हरिहरगंज में बिजली की आंख मिचौली के खिलाफ उपभोक्ताओं ने दिया धरना
पलामू जिले के हरिहरगंज में बिजली उपभोक्ता एक दिवसीय धरना पर बैठे। सांसद प्रतिनिधि राजीव रंजन के नेतृत्व में धरने का आयोजन किया गया। उपभोक्ताओं ने बिजली कंपनी के अधिकारियों को पांच सूत्री मांग पत्र सौंपा। अधिकारियों ने समस्याओं का समाधान करने का आश्वासन दिया। गर्मी के कारण बिजली की आंख-मिचौली और लोड शेडिंग से उपभोक्ता परेशान हैं।

हरिहरगंज, प्रतिनिधि। पलामू जिले के हरिहरगंज शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की आंख-मिचौली से परेशान बिजली उपभोक्ताओं ने शनिवार को एक दिवसीय धरना देकर विरोध जताया। सांसद प्रतिनिधि राजीव रंजन के नेतृत्व में हरिहरगंज बिजली सब-स्टेशन परिसर में धरना दिया गया। बिजली आपूर्ति कंपनी के छतरपुर कार्यपालक अभियंता राजेश कुमार और सहायक कार्यपालक अभियंता गुणवंत कुमार धरना स्थल पर पहुंचे जहां धरना पर बैठे उपभोक्ताओं ने पांच सूत्री मांग पत्र सौंपा। बिजली आपूर्ति कंपनी के पदाधिकारियों ने सभी मांगों पर अविलंब कार्रवाई करने का आश्वासन मिलने के बाद धरना का समापन किया गया। राजीव रंजन ने कहा कि गर्मी के मौसम में बिजली की आंख मिचौली से उपभोक्ता परेशान है, लोड शेडिंग के कारण शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र में बारी बारी से बिजली आपूर्ति की जा रही है, मेन बाजार सहित शहर के तीन मोहल्ला के ट्रांसफार्मर जल गये है जिसको अविलंब बदलने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि बिजली विभाग अगर सभी मांगों को गंभीरता से नही लेती है तो आगे भी आंदोलन जारी रहेगा। बिजली विभाग के सहायक कार्यपालक अभियंता गुणवंत कुमार ने बताया कि सुबह छः बजे से दिन के बारह बजे तक बिजली मेंटनेंस का काम चल रहा है, जिसके कारण बिजली आपूर्ति में समस्या उत्पन्न हो रही है। गर्मी के मौसम में लोड बढ़ गया है, गैस की समस्या उत्पन्न होने के कारण इंडेक्शन पर खाना बनाया जा रहा है। अर्बन क्षेत्र में तीन मेगावाट की जगह पांच मेगावाट बिजली की खपत हो रही है जिसके कारण लोड शेडिंग की समस्या उत्पन्न हो गई है, उन्होंने कहा कि जल्द बिजली आपूर्ति सही ढंग से मिलना शुरू हो जायेगा। वार्ड पार्षद कृष्ण कुमार क्रांतिकारी, संजय जायसवाल, विश्वदीप गुप्ता, मृत्युंजय सिंह, शंभू यादव सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन