में रहने वाले लोगों को न पानी और न साफ-सफाई तक की सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। सफाई नहीं होने की वजह से सभी नालियां जाम हो चुकी हैं। नगर निगम के कर्मचारी कभी भी सफाई करने नहीं आते है। -प्रियंका तिर्की मुहल्ले में सफाई नहीं होने की वजह से चारों ओर गंदगी और कूड़ा-कचरा फैला हुआ रहता है। साफ-सफाई कराने को लेकर कई बार निगम के सुपरवाइजर से भी संपर्क करते हैं, लेकिन आज तक सफाई नहीं हुई। साथ ही कई ब्लॉक की बोरिंग तक खराब हो चुकी है, जिस कारण लोग कई वर्षों से पानी की सुविधाओं से भी वंचित पड़े हुए हैं। -सुनिता उरांव इलाके में साफ-सफाई नहीं होने की वजह से चारों ओर गंदगी और कूड़ा फैले होने के कारण मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। - मंजू पानी की सुविधा के लिए लगाई गई टंकी भी टूट चुकी है, जिस कारण लोगों को असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है। -रूपा देवी इलाके में स्ट्रीट लाइट लगाई गई थी, लेकिन खराब होने के कारण बंद पड़ी हुई है। निगम सभी लाइटों की मरम्मत कराएं। -दीपक कई ब्लॉक में बोरिंग के लिए लगाए गए मोटर खराब होकर बेकार पड़े हैं। इसकी मरम्मत कर पानी की आपूर्ति होनी चाहिए। -लीलावती देवी फ्लैटों में जलनिकासी की सुविधा के लिए लगाए गए पाइप टूटे पड़े हैं। घरों से निकलने वाला गंदा पाइप परिसर में फैला है। -अमित राम नगर निगम की गाड़ियां कभी भी कचरा उठाव के लिए नहीं आती है। इस वजह से परिसर में जगह-जगह कूड़े का ढेर पड़ा है। -रेखा देवी सरकार की ओर से केवल फ्लैट बनाकर छोड़ दिया गया है। देखरेख नहीं होने से कई ब्लॉक के छज्जे टूट-टूटकर गिर रहे हैं। -हेमंत तिर्की इलाके में बोरिंग खराब होने से लोग पानी की सुविधाओं से वंचित हैं। सप्लाई वाटर के लिए पाइपलाइन की सुविधा नहीं है। -पारश पिछले छह माह से इलाके में कचरे का उठाव तक नहीं किया गया है। फ्लैट के बीच खाली जगहों पर कचरों का अंबार लगा है। -निशा खाखा स्ट्रीट लाइट खराब होने से शाम होते ही इलाके में अंधेरा छा जाता है। सभी स्ट्रीट लाइटों की जल्द से जल्द मरम्मत कराएं। -गुड़िया तिग्गा इलाके में पानी की सुविधा नहीं होने की वजह से महिलाओं को कुएं से पानी भर-भर कर काम चलाना पड़ रहा है। -लक्ष्मी देवी नगर निगम की ओर से इलाके में पिछले कई वर्षों से साफ-सफाई तक नहीं की गई है। न ही कूड़े का उठाव किया गया है। -कुसुम मुंडा
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन