बड़ी गड़बड़ी! 47 छात्रों की परीक्षा 5 घंटे लेट, सबके जाने के बाद मिला NEET पेपर, आखिर क्यों?
ये मामला पलामू के मेदिनीनगर सिटी में योध सिंह नामधारी महिला कॉलेज सेंटर का है। यहां रविवार को नीट यूजी-2026 की परीक्षा हो रही थी। मगर सेंटर पर तय समय से पहुंचे 47 बच्चों की परीक्षा करीब पांच घंटे की देरी से 6.55 बजे शुरू हुई। जबकि परीक्षा का तय समय दोपहर दो बजे से था। जानिए ऐसा क्यों हुआ?

झारखंड के पलामू जिले के नीट परीक्षा सेंटर से बड़ी लापरवाही भरा मामला सामने आया है। ये मामला पलामू के मेदिनीनगर सिटी में योध सिंह नामधारी महिला कॉलेज सेंटर का है। यहां रविवार को नीट यूजी-2026 की परीक्षा हो रही थी। मगर सेंटर पर तय समय से पहुंचे 47 बच्चों की परीक्षा करीब पांच घंटे की देरी से 6.55 बजे शुरू हुई। जबकि परीक्षा का तय समय दोपहर दो बजे से था। जानिए ऐसा क्या हुआ कि इन बच्चों को बाकी छात्रों के परीक्षा देने के बाद प्रश्नपत्र मिला और उन्होंने फिर परीक्षा दी।
दरअसल, यहां परीक्षा देने आए 360 छात्रों में से 47 ने भाषा विकल्प का चयन हिन्दी माध्यम किया था। तय समय पर जब छात्र सीट पर बैठे, तब इन्हें अंग्रेजी माध्यम का प्रश्नपत्र थमा दिया गया। इस वजह से परीक्षार्थियों ने हंगाम खड़ा कर दिया। हालांकि केंद्राधीक्षक ने वरीय अधिकारियों से बातचीत कर इन्हें शांत रहने को कहा। शाम पांच बजे परीक्षा समाप्त होने के बाद अन्य परीक्षार्थी केंद्र से बाहर आए पर, हिन्दी माध्यम के 47 बच्चों को कैंपस में ही रोक कर रखा गया। इसपर बाहर मौजूद अभिभावक चिंतित हो गए।
इसी बीच सदर एसडीएम सुलोचना मीणा ने बताया कि शाम में हिन्दी माध्यम के प्रश्नपत्र मंगाने के बाद 6.55 बजे से 47 छात्रों की परीक्षा ली जा रही है। इसके बाद चिंता दूर हुई।इससे पहले केंद्र के अंदर छात्रों के हंगामे की सूचना पर शाम में डीसी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत समेत कई अफसर पहुंचे। बाद में उन्होंने कहा कि 47 छात्रों की परीक्षा ली जा रही है। परीक्षा 9:55 बजे तक परीक्षा चलेगी। उनके घर जाने के लिए गाड़ी की व्यवस्था की गई है।




साइन इन