Severe Heatwave Hits Maheshpur Amid Irregular Power Supply विद्युत आपूर्ति की आंख-मिचौनी से उपभोक्ता व ग्रामीण परेशान, Pakur Hindi News - Hindustan
More

विद्युत आपूर्ति की आंख-मिचौनी से उपभोक्ता व ग्रामीण परेशान

महेशपुर प्रखंड में गर्मी का मौसम और अनियमित विद्युत आपूर्ति की समस्या ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। 24 घंटे में 24 बार बिजली कटने से व्यवसाय और बच्चों की पढ़ाई पर असर पड़ा है। तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिससे सड़कों पर सन्नाटा पसरा है। विद्युत विभाग ने ब्रेकडाउन के कारणों की जानकारी दी है।

Thu, 16 April 2026 03:29 PMNewswrap हिन्दुस्तान, पाकुड़
share
विद्युत आपूर्ति की आंख-मिचौनी से उपभोक्ता व ग्रामीण परेशान

गर्मी का मौसम और अनियमित विद्युत आपूर्ति का लगता है चोली-दामन का साथ है। सुनने में यह जरा अटपटा लगता है। पर इन दिनों महेशपुर प्रखंड में जहां सूर्य की तेज किरणें, उमस तथा चल रही गर्म हवा के थपेड़ों ने प्रखंड वासियों का जीना दूभर कर रखा है। वहीं दूसरी ओर इस भीषण गर्मी में बिजली की अनियमित आपूर्ति, अगर कहें तो 24 घंटों में 24 बार विद्युत आपूर्ति का अघोषित काटे जाने से आमलोगों की अवस्था जले पर नमक छिड़कने जैसी होकर रह गई है। व्यवसाय के साथ-साथ बच्चों की पढ़ाई-लिखाई तथा उनके स्वास्थ्य पर काफी असर पड़ रहा है।

गुरुवार को समाचार भेजे जाने तक अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रहा। महेशपुर प्रखंड मुख्यालय सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की आंख मिचौली से विद्युत उपभोक्ता खासे परेशान हैं। विद्युत आपूर्ति होने के बाद लो-वोल्टेज की समस्या कोढ़ पर खाज की तरह लोगों को चुभती है। उमस भरी गर्मी तथा चल रही गर्म हवा के थपेड़ों से लोगों का हाल बेहाल हो गया है। प्रचंड गर्मी की वजह से सुबह 10:00 बजे से शाम करीब 4:00 बजे तक सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहता है। लगता है कर्फ्यू जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। सड़कों पर लोगों का आना-जाना नगण्य के बराबर होता है।इधर विद्युत विभाग द्वारा व्हाट्स एप ग्रूप में आए दिन मेंटनेंस के नाम पर बिजली काटने का संदेश भी आता दिखता है। विद्युत उपभोक्ताओं के मन में यह सवाल उठता है कि घंटे-घंटे में बिजली का चले जाना फिर थोड़ी देर के लिए आ जाना, आखिर ऐसा क्यों हो रहा है।क्या कहते हैं विद्युत विभाग के सहायक अभियंता...इस संबंध में जानकारी लेने पर विद्युत विभाग के सहायक अभियंता प्रभातेश्वर तिवारी ने बताया कि ग्रिड में काम चलने के कारण पिछले दो दिनों ब्रेकडाउन हुआ था। विगत कल कैराछत्तर पॉवर सब स्टेशन में ब्रेकडाउन होने के कारण विद्युत आपूर्ति की समस्या उत्पन्न हुई थी। साथ ही जंफर कट जाने, ओवरलोड के कारण ब्रेकडाउन हुआ था। अभी ठीक करवाया गया है। जियापानी में बन रहे ग्रिड के चालू हो जाने से विद्युत आपूर्ति की समस्या का स्थाई रूप से समाधान हो जाएगा।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।